Home Blog Page 174

इन्द्रेशजी के लिए स्टार चौराहा पर एक लाख वर्गफीट मैदान में विशाल पांडाल तैयार, राधाकृष्ण की छवि वाली व्यास पीठ भी रहेगी आकर्षण का केंद्र

• प्रतिदिन 15 से 20 हजार श्रद्धालु उठाएंगे पुण्य लाभ, निशुल्क वाहन पार्किंग सहित भक्तों के लिए अनेक सुविधाएँ

नित्य संदेश, इंदौर। देश के प्रख्यात युवा कथा वाचक इन्द्रेश उपाध्याय (श्रीधाम वृन्दावन) के श्रीमुख से होने वाले श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ की अमृत वर्षा के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए एमआर-10, स्टार चौराहा पर करीब एक लाख वर्गफीट मैदान पर विशाल पांडाल बनकर तैयार हो चुका है। यहाँ राधाकृष्ण की मनोहारी छवि वाली पृष्ठभूमि में व्यास पीठ भी आकर्षण का केंद्र रहेगी जिस पर विराजित होकर इन्द्रेशजी शुक्रवार 23 अक्टूबर से गुरुवार 29 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक भागवत ज्ञानामृत की वर्षा करेंगे। कथा स्थल पर मनोरथी गोयल परिवार-गोयल ग्रीन के मार्गदर्शन में भक्तों की सुविधा के लिए अनेक प्रबंध किए गए हैं। कथा स्थल पर वाटरप्रूफ पांडाल सहित सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।


आयोजन के मनोरथी ने बताया कि एक लाख वर्गफीट पांडाल में करीब 20 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन इस अनुष्ठान का पुण्य लाभ उठा सकेंगे। कथा स्थल पर बुजुर्गों एवं वरिष्ठजनों के लिए कुर्सियों की तथा युवा श्रोताओं के लिए भारतीय पद्धति से बैठक व्यवस्था की गई है। समूचे कथा पांडाल में 12 मेगा स्क्रीन भी लगाई जा रही है ताकि सबसे पीछे बैठने वाले श्रद्धालु भी इन्द्रेशजी की अमृत वाणी का आनंद ले सकें। कथा स्थल पर वाहन पार्किंग के लिए भी समुचित प्रबंध किए गए हैं। मैदान को समतल बनाकर वहां दो हजार दो पहिया वाहन और आठ सौ चार पहिया वाहन कार आदि की पार्किंग की निशुल्क व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पूरे समय पेयजल, महिला पुरुषों के लिए वाशरूम, सुरक्षा, रोशनी, साफ-सफाई, प्राथमिक चिकित्सा सहित समुचित प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे मैदान और आसपास 40 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के अपार उत्साह को देखते हुए पांडाल का निर्माण इस ढंग से किया गया है कि जरूरत पड़ने पर उसका विस्तार भी किया जा सके। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में इंदौर के अलावा मालवांचल के अनेक शहरों और कस्बों के श्रद्धालु भी आएंगे।


देश के प्रख्यात युवा कथा वाचक इन्द्रेश उपाध्याय (श्रीधाम वृन्दावन) चूँकि शहर में पहली बार किसी सार्वजनिक रूप से भागवत ज्ञानामृत की वर्षा करने आ रहे हैं, लिहाजा उनके आगमन को लेकर समूचे मालवांचल में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन्द्रेशजी अपनी टीम सहित 23 अक्टूबर की सुबह इंदौर पहुँच जाएँगे।
तीन दिन विशेष उत्सव भी – 23 से 29 तक भागवत ज्ञानामृत के दौरान सोमवार 26 अक्टूबर को शरद रासोत्सव, 27 को शरद दीपोत्सव और 28 को शरद छप्पन भोग के दिव्य उत्सव भी नियमित कथा के पश्चात आयोजित किए जाएँगे। शहर में किसी भागवत ज्ञान यज्ञ के दौरान तीन दिन लगातार उत्सव का यह पहला आयोजन होगा जिसकी मनोरथी परिवार द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

खादी महोत्सव में दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन, रैंप पर उतरेंगे मॉडल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मंडलीय खादी ग्रामोद्योग महोत्सव में बुधवार शाम दिव्यांग बच्चों की नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। वाणी अनुसंधान केंद्र/स्कूल के बच्चों ने अपनी कला और प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में लोगों की आवाजाही बनी रही और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की बिक्री भी हुई। वहीं, गुरुवार को महोत्सव में खादी फैशन शो का आयोजन होगा, जिसमें मॉडल रैंप पर खादी के परिधानों को प्रदर्शित करेंगे।

अदिति, लक्ष्मी प्रिया और शगुन ने बटोरीं तालियां

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देप्रिया ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की अल्का गुप्ता रहीं। वह लेडीज क्लब और रोटरी क्लब मोर्नाक, मेरठ की अध्यक्ष भी हैं। विशिष्ट अतिथि मेरठ महानगर उपाध्यक्ष एवं आइटी सोशल मीडिया प्रभारी सीमा श्रीवास्तव की मौजूदगी में बच्चों ने नृत्य और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियां दीं। अल्का गुप्ता और सीमा श्रीवास्तव ने अदिति, लक्ष्मी प्रिया और शगुन का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में लोक गायिका नीता गुप्ता और आइटी सेल के सदस्य भी मौजूद रहे।

रैंप पर दिखेगी खादी की चमक

महोत्सव में गुरुवार को खादी फैशन शो आयोजित किया जाएगा। इसमें मॉडल खादी के परिधानों के साथ रैंप पर उतरेंगे। फैशन शो के माध्यम से खादी को नए अंदाज में प्रस्तुत करने और इसे आधुनिक फैशन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इन्होंने बताया

क्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। महोत्सव में कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन उद्देश्यों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।

आजाद हिंद सरकार के 84वें स्थापना दिवस पर गोष्ठी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जन्मदिवस समारोह समिति की ओर से बुधवार को प्यारे लाल शर्मा स्मारक भवन में आजाद हिंद सरकार के 84वें स्थापना दिवस पर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी व समिति अध्यक्ष अजय गुप्ता ने की।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट आर. माधवन पिल्लई (से.नि.) व मुख्य वक्ता इतिहासकार प्रोफेसर कपिल कुमार ने सभा को संबोधित किया। महामंत्री अरुण जिंदल व बी.एन. पाराशर ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अरुण जिंदल ने किया।प्रो. कपिल कुमार ने कहा कि नेताजी को फासीवादी व तानाशाह बताना गलत है। उन्होंने नेताजी के संघर्ष और उनके विरुद्ध हुए षड्यंत्रों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वायसराय की रिपोर्ट के आधार पर अंग्रेजों ने 1945 में ही भारत छोड़ने की योजना बना ली थी।

लेफ्टिनेंट पिल्लई ने नेताजी के साथ बिताए पल साझा किए और ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ गीत गाकर जोश भर दिया। अजय गुप्ता ने नेताजी के योगदान पर फिल्म बनाने की मांग की। अंत में अरुण जिंदल ने धन्यवाद दिया।कार्यक्रम में अरुण वशिष्ठ, डा. सरिता त्यागी, पी.एन. पालीवाल, अलका चौहान, गिरीश शुक्ला, अजय तोमर, अवधेश त्यागी, रजनीश त्यागी, बी.एस. पाराशर, डा. विष्णु गोयल, रामकिशन सहित कई लोग उपस्थित रहे।

कैली गांव में निशुल्क चिकित्सा शिविर में उमडी भीड़

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉक्टर हिमानी अग्रवाल, द्वारा हापुड रोड स्थित कैली गाँव मे अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कैली -2 निशुल्क चिकित्सा कैंप का आयोजन किया गया। चिकित्सा कैंप का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ शिवानी अग्रवाल (असिस्टेंट मैनेजिंग डायरेक्टर एनसीआर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस मेरठ) के कर कमलो के द्वारा द्वारा किया गयाद्ध

इस अवसर पर डॉ डॉक्टर हिमानी अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष नवरात्रों में संकल्प लिया था कि समाज में जरूरतमंद लोगों के लिए चिकित्सा कैंप लगाया जाना जरूरी है, आज सेवा और चिकित्सा सर्वोपरि अभियान के अंतर्गत निशुल्क कैंप की शुरुआत की गई है, कैंप के दौरान बीपी, शुगर, खून की जांच, दांतों की जांच, सहित विभिन्न जांच की गई, इस अवसर पर 200 से अधिक महिला पुरुषों व बच्चों ने लाभ उठाया।

चिकित्सा कैंप के दौरान मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली, इस अवसर पर डॉ राजकुमार बजाज, डॉ साक्षी सरावत, डॉ अमायरा, डॉक्टर ओकेश अंसारी, डॉ ऋषि, डॉक्टर महिमा, डॉक्टर प्रसंक नर्सिंग स्टाफ शिवानी, दीपिका, पूजा, फार्मासिस्ट सौरभ, रितु प्रेम त्यागी, सुरेंद्र त्यागी,मंजीत सैनी, प्रमोद त्यागी, ग्राम प्रधानपति विजेंद्र, बृजेश त्यागी और राजकिशोर त्यागी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे

मशहूर शायर डॉ. नवाज देवबंदी की पत्नी हाजरा का निधन, 62 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

नित्य संदेश ब्यूरो

देवबंद। मशहूर शायर डॉ. नवाज देवबंदी की पत्नी हाजरा का बुधवार को बीमारी के चलते निधन हो गया। वह 62 वर्ष की थीं और मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक छा गया। हाजरा देवबंद के मोहल्ला किला की निवासी थीं और लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थीं।

कुछ माह पहले मेरठ के जसवंत राय अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हाल ही में उनकी पित्त की थैली का ऑपरेशन भी हुआ था। बताया गया है कि संक्रमण के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। हाजरा की नमाज-ए-जनाजा बुधवार शाम साढ़े चार बजे देवबंद स्थित दारुल उलूम के आहता-ए-मोलसरी में अदा की जाएगी। इसके बाद उन्हें शाहविलायत कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन से परिजनों और डॉ. नवाज देवबंदी से जुड़े लोगों में गम का माहौल है।