Home Blog Page 176

एल्गोरिदम की तानाशाही से मौलिक अधिकारों पर संकट: डॉक्टर आशीष कौशिकसीसीएसयू के डॉक्टर आशीष कौशिक ने वैश्विक मंच पर जताई गंभीर चिंता

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव के बीच शासन व्यवस्था में मानवीय विवेक के स्थान पर अपारदर्शी और संभावनाओं के आधार पर निर्णय लेने वाले संगणकीय सूत्रों का इस्तेमाल नागरिकों के मौलिक अधिकारों के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यह चेतावनी चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान के सहायक प्रोफेसर डॉक्टर आशीष कौशिक ने एक अंतरराष्ट्रीय विश्व कांग्रेस में ऑनलाइन व्याख्यान देते हुए दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक को मानवीय स्वतंत्रता, संवैधानिक मूल्यों और न्याय के अधीन रखना आवश्यक है, अन्यथा निर्णय लेने की स्वचालित प्रणालियां नागरिकों के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।

ब्राजील के दो विश्वविद्यालयों ने किया अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस का आयोजन

डॉक्टर आशीष कौशिक ने ‘शासन प्रणालियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पूर्वानुमान आधारित विश्लेषण और मौलिक अधिकार’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस का संयुक्त आयोजन ब्राजील के यूनिवर्सिटी ऑफ काक्सियास डो सुल और यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सट्रेमो सुल कैटारिनेन्स ने किया। इसमें विभिन्न देशों के न्यायविदों, शिक्षाविदों और संवैधानिक विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीक, शासन व्यवस्था तथा मानवाधिकारों के बीच उभरते अंतर्विरोधों पर विचार-विमर्श किया।

‘ब्लैक बॉक्स’ तकनीक नागरिकों के जानने और न्याय पाने के अधिकार के लिए चुनौती

अपने व्याख्यान में डॉक्टर कौशिक ने कहा कि स्वचालित निर्णय लेने वाली प्रणालियां और गहन अधिगम पर आधारित तंत्रिका संजाल कई बार ऐसे निर्णय देते हैं, जिनके पीछे के कारण आम नागरिकों के लिए समझना कठिन होता है। यह समस्या तब और गंभीर हो जाती है, जब इन प्रणालियों के आधार पर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने, निगरानी सूची में नाम शामिल करने अथवा जमानत जैसे जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि नागरिकों को यह जानने का अधिकार होना चाहिए कि उनके विरुद्ध कोई निर्णय क्यों लिया गया। यदि किसी व्यक्ति को निर्णय के पीछे के तर्क और आधार ही उपलब्ध नहीं होंगे, तो वह उसके विरुद्ध प्रभावी अपील या न्यायिक समीक्षा कैसे कर सकेगा? इसलिए स्वचालित निर्णयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

ऐतिहासिक पूर्वाग्रहों को बढ़ा सकती है कृत्रिम बुद्धिमत्ता

डॉक्टर आशीष कौशिक ने गणितीय निष्पक्षता के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता की प्रणालियां जिस आंकड़ा-सामग्री से सीखती हैं, उसमें पहले से मौजूद सामाजिक भेदभाव और पूर्वाग्रह भी शामिल हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में ऋण पात्रता के आकलन और भविष्य में अपराध की आशंका के आधार पर पुलिस कार्रवाई जैसी व्यवस्थाएं वंचित समुदायों के प्रति भेदभाव को और मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने आगाह किया कि किसी निर्णय का गणितीय गणना पर आधारित होना अपने आप में उसकी निष्पक्षता की गारंटी नहीं है। यदि आंकड़ों में असमानता मौजूद है, तो तकनीक उसी असमानता को अधिक व्यापक और संस्थागत स्वरूप दे सकती है। इसलिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग में निष्पक्षता की स्वतंत्र जांच और संवैधानिक मानकों का पालन जरूरी है।

निगरानी से व्यवहार नियंत्रण तक पहुंचती तकनीक

डॉक्टर आशीष कौशिक ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विशेष रूप से सृजनात्मक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए लगातार बड़ी मात्रा में आंकड़े जुटाने और उनका विश्लेषण करने की प्रवृत्ति ने निजता के अधिकार के समक्ष नई चुनौतियां खड़ी की हैं। निगरानी अब केवल व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उसके व्यवहार का अनुमान लगाने और उसे प्रभावित करने का माध्यम भी बन सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था व्यक्ति की स्वायत्तता, निजता और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता को कमजोर कर सकती है। इसीलिए तकनीकी विकास के साथ नागरिकों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और गरिमा की रक्षा के लिए प्रभावी कानूनी सुरक्षा उपाय विकसित करना समय की आवश्यकता है।

संविधान के अधीन हो तकनीक, इसके लिए सुझाए चार कानूनी उपाय

डॉक्टर आशीष कौशिक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दुरुपयोग को रोकने और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए चार प्रमुख कानूनी उपाय प्रस्तुत किए।
पहला—स्वचालित निर्णयों के कारण जानने का कानूनी अधिकार: उन्होंने ‘एल्गोरिदम आधारित समुचित विधिक प्रक्रिया’ की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके तहत नागरिकों को उनके विरुद्ध लिए गए स्वचालित निर्णयों के स्पष्ट और समझने योग्य कारण उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि वे प्रभावी न्यायिक समीक्षा की मांग कर सकें।
दूसरा—संवैधानिक कसौटियों पर हो तकनीक की जांच: उन्होंने आग्रह किया कि कानून लागू करने और सामाजिक कल्याण योजनाओं में इस्तेमाल होने वाले संगणकीय सूत्रों पर मनमानी के विरुद्ध कठोर संवैधानिक मानक लागू किए जाएं। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि तकनीक का उपयोग आवश्यक, उचित और आनुपातिक हो।
तीसरा—महत्वपूर्ण निर्णयों में मानवीय निगरानी अनिवार्य: डॉक्टर आशीष कौशिक ने ‘निर्णय प्रक्रिया में मानव की अनिवार्य भागीदारी’ की वकालत की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता, न्यायिक निर्णय और अन्य संवेदनशील मामलों में अंतिम जिम्मेदारी केवल मशीनों पर नहीं छोड़ी जा सकती। ऐसे मामलों में मानवीय विवेक, नैतिकता और कानूनी जवाबदेही की भूमिका बनी रहनी चाहिए।
चौथा—बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों की जवाबदेही तय हो: उन्होंने मौलिक अधिकारों के क्षैतिज अनुप्रयोग की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि जब निजी प्रौद्योगिकी कंपनियां अपने डिजिटल मंचों और प्रणालियों के माध्यम से सार्वजनिक जीवन पर व्यापक प्रभाव डालती हैं, तो उन्हें भी मौलिक अधिकारों के संरक्षण और जवाबदेही से जुड़े उचित मानकों के दायरे में लाना आवश्यक है।

‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल तकनीकी प्रगति नहीं, शासन और अधिकारों की पुनर्रचना है’

अपने व्याख्यान के निष्कर्ष में डॉक्टर आशीष कौशिक ने कहा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल एक तकनीकी प्रगति या संस्थागत दक्षता का उपकरण नहीं है; यह शासन और अधिकार की एक मौलिक पुनर्रचना का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक का वास्तविक उद्देश्य मानवीय क्षमताओं को सशक्त बनाना होना चाहिए, न कि नागरिकों की स्वतंत्रता, निजता और न्याय पाने के अधिकार को कमजोर करना। लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग तभी स्वीकार्य हो सकता है, जब उसके केंद्र में संविधान, पारदर्शिता, मानवीय गरिमा और जवाबदेही जैसे मूलभूत मूल्य बने रहें।

इंस्टामार्ट की क्विक इंडिया मूवमेंट सेल रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई कैटेगरी में लेकर आई ऑफर्स

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। त्योहारी मौसम के बीच इंस्टामार्ट की क्विक इंडिया मूवमेंट सेल इलेक्ट्रॉनिक्स, घर और किचन, पर्सनल केयर, फूड और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई कैटेगरी में ऑफर्स लेकर आई है। स्मार्टफोन और हेडफोन अपग्रेड से लेकर किचन के जरूरी सामान, डिनर सेट और स्नैक्स तक, ग्राहक 18 अक्टूबर को सेल समाप्त होने से पहले भाग लेने वाले ब्रांड्स और सेलर्स के उत्पादों पर मिल रहे डील्स देख सकते हैं। चाहे आप टेक अपग्रेड की योजना बना रहे हों, दोस्तों और परिवार की मेजबानी की तैयारी कर रहे हों या रोजमर्रा की जरूरी चीजें स्टॉक करना चाहते हों, यहां 10 डील्स हैं जिन्हें आप देख सकते हैं।

एप्पल आईफोन 18 प्रो: प्रीमियम स्मार्टफोन अपग्रेड : नया स्मार्टफोन लेने की सोच रहे ग्राहकों के लिए एप्पल आईफोन 18 प्रो (256जीबी) में 48एमपी प्रो फ्यूज़न कैमरा, 6.3 इंच का डिस्प्ले और 34 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक मिलता है। डील कीमत: 1,62,900 | एमआरपी: 1,64,900

सीएमएफ बाय नथिंग हेडफोन प्रो:चलते-फिरते संगीत के लिए : 40डीबी एक्टिव नॉइज़ कैंसलेशन और 100 घंटे तक के प्ले टाइम के साथ सीएमएफ बाय नथिंग हेडफोन प्रो संगीत पसंद करने वालों और अक्सर यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक उपयोगी विकल्प है। डील कीमत: 4,999 | एमआरपी: 9,999

निंजा क्रिस्पी 1700 वॉट क्लीन क्रिस्प ग्लास एयर फ्रायर : स्नैक्स से लेकर रोजमर्रा का खाना बनाने तक, निंजा क्रिस्पी ग्लास एयर फ्रायर किचन के लिए एक सुविधाजनक विकल्प है। इसका ग्लास कुकिंग कंटेनर खाना पकते समय उसे देखने की सुविधा देता है। यह माइक्रोवेव, फ्रीज़र और डिशवॉशर में इस्तेमाल के लिए सुरक्षित है। डील कीमत: 14,999| एमआरपी: 19,99

इंस्टामार्ट पर क्यूआईएम सेल एक्सप्लोर करें : क्विक इंडिया मूवमेंट सेल 18 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, घर और किचन, पर्सनल केयर, फूड और रोजमर्रा की अन्य जरूरतों से जुड़ी कैटेगरी में ऑफर्स उपलब्ध हैं। ग्राहक स्विगी ऐप के जरिए इंस्टामार्ट पर भाग लेने वाले ब्रांड्स और सेलर्स के उत्पाद देख सकते हैं।

श्री रामलीला दशहरा कमेटी कसेरू खेड़ा अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया की दशहरा मेला

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयदशमी का पर्व मंगलवार को हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया मवाना रोड स्थित कसेरूखेड़ा में श्री रामलीला दशहरा कमेटी की ओर से भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया गया। मेले में उमड़ी भारी भीड़, रामलीला के शानदार मंचन, मनमोहक झांकियों और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। देर रात 80 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

दशहरा मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि दिनेश खटीक और सांसद राजकुमार सांगवान व सोनू कैलाशी ने संयुक्त रूप से किया। विशिष्ट अतिथि रंजन शर्मा शहर अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित किया। मुख्य अतिथि दिनेश खटीक राज्य मंत्री और अध्यक्ष विनोद सोनकर ने राम दरबार की आरती कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया। विकास उपाध्याय, महेश सैनी, रॉबिन शिवाज, दारा सिंह प्रजापति सहित,व अन्य अतिथियों ने भी भगवान श्रीराम और माता सीता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नीरज मित्तल और सोनू कैलाशी ने मेले के सफल आयोजन के लिए कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर और सभी सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर व संजय प्रजापति ने किया।

घूमती गर्दन और अंगारों जैसी आंखों वाले रावण ने मोहा मन

मेले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र 80 फुट ऊंचा रावण का विशाल पुतला रहा। रावण की घूमती गर्दन, लाल अंगारों के समान दहकती आंखें और पैरों में पहनी जयपुरी जूतियां दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रावण के विशाल स्वरूप को देखने के लिए लोग देर रात तक मैदान में डटे रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में मेले को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

राम-रावण युद्ध के मंचन पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

दशहरा मेले में रामलीला के प्रमुख प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। सीता हरण, लंका दहन, मेघनाद वध, कुंभकरण वध और भगवान श्रीराम तथा रावण के बीच हुए युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। श्रीराम, हनुमान, रावण और कुंभकरण सहित विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। राम-रावण युद्ध के मंचन के दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। सुंदर-सुंदर झांकियों और डांस ग्रुप की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी मेले में चार चांद लगा दिए।

आतिशबाजी और बिजली की सजावट ने बिखेरी छटा

मेले में की गई आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। मैदान में चारों ओर उत्सव जैसा माहौल नजर आया। बच्चों ने मिक्की माउस और विभिन्न झूलों का आनंद लिया तथा खिलौनों की खरीदारी की। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारी करने के साथ गोलगप्पे और टिक्की का स्वाद लिया। वहीं, युवाओं और पुरुषों को गुब्बारों पर निशाना साधते हुए देखा गया। मेले में मूंगफली सहित खानपान की अन्य दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। दर्शकों की भारी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।

रात 12 बजे हुआ 80 फुट ऊंचे रावण का दहन

दशहरा मेले का सबसे रोमांचक क्षण रात करीब 12 बजे आया, जब 80 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार ने जैसे ही रावण के पुतले में आग लगाई, कुछ ही मिनटों में विशाल पुतला धू-धू कर जल उठा और जलकर भस्म हो गया। इस दौरान पूरा मेला मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। रावण दहन के साथ ही मेले में उपस्थित लोगों को सत्य की विजय और बुराई के अंत का संदेश दिया गया।

कमेटी के सदस्यों और पुलिस का रहा सहयोग

दशहरा मेले के सफल आयोजन में लालकुर्ती पुलिस, सेना पुलिस और श्री रामलीला दशहरा कमेटी के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर, संरक्षक ज्ञान दीक्षित, पुष्पेंद्र शर्मा, आनंद कोरी, गोल्डी, मनीष गुप्ता, जयप्रकाश, कन्हैया लाल, पुष्पेंद्र कुमार, जियालाल, मनोज कुमार, नंदकिशोर मीणा, मनीष कुमार, सत्यप्रकाश, विनय वत्स, अरुण कुमार, जयप्रकाश सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।

विकास भवन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस बैठक संपन्न

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस बैठक हुई।

बैठक में पिछले माह की 45 शिकायतों की आख्या पढ़कर सुनाई गई। नगर निगम की आख्या गुणवत्तापूर्ण न होने पर उसे वापस कर दिया गया। इस बार किसान दिवस में 22 नई शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। पिछले माह की कई शिकायतों की आख्या न भेजने वाले विभागों को जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

रोमांचक फाइनल में ‘दुर्वेशपुर ‘ बना टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का चैंपियन

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के इकला रसूलपुर मे सरफ़राज मैमोरियल क्रिकेट स्टेडियम में खेली गई। सात दिवसीय जिला स्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आज दुर्वेशपुर क्रिकेट क्लब ने लालियाना क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लालियाना क्रिकेट की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 189 रन बनाए। उनकी ओर से सलामी बल्लेबाज अज़ीम नंबरदार ने सर्वाधिक 94 रनों की पारी खेली। 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुर्वेशपुर क्रिकेट क्लब की शुरुआत खराब रही और 30 रन पर ही उनके 2 विकेट गिर गए। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज़ जयदीप ने नाबाद 82 रन, 48 गेंद ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मैच का पासा पलट दिया। दुर्वेशपुर क्रिकेट क्लब ने अंतिम ओवर की 5 गेंद पर 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मैच के समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश सचिव सपा किशोर वाल्मीकि ने विजेता टीम को ₹21,000 की इनामी राशि और चमचमाती ट्रॉफी सौंपी। उपविजेता टीम को ₹11,000 का इनाम दिया गया। किशोर वाल्मीकि ने कहा ग्रामीणांचल में ऐसी प्रतियोगिता आयोजित होती रहनी चाहिए जिससे खिलाड़ियों को प्रेरणा मिल सके। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पूरे विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा खेल मैदान तैयार कराये जायेगे शानदार बल्लेबाजी के लिए जयदीप को ‘मैन ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जयदीप को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर मूतलिब प्रधान जरीफ़ प्रधान जुबेर ग़यूर सरीफ़ प्रधान शावेज ख़ान अवनीश चौधरी वारिश मोहम्मद आदि मौजूद रहे ।