Home Blog Page 177

गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर भाकियू की लखनऊ में पंचायत, कल रवाना होंगे किसान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन 23 अक्टूबर को लखनऊ के गन्ना भवन, डालीबाग में पंचायत करेगी। इसमें जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में मेरठ से सैकड़ों किसान शामिल होंगे।

किसान 22 अक्टूबर शाम को सिटी स्टेशन से नौचंदी एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। भीड़ को देखते हुए भाकियू ने स्टेशन अधीक्षक और रेलवे पुलिस को अतिरिक्त 5 कोच लगाने के लिए मांग पत्र सौंपा है, ताकि अन्य यात्रियों और किसानों को परेशानी न हो। इससे पहले आज विकास भवन में जिलाधिकारी वीके सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। इसमें भाकियू ने पिछले माह की 73 में से 24 समस्याओं के समाधान न होने पर नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष ने 25 नई समस्याओं का मांग पत्र सौंपा, जिसमें गन्ना मूल्य, घटतौली रोकना, जल जीवन मिशन से टूटी सड़कें, खतौनी में अंश निर्धारण और डीएपी की उपलब्धता जैसे मुद्दे शामिल हैं। डीएम ने एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन दिया है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, मोनू टिकरी, वीरेंद्र महपा, विनोद , कृष्णपाल, रविन्द्र, विनय, डीके, मनोज शर्मा , सत्येंद्र, वीरपाल, हरेंद्र संदीप , आदि मौजूद रहे।

कैलाश प्रकाश स्टेडियम से कमिश्नरी तक गूंजे नेताजी के जयकारे, जाम में फंसा महानगर, 50 स्कूलों के हजारों बच्चों ने भरी हुंकार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। क्रांति धरा मेरठ ने बुधवार को फिर एक बार इतिहास दोहरा दिया। जिस धरती ने 1857 में अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल बजाया था, उसी धरती पर बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित अखंड भारत दिवस के अवसर पर ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा शहर थम सा गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के नेतृत्व में एक विशाल और भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें जिले के 50 से अधिक स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अखंड भारत का संकल्प लिया।

कैलाश प्रकाश से कमिश्नरी तक, पूरा रूट रहा जाम:

भव्य रैली का शुभारंभ सुबह कैलाश प्रकाश स्टेडियम से किया गया। स्टेडियम में हजारों बच्चों का हुजूम देखते ही बनता था। हाथों में 20 फीट लंबा तिरंगा, नेताजी की तस्वीर और अखंड भारत के नारे लिखी तख्तियां। वहाँ से रैली का काफिला वेस्टर्न कचहरी रोड होते हुए कमिश्नरी चौराहे की ओर बढ़ा। इस दौरान पूरे मार्ग पर दोनों तरफ हजारों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद रैली नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क पहुंची, जहाँ बच्चों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और अंत में रैली वापस कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पहुंचकर संपन्न हुई।

महानगर में जाम, फिर भी नहीं रुका जोश:

रैली के कारण वेस्टर्न कचहरी रोड, कमिश्नरी रोड और आसपास के सभी मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग घंटों जाम में फंसे रहे, लेकिन इसके बावजूद किसी ने भी नाराजगी नहीं जताई। जाम में फंसे लोगों ने गाड़ियों से उतरकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और “भारत माता की जय” के नारे लगाए।

भारी पुलिस बल तैनात, छात्रों में दिखा अद्भुत जोश:

प्रशान ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पूरे रूट पर भारी पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। अधिकारियों ने खुद लाठी लेकर मोर्चा संभाला।
वहीं छात्र-छात्राओं का जोश देखते ही बनता था। कड़ी धूप और गर्मी के बावजूद बच्चे लगातार 3 घंटे तक बिना रुके चलते रहे। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा”, “नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें” और “अखंड भारत अमर रहे” के नारों से पूरी क्रांति धरा गूंजती रही। सुभारती विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि नेताजी के सपनों का अखंड भारत बनाने के लिए युवाओं को एकजुट करना ही इस रैली का मुख्य उद्देश्य था और बुधवार को मेरठ ने यह साबित कर दिया।

व्यापारियों का प्रदर्शन, सीएम को भेजा ज्ञापन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नगर निगम और आवास विकास द्वारा सीलिंग-ध्वस्तीकरण के मनमाने नोटिसों के विरोध में आज उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, उत्तर प्रदेश (पंजी.) ने कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।

अग्रवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की आड़ में नियमों की गलत व्याख्या कर व्यापारियों का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरने में राजकुमार त्यागी, इसरार सिद्दीकी, सुनील गुप्ता, अतुल्य गुप्ता, सुशील जैन, साजिद सरफराज, मनी बंसल, निशांत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक पीटीएस मेरठ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कर्तव्यपथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारीगण व अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

सीएम मोहन यादव ने किया शस्त्र पूजन

• एमपी पुलिस में 18,500 पदों पर भर्तियों का ऐलान, 51 नई मोटरसाइकिलें लॉन्च

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस लाइन पहुंचकर मां कालका की आराधना की और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाले के साथ-साथ अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस वाहन और अश्वों का पूजन भी किया तथा शस्त्रागार का अवलोकन किया। इस दौरान महिला पुलिस दल द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसकी उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि क्षमता और दक्षता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बेटियां हर दायित्व को पूरी कुशलता से निभा रही हैं।

पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर होगी भर्ती

प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुदृढ़ता पर जोर देते हुए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग सहित सभी विभागों में मानव संसाधन बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है और आगामी दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेशभर के विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। आने वाले वर्ष को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाते हुए एमपीपीएससी की विशेष परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित करने की योजना है।

‘पुलिस सेतु’ ऐप और 51 वाहनों की सौगात

इंदौर में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई नवाचारों की शुरुआत की। उन्होंने ‘पुलिस सेतु’ ऐप का शुभारंभ किया, जिसके माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र के थानों, ड्यूटी अधिकारियों और संपर्क विवरण की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, होंडा इंडिया फाउंडेशन की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराए गए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के 51 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस बलों में बनेंगे विशेष बैंड

राष्ट्रीय पर्वों जैसे 26 जनवरी और 15 अगस्त की परेड को और अधिक गरिमापूर्ण बनाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले और पुलिस बल में पुलिस बैंड की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके लिए 750 नए पदों पर भर्ती किए जाने की घोषणा भी की गई है। कार्यक्रम में नशामुक्ति पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन और सड़क सुरक्षा से जुड़े पोस्टर का विमोचन भी किया गया।