Home Blog Page 179

धूमधाम से हुआ रावण दहन, जय श्रीराम के नारों से गूंजा शहर

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को जगह-जगह रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व पर शहर के प्रमुख रामलीला मैदानों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा द्वारा रामलीला मैदान दिल्ली रोड पर मुख्य आयोजन किया गया। यहां भगवान श्रीराम और रावण दल के बीच युद्ध का मंचन हुआ, जिसके बाद 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रथ पर सवार रावण, बीच में लगी चकरी और आंखों से निकलते अंगारों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। वहीं सूरजकुंड, भैंसाली मैदान, परतापुर और मोदीपुरम में भी रामलीला कमेटियों द्वारा भव्य रावण दहन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन ने जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात किया था। रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान श्रीराम का रथ जागेश्वर धाम मंदिर, सरस्वती लोक से और रावण दल का रथ नीलकंठ महादेव मंदिर, दिल्ली गेट से गाजे-बाजे के साथ निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ रामलीला मैदान पहुंचा।

120 फीट ऊंचे रावण के दहन से गूंजा मैदान

श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा पंजीकृत मेरठ शहर के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला मैदान दिल्ली रोड पर विजयदशमी का भव्य आयोजन किया गया।

संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि भगवान श्री राम और रावण दल के बीच अंतिम युद्ध का मंचन किया गया, जिसके बाद 120 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया गया। रथ पर सवार रावण का पुतला, बीच में लगी चकरी और आंखों से निकलते अंगारों के साथ आकर्षण का केंद्र रहा। पुतला दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। भगवान श्री रामचन्द्र का रथ जागेश्वर धाम मंदिर, सरस्वती लोक से और रावण दल का रथ दिल्ली गेट चौक स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ रवाना हुआ। दोनों रथ ब्रह्मपुरी, इंद्रा नगर होते हुए बहादुर मोटर्स के सामने से रामलीला मैदान पहुंचे, जहां हजारों भक्तों ने युद्ध मंचन देखा।

शिवसेना कार्यालय पर हुआ शस्त्र पूजन

दशहरा के अवसर पर छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय पर जिला प्रमुख संदीप गर्ग व महानगर प्रमुख मोहित त्यागी के नेतृत्व में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी यूपी प्रभारी धर्मेन्द्र तोमर ने शिव सैनिकों को विजय दशमी का महत्व बताया। शस्त्र पूजन में अवनीश आर्य, कमल प्रजापति, प्रदीप सक्सेना, आकाश कन्नौजिया, पंकज गुप्ता, आरपी सिंह, अशोक चतुर्वेदी, लोकेश राजपूत, रितू सिंह, धीरज कुमार, अमित, अहसान कुरेशी, प्रदीप कुमार, शौकत सलमानी, आमिर मेरठी, प्रेम शंकर, चांद, रतन सिंह, प्रमोद, आदेश कुमार, विरेन्द्र सिंह, आसिफ, इरशाद, अशरफ, शहजाद, नूरेन, जुनैद, समीर, शादाब, जावेद आदि शामिल रहे।

रवि चौधरी को ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष बनने पर व्यापार संघ ने किया सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो

मोदीपुरम। पल्लवपुरम रुड़की रोड व्यापार संघ की ओर से रवि चौधरी को भाजपा ओबीसी मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर सम्मानित किया गया।

पल्लव टावर स्थित व्यापार संघ कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में व्यापार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने रवि चौधरी को फूलमाला पहनाकर और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने कहा कि रवि चौधरी को नई जिम्मेदारी मिलने से व्यापार संघ में खुशी है और वे संगठन की जिम्मेदारी का निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

इस मौके पर कोषाध्यक्ष तरुण विज, संरक्षक पुरन चंद सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण सैनी, उपाध्यक्ष धीरज चावला, डॉ. भूपेंद्र, रवि खुराना, नवीन कंसल, मंत्री अंकित गुप्ता, लाल सिंह, अनिल यादव, मीडिया प्रभारी फुरकान सैफी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

खादी महोत्सव में स्वदेशी की धूम, राम स्तुति से सजी शाम

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। खादी के रंगों के बीच भक्ति की धुन और भारतीय संस्कृति की छटा। मंडलीय खादी महोत्सव में मंगलवार की शाम श्रीराम स्तुति के नाम रही। सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक के जरिये सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। मेले में आठ राज्यों के उत्पाद भी लोगों को खूब लुभा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित महोत्सव में नेहरू युवा केंद्र की ओर से नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को सामने रखते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया। इसके बाद शाम छह से आठ बजे तक सुर-संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने श्रीराम स्तुति पर आधारित प्रस्तुति दी। भक्ति संगीत और नृत्य के संगम ने दर्शकों को भावविभोर किया। विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और मंच पर प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और सेवानिवृत्त जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्येंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की गई। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आठ राज्यों के उत्पादों की रौनक

महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खरीदारी का आकर्षण भी बरकरार है। आठ राज्यों के विभिन्न उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक वस्तुओं के साथ खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पाद लोगों को स्वदेशी खरीदारी का अवसर दे रहे हैं।

इन्होंने कहा

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

फफूड़ा में फायरिंग मामले में लोहियानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार, 3 तमंचे बरामद

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस ने ग्राम फफूड़ा में बच्चों के विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 8 अभियुक्त व 2 महिलाओं सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कब्जे से 3 अवैध तमंचे .315 बोर, 8 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस और घटना से संबंधित 9 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को ग्राम फफूड़ा में बच्चों के आपसी विवाद में दो पक्षों में विवाद व फायरिंग हुई थी। प्रथम पक्ष की तहरीर पर मु0अ0सं0 747/2026 और द्वितीय पक्ष की तहरीर पर मु0अ0सं0 748/2026 थाना लोहियानगर पर पंजीकृत किया गया था। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कानून व्यवस्था स्थापित की। पुलिस ने घटनास्थल से 6 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस व अन्य सामग्री बरामद कर सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

गिरफ्तार अभियुक्त –

मु0अ0सं0 747/2026 से – सावेज (22), फरमान (18), सानू (40), अजीम (22), सज्जो पत्नी गुलजार (40) और कल्लो पत्नी आजाद (45) सभी निवासी ग्राम फफूड़ा। इनके कब्जे से 2 तमंचे .315 बोर बरामद हुए।

मु0अ0सं0 748/2026 से – जाहिद (35) निवासी फफूड़ा, शुऐब (25) निवासी फतेहउल्लापुर, शहजाद (32) निवासी सहारनपुर और दानिश (36) निवासी फफूड़ा। इनके कब्जे से 1 तमंचा बरामद हुआ।

दोनों मुकदमों में 3/25/27 आयुध अधिनियम की वृद्धि कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

दुनिया के पहले विज्ञान आधारित ‘विज्ञान घर’ के लिए पंजीकरण शुरू, रोजाना चुना जाएगा एक ‘विज्ञान योद्धा’

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा उत्प्रेरित एवं समर्थित दुनिया के पहले विज्ञान आधारित रियलिटी शो ‘विज्ञान घर’ के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।

प्रगति विज्ञान संस्था तथा जिला विज्ञान क्लब, मेरठ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. सीमा जैन ने बताया कि 10 दिवसीय इस आवासीय कार्यक्रम में प्रतिदिन एक ‘विज्ञान योद्धा’ घोषित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार को बढ़ावा देना है। विज्ञान घर में मॉडल प्रदर्शन, स्वयं प्रयोग करके सीखना, वैज्ञानिकों के व्याख्यान, कार्यशाला, क्विज और नवाचार प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

कौन कर सकता है आवेदन – 14 से 18 वर्ष के बालक-बालिकाएं।
पंजीकरण लिंक – https://forms.gle/HoAXJQJSYQewg5Yd6
अंतिम तिथि – 30 नवंबर 2026

चयन प्रक्रिया 6 चरणों में होगी – राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन पंजीकरण, दो चरणों में वैज्ञानिक टास्क, ऑनलाइन साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन और अंत में 10 दिवसीय आवासीय कार्यक्रम। अंतिम रूप से 20 बाल वैज्ञानिकों का चयन किया जाएगा।

राष्ट्रीय समन्वयक दीपक शर्मा ने बताया कि यह पहल युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।