Home Blog Page 78

कनोहर लाल महिला महाविद्यालय की प्राचार्या ने प्रबंधन पर वित्तीय अनियमितता और प्रताड़ना का आरोप लगाया, FIR की मांग

  • प्रो. अलका चौधरी ने थाना ब्रह्मपुरी में तहरीर दी, कहा – शिकायत करने पर निलंबित किया, निलंबन रद्द होने के बाद भी ज्वाइन नहीं करने दिया जा रहा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय की प्राचार्या (बिना प्रशासनिक प्रभार) प्रो. अलका चौधरी ने थाना ब्रह्मपुरी में तहरीर देकर महाविद्यालय प्रबंधन, ट्रस्ट सोसाइटी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष आपराधिक जांच की मांग की है।

तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 से उन्होंने महाविद्यालय में छात्र निधियों की धनराशि के कथित दुरुपयोग, वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं और एक अनुसूचित जाति कर्मचारी के साथ कथित उत्पीड़न को लेकर शिकायतें की थीं। इसके बाद उनके खिलाफ कथित झूठे बयानों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई और आपराधिक मामला दर्ज कराने का प्रयास किया गया।

विशेष ऑडिट का हवाला

प्रो. चौधरी के अनुसार, 10 से 12 जून 2024 के बीच राज्य सरकार की ओर से कराए गए विशेष ऑडिट में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आए थे। उन्होंने कहा कि छात्र निधि का उपयोग ट्रस्ट के कार्यक्रमों और अन्य गैर-छात्रहित कार्यों में किए जाने की जांच होनी चाहिए।

निलंबन रद्द, फिर भी ज्वाइनिंग नहीं

तहरीर में कहा गया है कि 23 अप्रैल 2025 को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति ने उनका निलंबन निरस्त कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें महाविद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं करने दिया गया। उनका आरोप है कि इस दौरान किसी सक्षम न्यायालय का कोई प्रभावी स्थगन आदेश नहीं था।

बैंक खातों में हस्ताक्षर बदलने का आरोप

प्रो. चौधरी ने महाविद्यालय के चार HDFC बैंक खातों के हस्ताक्षर प्राधिकरण में उनके ज्वाइन करने से ठीक पहले कथित अनियमित परिवर्तन का भी आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए शासनादेश के विरुद्ध एक परिवर्तित प्रस्ताव बैंक को भेजा गया, जिस पर प्रबंधन के सचिव के हस्ताक्षर नहीं थे। इस मामले में तत्कालीन कार्यवाहक प्राचार्या, स्टेनोग्राफर, सहायक लेखाकार और ट्रस्ट अध्यक्ष की भूमिका की जांच की मांग की गई है।

कूटरचित दस्तावेज और समिति का आरोप

तहरीर में विश्वविद्यालय के Affiliation Department, तत्कालीन क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और महाविद्यालय प्रबंधन पर कथित कूटरचित बैठकों की कार्यवाही, दस्तावेज और प्रस्ताव तैयार करने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा एक कथित अवैध समिति के गठन और उसकी रिपोर्ट को सरकारी कार्यालयों में शिकायतों के निस्तारण का आधार बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

RTI और IGRS पर भी सवाल

प्रो. चौधरी ने आरोप लगाया कि मई 2026 से RTI के तहत मांगी गई सूचनाएं नहीं दी गईं या अधूरी दी गईं। IGRS और CPGRAMS पर की गई शिकायतों का भी मूल अभिलेखों की जांच के बिना भ्रामक रिपोर्टों के आधार पर निस्तारण किया गया। उन्होंने उप निबंधक कार्यालय, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, जिलाधिकारी कार्यालय और अन्य विभागों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

क्या चाहती हैं प्राचार्या?

1. छात्र निधि, बैंक खातों, निलंबन, कथित झूठे बयानों और कूटरचित दस्तावेजों की अलग-अलग नहीं, बल्कि एक साथ निष्पक्ष जांच हो।

2. CCTV फुटेज, ऑडियो, मूल फाइलें, नोटशीट और बैंक रिकॉर्ड सीधे संबंधित विभागों से प्राप्त किए जाएं।

3. दोषी पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस की ओर से इस तहरीर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। महाविद्यालय प्रबंधन और नामजद पक्षों का पक्ष भी अभी सामने आना बाकी है।

रालोद के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, पत्रकारों को किया संबोधित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के नवनियुक्त मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर ने शनिवार को साथियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मेरठ में विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 1857 की क्रांति के महानायक शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अंतिम चरण में मेरठ कॉलेज के सामने स्थित किसान मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर विवेक बाफर ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल महापुरुषों के विचारों, सामाजिक न्याय, भाईचारे, समानता एवं किसान हितों की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में पार्टी किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों एवं समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए कार्य कर रही है। मेरठ महानगर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, जम्मू-कश्मीर एवं हरियाणा प्रभारी विनय प्रधान, संगीता धोरे, पंजाब एवं चंडीगढ़ प्रभारी दिलप्रीत कोहली, क्षेत्रीय सचिव नरेश कुमार, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अभि सिंगल, एससी-एसटी प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष आर. देव, युवा प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष हेमंत कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर अध्यक्ष सरदार विकुल चौधरी, बागपत अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष हारून चौधरी एवं निवर्तमान महानगर अध्यक्ष नईम सागर सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

माटीकला मेला संपन्न, सात दिन में हुई 70 लाख की बिक्री

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित क्षेत्रीय माटीकला मेला वर्ष 2026-27 का समापन मुख्य अतिथि विधायक अश्विनी त्यागी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सुश्री मान्या चतुर्वेदी, क्षेत्रीय संयोजक पश्चिम उत्तर प्रदेश आलोक सिसोदिया, ब्लॉक प्रमुख खरखौदा अतुल त्यागी व क्षेत्र पंचायत सदस्य कपिल अठाना ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया और अपना मार्गदर्शन प्रदान किया। सात दिवसीय मेले में लगभग 70 लाख रुपये की बिक्री हुई। मुख्य अतिथि विधायक अश्विनी त्यागी व जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी द्वारा माटीकला निःशुल्क टूल-किट्स वितरण योजना के अंतर्गत जितेन्द्र सिंह ग्राम दिलेर, मोहम्मदपुर धूनी, रश्मि ग्राम हसनपुर रजापुर, पोस्ट कलीना, मवाना एवं सागर भदौरिया ग्राम चांदपुरा, खरखौदा, मेरठ को निःशुल्क पगमिल मशीन एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही माटीकला मेले में स्टॉल लगाने वाली इकाइयों एवं ड्यूटी करने वाले विभागीय कर्मियों को प्रमाण-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्रीय माटीकला महोत्सव का उद्देश्य माटीकला उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना तथा आमजन को माटीकला उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। मेले में आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन उद्देश्यों को साकार करने का प्रयास किया गया।

सरधना चर्च के वार्षिक मेले की सुरक्षा का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ।  जिलाधिकारी मेरठ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने थाना सरधना क्षेत्र के कस्बा सरधना स्थित चर्च में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चर्च परिसर एवं मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। मेले के दौरान सतर्क दृष्टि रखने, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए भी कहा गया। मेले को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

दीपावली मिलन समारोह में मंडप कर्मियों व मीडिया कर्मियों का सम्मान

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। नगर के द्वारिका फार्म हाउस पर दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडप के कर्मचारियों व मीडिया कर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि समाजसेवी केपी चौधरी ने कहा कि दीपावली आपसी भाईचारा कायम करती है। इस पर्व पर हिंदू धर्म के लोग मुस्लिम समाज के लोगों को मिठाई देकर भाईचारा मजबूत करते हैं। विशिष्ट अतिथि रणवीर सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से दोनों समाजों को सही संदेश मिलता है। दीपावली और ईद सभी को आपसी भाईचारे से मनानी चाहिए, तभी देश आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपज पत्रकार संगठन के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जयवीर त्यागी ने की, जबकि संचालन रवि गौतम ने किया।

इस अवसर पर साहूकार निगम, पवन कुमार, राहुल चौधरी, समर, आशु सैफी, राजीव शर्मा, मुनेंद्र त्यागी, खजूरी, रालोद नेता बिजेंद्र भाटी, नरेश गुर्जर, मनोज प्रजापति, प्रमोद त्यागी, बिशनपाल सिंह, नीरज प्रजापति आदि मौजूद रहे। मंडप प्रबंधक मनीष त्यागी ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उपहार देकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।