Home Blog Page 167

योगी सरकार के दसवें दीपोत्सव की तैयारी तेज, 30 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी

  • सरयू तट के 56 घाटों पर शुरू हुई मार्किंग, शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होगा भूमि पूजन

नित्य संदेश ब्यूरो

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के लिए तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए सरयू तट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इस बार 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए घाटों की साफ-सफाई के बाद मार्किंग का काम शुरू हो चुका है। दीपों की सजावट से लेकर स्वयंसेवकों की तैनाती तक की तैयारियां योजनाबद्ध तरीके से की जा रही हैं। दीपोत्सव की शुरुआत के लिए शुक्रवार को भूमि पूजन होगा।

30 लाख दीपों के लक्ष्य के लिए मंगाए जा रहे 33 लाख दीप

डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपों को लाने और बिछाने के दौरान कुछ दीप टूट जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने के लक्ष्य के मुकाबले 33 लाख दीप मंगाए जा रहे हैं। घाटों की साफ-सफाई के बाद योजनाबद्ध तरीके से मार्किंग शुरू कर दी गई है। घाटों पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री नगर निगम के रानी हो पार्क के पास रखवाई जा रही है, ताकि तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके।

शुक्रवार सुबह घाट संख्या 10 पर होगा भूमि पूजन

दीपोत्सव के सकुशल और निर्विघ्न आयोजन की कामना के साथ अवध विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे सरयू तट स्थित घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया जाएगा। अनुष्ठान कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के कर-कमलों से संपन्न होगा। इसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और समन्वयक शामिल होंगे।

56 घाटों पर माइक्रो-प्लानिंग से सजेंगे दीप

इस वर्ष विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित कुल 56 घाटों पर दीप सजाए जाएंगे। इससे पहले दीपोत्सव का आयोजन 55 घाटों पर होता था। प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि सभी घाटों पर दीयों की व्यवस्थित श्रृंखला बिछाने के लिए माइक्रो-प्लानिंग के तहत काम किया जा रहा है, ताकि तय समयसीमा में तैयारियां पूरी की जा सकें।

मार्किंग कमेटी के संयोजक एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि दीपों को सटीक और आकर्षक स्वरूप में सजाने के लिए चार वर्ग फीट के ब्लॉक चिह्नित किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में निर्धारित संख्या के अनुसार दीपों की सजावट का खाका तैयार किया जा रहा है। उनकी टीम अगले तीन से चार दिनों में मार्किंग का काम पूरा कर लेगी।

35 हजार वालंटियर संभालेंगे दीप सज्जा की जिम्मेदारी

दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए 35 हजार वालंटियर लगाए जाएंगे। इनमें 30 डिग्री कॉलेजों, 40 इंटर कॉलेजों और अवध विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थी शामिल होंगे। साकेत महाविद्यालय, राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज, साहबदीन सीताराम इंटर कॉलेज, मनोहर लाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिव सावित्री महाविद्यालय, कैनोसा इंटर कॉलेज, ग्रामर इंटरनेशनल स्कूल, एमआर जयपुरिया स्कूल, बीएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज और भगवान आशा बख्श सिंह महाविद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी इसमें भागीदारी करेंगे।

वालंटियर घाटों पर दीप बिछाने से लेकर उन्हें प्रज्ज्वलित करने तक की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। घाटवार जिम्मेदारियां तय की जाएंगी, जिससे दीप सज्जा का काम व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके।

क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र से होगी वालंटियर की पहचान

लाखों दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी के बीच स्वयंसेवकों का ऑनलाइन पंजीकरण अंतिम चरण में है। पंजीकरण पूरा होने के बाद वालंटियर को घाटवार जिम्मेदारियां और पहचान पत्र सौंपे जाएंगे। क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्रों पर नाम, फोटो, मोबाइल नंबर, तैनाती स्थल और क्रमांक अंकित रहेगा। इन पर जिला प्रशासन के प्राधिकृत अधिकारी, दीपोत्सव नोडल अधिकारी और संबंधित संस्था के अधिकृत प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी होंगे। इससे स्वयंसेवकों की पहचान का सत्यापन आसान होगा और डुप्लीकेसी रोकने में मदद मिलेगी।

अवध विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन दीपों की उपलब्धता, घाटों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती और सुरक्षा सहित सभी पहलुओं पर मिलकर काम कर रहे हैं। दसवें दीपोत्सव में 30 लाख दीपों से सरयू तट को रोशन करने के लक्ष्य के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

50 हजार का इनामी बदमाश खालिद गिरफ्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना परतापुर पुलिस और स्वाट टीम नगर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना लोहियानगर के 50 हजार रुपये के पुरस्कार घोषित वांछित अभियुक्त खालिद को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना लोहियानगर पर दर्ज मु0अ0सं0 598/2026 धारा 310(2)/61(2)/317(3) बीएनएस और मु0अ0सं0 580/2026 धारा 310(2)/61(2) बीएनएस में वांछित खालिद पुत्र मेहरबान मलिक निवासी आरिफ कबाड़ी वाला के पास, वेस्ट विनोद नगर, शकरपुर बरमाद, ईस्ट दिल्ली, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से मेरठ आ रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष परतापुर अजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काशी टोल के पास घेराबंदी कर खालिद को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस टीम में उ0नि0 मनीष शर्मा प्रभारी स्वाट टीम नगर, उ0नि0 धर्मेन्द्र सिंह थाना लोहियानगर, उ0नि0 अजय प्रकाश, उ0नि0 आलोक कुमार सरोज, उ0नि0 गिरीश यादव, उ0नि0 फहद जफर, का0 लोकेश कुमार, हे0का0 ब्रह्मजीत सिंह, का0 हरकेश गुर्जर और रि0का0 नवीन शामिल रहे।

25 अक्टूबर को शाम 7 बजे हर घर धुरंधर! कलर्स सिनेप्लेक्स बॉलीवुड और कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स पर होगा प्रीमियर

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। भव्यता, रोमांच और शानदार एक्शन से भरपूर! इस अक्टूबर, फिल्म ‘धुरंधर’ भारत के हर कोने तक पहुँचने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। पहली बार यह फिल्म फ्रीडिश दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। रणवीर सिंह की रोमांच से भरपूर स्पाई सागा ‘धुरंधर’ का प्रीमियर 25 अक्टूबर, 2026 को शाम 7 बजे एक साथ स्टार उत्सव मूवीज़, कलर्स सिनेप्लेक्स बॉलीवुड और कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स पर होगा।

देश के लिए पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाले उन गुमनाम नायकों को समर्पित एक्शन से भरपूर फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह एक दमदार और यादगार अंदाज़ में नजर आएँगे। फिल्म में उनके साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे शानदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को शानदार एक्शन, तालियाँ बजाने पर मजबूर कर देने वाले संवादों और कलाकारों के बेहतरीन अभिनय के लिए हर तरफ से सराहना मिली है। शाश्वत सचदेव के संगीत को भी दर्शकों का खूब प्यार मिला है और इसके गाने काफी लोकप्रिय हुए हैं।

‘धुरंधर’ का जादू भारत के हर घर तक पहुँचाने वाला यह फ्रीडिश प्रीमियर 10 करोड़ से अधिक घरों तक पहुँचने की उम्मीद है। इससे यह ब्लॉकबस्टर फिल्म बड़े शहरों से लेकर गाँवों और छोटे कस्बों तक के दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। फ्रीडिश पर फिल्म के भव्य प्रीमियर को लेकर जियो हॉटस्टार के प्रवक्ता ने कहा, “धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि अब यह पॉप कल्चर का हिस्सा बन चुकी है। ‘हर घर धुरंधर’ के जरिए हम इस दमदार ब्लॉकबस्टर को भारत के हर घर तक पहुँचाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

25 अक्टूबर को शाम 7 बजे से स्टार उत्सव मूवीज़, कलर्स सिनेप्लेक्स बॉलीवुड और कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स पर दर्शक इस फिल्म का आनंद ले सकेंगे और सम्पूर्ण भारत में धुरंधर का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलेगा।”‘हर घर धुरंधर’ भारत भर के परिवारों के लिए मनोरंजन का एक यादगार पल बनने जा रहा है। इसके जरिए परिवार पहली बार फ्रीडिश पर रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ का आनंद ले सकेंगे।

जियो स्टूडियोज़ और बी62 स्टूडियोज़ की फिल्म ‘धुरंधर’, का प्रीमियर 25 अक्टूबर को शाम 7 बजे से स्टार उत्सव मूवीज़, कलर्स सिनेप्लेक्स बॉलीवुड और कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स पर होगा। जिसमें रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल सारा अर्जुन और राकेश बेदी मुख्य भूमिकाओं में हैं,

खादी का नया अवतार, रैंप पर फैशन और रोजगार

  • मोमबत्ती निर्माण की कार्यशाला में सिखाए हुनर के गुर

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। खादी अब सिर्फ सादगी और परंपरा की पहचान नहीं, बल्कि फैशन की दुनिया में अपनी नई जगह बनाने के साथ रोजगार के अवसरों का माध्यम भी बन रही है।

मेरठ में चल रहे मंडलीय खादी ग्रामोद्योग महोत्सव में गुरुवार को इसका अनूठा संगम देखने को मिला। दोपहर में जहां मोमबत्ती निर्माण की कार्यशाला के जरिये लोगों को हुनर सीखने का अवसर मिला, वहीं शाम को रैंप पर खादी के परिधानों ने फैशन का नया अंदाज पेश किया। दिल्ली और आगरा से आई मॉडलों के साथ स्थानीय प्रतिभागियों ने भी फैशन शो में हिस्सा लिया। परंपरा, रचनात्मकता और स्वरोजगार की संभावनाओं से सजे आयोजन में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की भी अच्छी बिक्री हुई।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित वर्ष 2026-27 की मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में गुरुवार दोपहर दो बजे मोमबत्ती निर्माण की कार्यशाला हुई। कृषि विश्वविद्यालय, सरदार वल्लभभाई पटेल, मोदीपुरम की प्रोफेसर डॉ. रश्मि ने कार्यशाला का संचालन किया। इसमें मेरठ के आम लोगों ने प्रतिभाग किया और मोमबत्ती निर्माण से संबंधित जानकारी हासिल की। इस तरह की कार्यशालाएं लोगों को नए कौशल से जोड़ने के साथ स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने का माध्यम बनती हैं। छोटे स्तर पर उत्पाद तैयार करने का हुनर स्थानीय उद्यमों को आगे बढ़ाने में भी उपयोगी हो सकता है।

शाम छह बजे आयोजित खादी फैशन शो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। एकता जैन और शिवानी गौड़ के आयोजन में मॉडलों और प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के जरिये अपनी प्रस्तुतियां दीं। दिल्ली और आगरा से आई मॉडलों के साथ स्थानीय प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। खादी के परिधानों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत कर उन्होंने दिखाया कि यह कपड़ा पारंपरिक पहनावे तक सीमित नहीं है, बल्कि बदलते फैशन के साथ भी कदमताल कर सकता है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों और मॉडलों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मॉडलों की रैंप वॉक और कलात्मक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। फैशन शो ने महोत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देने के साथ खादी को नए अंदाज में प्रस्तुत किया।

कारीगरों को बाजार, उत्पादों को पहचान

महोत्सव में स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों की बिक्री भी जारी रही। प्रदर्शनी उनके लिए अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने और बाजार में पहचान बनाने का अवसर उपलब्ध करा रही है। खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से पारंपरिक कौशल को आगे बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं विकसित करने में मदद मिल सकती है।

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने कहा, “खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों को बाजार से जोड़ना जरूरी है। जब कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिलता है, तो उनकी मेहनत को पहचान मिलने के साथ बिक्री की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। महोत्सव में कार्यशालाओं और फैशन शो जैसी गतिविधियों के माध्यम से खादी को नए वर्गों तक पहुंचाने और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।”

जय श्री राम के जयकारों से गूंजा मेरठ, भरत-राम मिलन ने किया भावुक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में रामलीला कमेटी द्वारा भरत मिलाप का मंचन धूमधाम से किया गया। हनुमान जी का डोला सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट से सुभाष बाजार, तहसील, गुदड़ी बाजार, बजाजा, सर्राफा होते हुए अनाज मंडी पहुंचा।

भरत जी का जुलूस अनाज मंडी से कबाड़ी बाजार होते हुए शारदा रोड पहुंचा, वहीं राम, सीता व लक्ष्मण का जुलूस शिव मंदिर पंजया से शारदा रोड पहुंचा, जहां भरत मिलाप संपन्न हुआ। आयोजन समिति के मुख्य संयोजक राकेश गौड़, अध्यक्ष विनीत गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत गर्ग, महामंत्री अतुल दीक्षित, कोषाध्यक्ष अमन सिंघल, संयोजक प्रवीण कुमार और मार्गदर्शक टी.सी. शर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में कमल दत्त शर्मा, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार और मुकेश सिंघल रहे। पूरे मार्ग में फूलों की वर्षा, आतिशबाजी और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा। कार्यक्रम में मनोज गुप्ता, मनोज अग्रवाल, योगेंद्र अग्रवाल बबलू, आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल, अनिल वर्मा सहित हजारों भक्त मौजूद रहे।