Home Blog Page 77

“मंदिर के दिये “

नित्य संदेश। राखी , जल्दी करो , अभी बाजार भी चलना है न , पटाखे ख्ररीदने ।हां हां बाबा , कर तो रही हूं । अच्छा आप नाश्ता शुरू करो , मैं बस ,चाय छान कर ला रही हूं ।राहुल , नाश्ता करते हुए आठ वर्षीया नव्या का उत्साह देख रहा था , दीवाली की उमंग , पूरे घर में बिखर रही थी ।

किचिन में बर्तन साफ करती श्यामा की दस वर्षीया बिटिया कोमल , तृषित आंखों से नव्या के नए कपड़ों को , अपनी पुरानी फ्राॅक से तौल रही थी । किचिन में रखी मिठाइयां , घर की सजावट , रंग रोगन ,सारा कुछ वह अपनी प्यासी आंखों से पी रही थी । पिता नहीं थे उसके , घोर दरिद्रता में श्यामा ही अपनी बच्ची को पाल रही थी । पर राखी ! राखी को कोमल की भूखी आंखें सदैव चुभती थीं । यह पितृ हीन बच्ची , राखी से प्रायः डांट खाती थी । आज भी ऐसा ही हुआ । कोमल , तू भी जा न , तेरे घर भी तो दिये लगाने होंगे ? जी , जाती हूं आंटी ।

बोझिल कदमों से , नव्या की फ्राॅक देखते हुए कोमल चली गई ।पूजन के बाद , राखी , राहुल और नव्या , दीवाली के दिये सजाने लगे । राहुल ने जलते दियों की एक थाली उठाई , एक मिठाई का और एक दूसरा पैकेट बगल में दबाया और बोला — आओ राखी , चलो, मंदिर में भी दिये सजा आएं । नव्या की अंगुली थाम कर राखी भी राहुल के पीछे चल पड़ी । मंदिर अभी दूर था पर मार्ग में ही एक कच्चे अंधेरे घर के द्वार पर राहुल के पैर थम गए । यह श्यामा का घर था । द्वार वैसे ही उढका हुआ था । द्वार खोल कर राहुल ने निशब्द अंदर प्रवेश किया । राखी और नव्या भी साथ ही थीं । अंदर ,केवल एक दिया जल रहा था , उसी के सामने , एक फटी पुरानी चटाई पर उदास सी श्यामा और कोमल बैठीं थीं ।

घर के बाहर , दूर दीवाली पसरी थी पर कोमल और श्यामा के मन में अभावों का अंधेरा बिखर रहा था । भीगे स्वर में राहुल ने पुकारा — कोमल , उठो बेटा , दिये नहीं लगाओगी अपने घर में ? अचकचा कर श्यामा उठ खड़ी हुई — अरे दीदी , बाबूजी ,, आप लोग , यहां मेरे घर में ? हाथ के पैकेट कोमल को पकड़ाते हुए राहुल ने उत्तर दिया — हां श्यामा , आज दिवाली का त्योहार है और तुम ऐसे उदास बैठी हो , लो ये नए कपड़े पहन कर आओ , फिर दिये भी तो सजाने हैं बाहर , ।

अभिभूत सी श्यामा , कोमल के साथ अंदर चली गई तो राखी ने टहोका मार कर राहुल से पूछा — मंदिर के दिये , यहां लगाओगे ? — हां। पगली , यही तो श्रम और ममता का जागृत मंदिर है । इससे बड़ा और पवित्र मंदिर और कहां मिलेगा ??

मैं कुटिया का दीपक जीवन

— श्री जीवन प्रकाश आर्य

वामा सारथी दीपावली महोत्सव–2026: रिजर्व पुलिस लाइन मेरठ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली महोत्सव

  • रंगोली, दीप सज्जा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पुलिस परिवार की महिलाओं व बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय अध्यक्षा निवि मूर्ति के कुशल निर्देशन में वामा सारथी दीपावली महोत्सव–2026 का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।

दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, दीया मेकिंग, थाली सजावट एवं ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनशीलता एवं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली पर्व की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया।

महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बच्चों द्वारा मनमोहक नृत्य एवं मधुर गायन की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्साह, उमंग एवं उल्लास का वातावरण बना रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों के बीच आपसी सद्भाव, पारिवारिक एकजुटता, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं एवं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा। महोत्सव के माध्यम से पुलिस परिवारों ने दीपावली पर्व की खुशियों को सामूहिक रूप से साझा किया।

इस अवसर पर वामा सारथी की स्थानीय अध्यक्षा निवि मूर्ति, प्राची (धर्मपत्नी पुलिस अधीक्षक ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक अपराध अवनीश कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन दीक्षा भोरिया, क्षेत्राधिकारी एलआईयू अंजू, प्रतिसार निरीक्षक हरपाल सिंह, प्रभारी वेलफेयर शाखा मय कर्मचारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण तथा पुलिस परिवार की महिलाएँ एवं बच्चे उपस्थित रहे।

वी मुवीज़ एंड टीवी अब केवल 35 रुपये में रीजनल ओटीटी पर उपलब्ध

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारत के ओटीटी परिवेश में क्षेत्रीय भाषाओं के कंटेंट की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए, वी के कंटेंट एग्रीगेटर ऐप वी मूवीज़ एंड टीवी ने अपने रीजनल एंटरटेनमेंट ऑफर को और मजबूत लिया है। यह ऐप भारत का सबसे किफायती रीजनल एंटरटेनमेंट ऐड-ऑन पैक लेकर आया है। पेश किया गया है, जिसकी कीमत सिर्फ 35 रुपये है।

वी का यह नया ऑफर प्रीमियम रीजनल ओटीटी एंटरटेनमेंट की पहुंच को और आसान बनाता है। इसके जरिए वी के एलिजिबल प्रीपेड ग्राहक नौ भारतीय भाषाओं में उपलब्ध छह ओटीटी प्लेटफॉर्म्स में से अपनी पसंद के कोई दो प्लेटफॉर्म्स चुन सकते हैं। ग्राहक इन विकल्पों में से चुनाव कर सकते हैंः तमिल तेलुगु मलयालम और कन्नड़ कंटेंट के लिए सोनीलिव साउथ; पंजाबी, हरियाणवी और भोजपुरी कंटेंट के लिए चौपाल; मलयालम एंटरटेनमेंट के लिए मनोरमामैक्स; बंगाली एंटरटेनमेंट के लिए क्लिक और अड्डाटाइम्स; तथा ओडिया कंटेंट के लिए आओ नेक्स्ट। तो अब वी के ग्राहकों को किफ़ायती दाम पर अपनी पसंद के रीजन एंटरटेनमेन्ट का लुत्फ़ उठाने के लिए विभिन्न प्लेटफॉर्म्स का अलग-अलग सब्सक्रिप्शन लेने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।

केवल मोबाइल के लिए उपलब्ध इस 35 रुपये वाले ऐड-ऑन पैक के साथ 28 दिनों के लिए दो रीजनल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस और 7 दिनों की वैलिडिटी वाला 1जीबी डेटा मिलता है। यह पैक वी के उन प्रीपेड ग्राहकों के लिए उपलब्ध है, जिनके पास एक्टिव सर्विस-वैलिडिटी वाला रिचार्ज मौजूद है।

ग्राहक वी ऐप या किसी थर्ड-पार्टी ऐप के जरिए 35 रुपये का यह पैक रिचार्ज कर सकते हैं। इसके बाद वी मूवीज़ एंड टीवी ऐप में अपने वी नंबर से लॉग-इन करके और अपनी पसंद के दो ओटीटी लेटफॉर्म्स चुनकर इन फायदों को एक्टिवेट कर सकते हैं।

पत्रकारिता से साहित्य की ओर: लियाकत मंसूरी के चार उपन्यास, चार अलग दुनिया

अशोक सोम

नित्य संदेश, मेरठ। खबरों की दुनिया में वर्षों तक सच को शब्द देने वाले वरिष्ठ पत्रकार लियाकत मंसूरी अब साहित्य की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। पत्रकारिता की तेज़ रफ्तार, तथ्यों की कसौटी और समाज को करीब से देखने का अनुभव अब उनके उपन्यासों में उतर रहा है। यही वजह है कि उनके उपन्यास सिर्फ कहानी नहीं लगते, बल्कि ज़िन्दगी के करीब लगते हैं। मंसूरी अब तक चार उपन्यास लिख चुके हैं और हर उपन्यास में उन्होंने एक नया विषय, एक नई दुनिया और एक नया सवाल उठाया है।

1. पहला उपन्यास: ‘मुझे उड़ने दो’ – ऑनर किलिंग पर साहसिक प्रहार

लियाकत मंसूरी का पहला उपन्यास ‘मुझे उड़ने दो’ ऑनर किलिंग जैसे ज्वलंत मुद्दे पर लिखा गया था। साहित्यकारों और कवियों के बीच इसका विमोचन हुआ था और इसे खूब सराहना मिली थी। यह उपन्यास सामाजिक स्थिति पर प्रहार करता है और प्रेम, सम्मान और समाज की रूढ़ियों के बीच फंसे युवाओं की कहानी कहता है। लेखक ने खुद कहा है कि इस उपन्यास में उन्होंने इश्क, प्रेम और इंसान की अंधी भावनाओं जैसे विषयों पर लिखा है।

2. दूसरा उपन्यास: ‘मेरी कहानी और शहनाज़’ – जो पाठक को अंत तक बांधे रखे

उनका दूसरा उपन्यास ‘मेरी कहानी और शहनाज़’ है। समीक्षकों के अनुसार यह ऐसा उपन्यास है जो पढ़ने पर पाठकों को शुरू से आखिरी तक बांधे रखता है। इसमें प्रेम, रिश्तों की उलझन और मानवीय भावनाओं की जटिलता को बेहद करीब से दिखाया गया है।

3. तीसरा उपन्यास: ‘छू लिया आसमां’ – पहले उपन्यास का दूसरा भाग, हैट्रिक पूरी

उनका तीसरा उपन्यास ‘छू लिया आसमां’ है। इससे उन्होंने उपन्यासों की हैट्रिक पूरी की थी। खास बात यह है कि **’छू लिया आसमां’, ‘मुझे उड़ने दो’ का ही दूसरा भाग है**। इसमें अपराध, प्रेम और विश्वासघात का जटिल ताना-बाना है। इसमें अपराध की दुनिया की भयावहता, मानवीय भावनाओं की जटिलता और विश्वासघात के परिणामों को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। इस उपन्यास को लेखक ने जिला कारागार मेरठ में वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा को भेंट भी किया था।

4. चौथा उपन्यास: ‘माहिरा’ – कोलाज तकनीक में हिंदी का पहला उपन्यास

उनका चौथा और सबसे चर्चित उपन्यास ‘माहिरा’ है। इसे कोलाज तकनीक में लिखा गया हिंदी का पहला उपन्यास बताया जा रहा है। ‘माहिरा’ एक त्रिकोणीय प्रेम, अपराध और सस्पेंस की कहानी है। इसकी टैगलाइन है – ‘एक गुनाह… एक राज़… एक महिला…’यह उपन्यास BFC Publications से प्रकाशित हुआ है और Google Books व Amazon पर भी उपलब्ध है।

पत्रकार की नज़र, साहित्यकार का दिल

लियाकत मंसूरी की खासियत यही है कि वे कहानी को अखबार की खबर की तरह नहीं, बल्कि इंसान के दर्द, प्रेम, अपराध और समाज की सच्चाई के साथ लिखते हैं। पत्रकारिता ने उन्हें समाज को देखने की नज़र दी और साहित्य ने उस नज़र को भावना दी।

आज के दौर में जब उपन्यास लिखना सबसे कठिन माना जाता है, तब हर साल एक उपन्यास लिखना उनके साहस और लगन को दिखाता है।साहित्य प्रेमियों को अब उनके अगले उपन्यास का इंतज़ार है।

सनातन संस्कृति, राष्ट्र की आस्था और दीपोत्सव का महापर्व है दीपावली : विनीत अग्रवाल शारदा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने छोटी दीपावली एवं दीपावली के पावन अवसर पर मेरठ के प्रमुख व्यापारिक केंद्र आबूलेन बाजार, बेगमपुल बाजार एवं ऐतिहासिक हथकरघा नगरी के खंदक बाजार सहित विभिन्न बाजारों में आयोजित दीपावली मिलन समारोहों में मुख्य अतिथि एवं अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने व्यापारी बंधुओं से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएँ दीं तथा उनके सुख, समृद्धि और व्यापारिक उन्नति की मंगलकामना की।

इस अवसर पर विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, मर्यादा और अधर्म पर धर्म की विजय का महापर्व है। त्रेतायुग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण कर लंकापति रावण का अंत करने के पश्चात जब अयोध्या आगमन किया, तब अयोध्यावासियों ने दीप प्रज्वलित कर उनका भव्य स्वागत किया। उसी पावन परंपरा का प्रतीक दीपोत्सव आज भी हमें सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और रामराज्य के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत के गौरव के साथ विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भी विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। अयोध्या में लगभग 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण और दीपोत्सव पर लाखों दीपों से जगमगाती रामनगरी प्रत्येक सनातनी के लिए गौरव और आस्था का विषय है। वहीं जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35-ए को हटाकर देश की संवैधानिक एकता को मजबूत करने का ऐतिहासिक निर्णय भी राष्ट्रीय विमर्श का महत्वपूर्ण अध्याय है।

श्री शारदा ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर जनता के बीच संवाद होगा। लगातार तिसरी बार उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने सभी व्यापारी बंधुओं, उद्यमियों एवं प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की उन्नति के संकल्प को और मजबूत करें।

अंत में उन्होंने भगवान श्रीराम, माता लक्ष्मी एवं श्री गणेश जी से प्रार्थना की कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रत्येक व्यापारी के कारोबार में दिन दूनी, रात चौगुनी उन्नति, प्रत्येक परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि तथा समूचे राष्ट्र में खुशहाली लेकर आए।