Home Blog Page 173

मेरठ में ₹200 करोड़ के निवेश से स्थापित होगी क्रिटिकल मिनरल और रेयर अर्थ रिफाइनरी

मेरठ की डीप टेक स्टार्टअप सर्कुलॉजी ने योगी सरकार और इन्वेस्ट यूपी के साथ किया एमओयू

लियाक़त मंसूरी

नित्य संदेश, लखनऊ। योगी सरकार में ठोस कानून व्यवस्था और उद्योग समर्थित नीतियों का असर प्रदेश के हर जिले में दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में मेरठ की डीप टेक स्टार्टअप सर्कुलॉजी क्लींटेक प्राइवेट लिमिटेड ने प्रदेश में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है। कंपनी ने इन्वेस्ट यूपी के साथ मेरठ में लिथियम-आयन बैटरी और रेयर अर्थ रिफाइनरी स्थापित करने के लिए एमओयू साइन किया है। इस परियोजना से करीब 300 लोगों को प्रत्यक्ष और 1,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

पुरानी बैटरियों से निकाले जाएंगे उपयोगी खनिज

यूपी स्टार्टअप मिशन के सीईओ सुमित महाजन ने बताया कि योगी सरकार स्थानीय उद्यमियों, स्टार्टअप और तकनीक आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर जोर दे रही है। इसी दिशा में यूपी स्टार्टअप मिशन के माध्यम से प्रदेश में नए विचारों को व्यावसायिक परियोजनाओं में बदलने और स्टार्टअप को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मेरठ में प्रस्तावित परियोजना भी प्रदेश के स्थानीय स्टार्टअप को बड़े औद्योगिक निवेश से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नई तकनीक पर आधारित उद्योगों के विकास को बढ़ावा मिलने की संभावना है। सर्कुलॉजी की रिफाइनरी चरणबद्ध तरीके से विकसित की जाएगी। पूरी क्षमता पर पहुंचने के बाद इसमें हर साल 10,000 टन सामग्री के प्रसंस्करण की योजना है।रिफाइनरी में इस्तेमाल हो चुकी लिथियम-आयन बैटरियों से लिथियम, कोबाल्ट और निकेल जैसे महत्वपूर्ण खनिजों को पुनः प्राप्त किया जाएगा।

इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, हार्ड ड्राइव और इलेक्ट्रिक वाहनों की मोटरों में इस्तेमाल होने वाले पुराने स्थायी चुंबकों से नियोडिमियम, डिस्प्रोसियम और टर्बियम जैसे रेयर अर्थ तत्वों को भी निकाला जाएगा। इन खनिजों का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्र में होता है। इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी से लेकर आधुनिक तकनीकी उपकरणों और ऊर्जा उत्पादन से जुड़े संयंत्रों तक, इनकी अहम भूमिका है। ऐसे में पुरानी बैटरियों और उपकरणों से इन खनिजों को दोबारा प्राप्त करना संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के साथ-साथ घरेलू आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में भी मददगार हो सकता है।

आयात पर निर्भरता कम करने में मिलेगी मदद

सीईओ ने बताया कि लिथियम, कोबाल्ट और निकेल की घरेलू जरूरतों का लगभग पूरा हिस्सा आयात से पूरा होता है। इसी तरह, रेयर अर्थ चुंबकों की आपूर्ति में भी आयात पर निर्भरता एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में देश के भीतर रीसाइक्लिंग और रिफाइनिंग की क्षमता विकसित करना जरूरी हो गया है। भारत सरकार ने भी महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल्स मिशन के तहत महत्वपूर्ण खनिजों की पूरी आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत ई-कचरे और इस्तेमाल हो चुकी बैटरियों से महत्वपूर्ण खनिजों की रीसाइक्लिंग को प्रोत्साहित करने के लिए 1,500 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना भी शामिल है।

इसके अलावा, नवंबर 2025 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत में रेयर अर्थ स्थायी चुंबकों के विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए 7,280 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना का लक्ष्य सालाना 6,000 टन उत्पादन क्षमता विकसित करना है। सर्कुलॉजी की प्रस्तावित रिफाइनरी से प्राप्त रिसाइकिल्ड खनिज और रेयर अर्थ ऑक्साइड इस तरह की घरेलू औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

यूपी स्टार्टअप मिशन से मिला सहयोग

मेरठ स्थित सर्कुलाॅजी डीपीआईआईटी से मान्यता प्राप्त डीप टेक स्टार्टअप है, जो सर्कुलर इकोनॉमी यानी संसाधनों की रिसाइक्लिंग और दोबारा इस्तेमाल पर काम करती है। कंपनी को उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम के तहत यूपी स्टार्टअप मिशन से सहयोग मिला है। एमओयू के तहत योगी सरकार आवश्यक स्वीकृतियां और मंजूरियां प्राप्त करने में सुविधा प्रदान करेगी।

साथ ही, परियोजना को लागू नियमों के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा। करीब 200 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना प्रदेश में उभरते तकनीकी उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने की संभावना रखती है। इससे मेरठ की पहचान पारंपरिक औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ क्रिटिकल मिनरल रीसाइक्लिंग और रिफाइनिंग जैसे नए क्षेत्रों में भी विकसित हो सकती है।

पूर्व प्रधान तैयब चौहान की मेरठ के निजी अस्पताल में मौत, लापरवाही के आरोप पर सैकड़ों ग्रामीणों का हंगामा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा गांव के पूर्व प्रधान तैयब चौहान का बुधवार को साकेत स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उन्हें छह दिन पहले 15 अक्तूबर को ब्रेन हेमरेज होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निधन की खबर फैलते ही हर्रा और आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।

परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि बुधवार को अस्पताल प्रशासन ने पैसे जमा कराने को कहा। परिजनों ने जल्द पैसे देने की बात कही, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद अस्पताल ने आगे इलाज करने से मना कर दिया। शाम को पूर्व प्रधान की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल हो गया। ग्रामीणों ने जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार व डॉक्टरों से पूरे मामले की जानकारी ली।

तैयब चौहान वर्ष 2005 से 2010 तक हर्रा-खेड़ी के ग्राम प्रधान रहे थे। उनके निधन की खबर से कस्बे में शोक छा गया। बुधवार को जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया और श्रद्धांजलि दी।

अधिकारी ने क्या कहा

मौके पर पहुंची सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

ट्यूबवेल चोरी का खुलासा: पुलिस पर फायरिंग करने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार, तमंचा व चोरी का तार बरामद

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ: थाना जानी पुलिस ने सरकारी पानी के ट्यूबवेल में नकबजनी कर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे अभियुक्तों को पीछा कर पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम 1. साबिर पुत्र जुल्फिकार, 2. कार्तिक उर्फ मुत्तू पुत्र बिट्टू, 3. सादिक उर्फ लल्लू पुत्र शौकीन और 4. काले उर्फ अलीजान पुत्र यासीन बताए गए हैं। पीछा करने के दौरान मोटरसाइकिल फिसलने से अभियुक्त साबिर के दाहिने पैर में चोट आई।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर तार, चोरी के उपकरण, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खिलौनों के गोदाम में छिपाकर रखे 35 कार्टन अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। देहलीगेट पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नील की गली, सर्राफा बाजार स्थित खिलौनों के गोदाम में छापेमारी कर पुलिस ने 35 कार्टन व प्लास्टिक के कट्टों में रखे अवैध पटाखे बरामद किए। मौके से सुमित अग्रवाल उर्फ हनी (38), निवासी देवपुरी, थाना रेलवे रोड को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना देहलीगेट में मु0अ0सं0 201/2026 धारा 125/288 बीएनएस व धारा 9(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र, अंकित वर्मा, दीपक जायसवाल, लोकेश प्रताप, कांस्टेबल नीरज यादव, मजहर हुसैन और अमित कुमार शामिल रहे।

विभीषण राजतिलक और सीता अग्निपरीक्षा के मंचन से भावविभोर हुए भक्त

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सनातन धर्म रक्षिणी सभा और रामलीला कमेटी के तत्वावधान में विजयदशमी के उपरांत राधा कृष्ण शिव मंदिर, वैशाली कॉलोनी गेट गढ़ रोड पर लीला का मंचन हुआ।

कार्यक्रम में हनुमान द्वारा सीता को राम की विजय का संदेश सुनाने, सीता की अग्निपरीक्षा और विभीषण के राजतिलक का मंचन किया गया।मंचन के दौरान हनुमान के अशोक वाटिका पहुंचने और सीता को विजय समाचार देने का प्रसंग इतना मार्मिक रहा कि दर्शक भावविभोर हो उठे। इसके बाद सीता की अग्निपरीक्षा के दृश्य पर पूरे वातावरण में सन्नाटा छा गया और दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम दरबार के भव्य दृश्य पर भक्तों ने “जय श्रीराम” के जयघोष से मंदिर प्रांगण गूंजा दिया। अंत में विभीषण के राजतिलक पर जय-जयकार गूंज उठी।

लीला एवं शोभायात्रा के संयोजक मनोज गुप्ता, प्रवीण अरोड़ा और समर्थ मित्तल रहे। विभीषण राजतिलक के बाद शाम 6 बजे राधा गोविंद मंडप से जुलूस निकला जो गली नंबर 3 नेहरू नगर, फूल बाग कॉलोनी, सती मंदिर, साईं बाबा मंदिर, गांधीनगर, सोहराब गेट, खंदक, छीपीवाड़ा, बाजार पेडामल, स्वामीपाड़ा होते हुए सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट पहुंचा।

अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि 22 अक्टूबर को भारत मिलन एवं शोभायात्रा शाम 6:30 बजे शिव पैलेस शारदा रोड ब्रह्मपुरी में होगी। इस अवसर पर मनोज गुप्ता, महामंत्री मनोज अग्रवाल खद्दर वाले, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, डॉ. आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी अनिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे