मेरठ।ऑब्स एवं गायनिक सोसाइटी की ओर से गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन में भव्य दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। सोसाइटी की सचिव एवं न्यूटीमा हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका गर्ग ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पैट्रन डॉ. उषा शर्मा, अध्यक्ष डॉ. भारती माहेश्वरी, सचिव डॉ. प्रियंका गर्ग और उपसचिव डॉ. ईशा खनूजा ने लक्ष्मी-गणेश पूजन के साथ किया। समारोह का मुख्य आकर्षण डॉ. भारती माहेश्वरी, डॉ. प्रियंका गर्ग और डॉ. ईशा खनूजा द्वारा ‘मेरी चौखट पर चलकर राम आए हैं’ भजन पर राम स्तुति रही। वहीं न्यूटीमा हॉस्पिटल की नर्सिंग स्टाफ ने धनुची नृत्य से मां दुर्गा की आराधना की। इस मौके पर डॉ. प्रियंका गर्ग ने कहा कि दिनभर मरीजों की सेवा में जुटी महिला चिकित्सकों के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई ऊर्जा और मानसिक सुकून देते हैं, जिससे वे बेहतर सेवाएं दे पाती हैं।
मेरठ। यूपी STF ने 50 हजार के इनामी अभियुक्त अरबाज को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है।
STF के मुताबिक, थाना दोघट, बागपत में दर्ज मु0अ0सं0 164/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था। दिनांक 03-11-2026 को रात 8:41 बजे बराल रेलवे स्टेशन, बुलंदशहर से उसे पकड़ा गया। गिरफ्तारी अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, STF मेरठ के पर्यवेक्षण में उ0नि0 संजय कुमार की टीम ने की।
अभियुक्त – अरबाज पुत्र उम्मेद, निवासी जाकिर कॉलोनी काला आम गली नं-34, लिसाड़ीगेट, मेरठ।
पूछताछ में अरबाज ने बताया कि वह कबाड़ी की दुकान पर काम करता है। जनवरी-2024 में मनोज और अक्षय से संपर्क हुआ और साथ में चोरी करने लगा। मार्च-2024 में दोघट क्षेत्र में बिजली तार चोरी की घटना में जेल गया था, जिसके बाद से गैंगस्टर में फरार चल रहा था।
अभियुक्त पर दोघट थाने में 2 मुकदमे दर्ज हैं, अग्रिम कार्रवाई थाना दोघट पुलिस करेगी।
मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र के DIG कलानिधि नैथानी ने दीपावली त्योहार के दृष्टिगत अग्निशमन विभाग और परिक्षेत्र के सभी थानों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी के दौरान लापरवाही से हादसे की आशंका रहती है, इसलिए अग्नि सुरक्षा मानकों का हर स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाए।
DIG ने कहा कि अग्निशमन की सभी गाड़ियां और उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रहें और इमरजेंसी कॉल पर न्यूनतम समय में मौके पर पहुंचा जाए। किसी भी आपात स्थिति में 112 या 101 पर कॉल करें।
मुख्य निर्देश –
पानी के स्रोतों की सूची कंट्रोल रूम में चस्पा करने और निजी फायर सर्विस से समन्वय के निर्देश
विस्फोटक नियमावली 2008 के नियमों का पालन, आतिशबाजी की दुकानों पर मानक व्यवस्था अनिवार्य
Peak Hours में शहर के मुख्य पॉइंट्स पर फायर ब्रिगेड की तैनाती
फायर स्टाफ गमबूट, डांगरी, गॉगल्स, ब्लैंकेट के साथ रहे तैयार
मेरठ। अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर की अध्यक्षता में आज कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों एवं अपराध नियंत्रण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
एडीजी ने बताया कि बैठक मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में आयोजित की गई, जिसमें कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, चुनाव संबंधी तैयारियों, आईजीआरएस एवं विभिन्न अपराध नियंत्रण अभियानों के संबंध में समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।इस समीक्षा बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ एवं सहारनपुर परिक्षेत्र सहित जोन के सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, एलआईयू, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी सम्मिलित हुए।
बैठक में प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा –
1. आगामी त्योहारों एवं चुनाव की तैयारियां: आगामी त्योहारों, मेलों तथा गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के निर्देश दिये गये। मेला स्थलों, प्रमुख घाटों, स्नान स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं जल पुलिस की तैनाती तथा सीसीटीवी एवं ड्रोन से सतत निगरानी के निर्देश दिये गये। साथ ही चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने को कहा गया।
2. नियुक्ति पत्र वितरण एवं आईजीआरएस: दिनांक 06 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।
3. NBW एवं इनामी अपराधियों पर अभियान: गैर-जमानती वारंट (NBW) के निष्पादन एवं इनामी/वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिये गये।
अंत में एडीजी महोदय ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराधों की रोकथाम और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।
उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश कतई बर्दाश्त नहीं, अराजक तत्वों पर जीरो टॉलरेंस की नीति से होगी कार्रवाई: मुख्यमंत्री
नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। आगामी पर्व-त्योहार उल्लास, उमंग, आस्था और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन अवसरों पर प्रदेश में सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी अप्रिय घटना पर्वों के उल्लास में खलल न डाल सके। मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए। दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के दृष्टिगत शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। साथ ही, सोशल मीडिया पर 24 घंटे पैनी नजर रखते हुए अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने अथवा शरारतपूर्ण बयानबाजी से माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित व प्रभावी विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अयोध्या में 07 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात प्रबंधन सुनिश्चित हो तथा रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर जनसामान्य के बीच व्यापक रूप से प्रसारित किया जाए।प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
धनतेरस और दीपावली के दृष्टिगत मुख्य बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24×7 पुलिस निगरानी, सघन पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और पीआरवी-112 निरंतर सक्रिय रहे। प्रतिमा स्थापना के कार्यक्रमों में नियमानुसार समयबद्ध अनुमति दी जाए। ऐसे आयोजनों की आड़ में दुर्भावनापूर्ण ढंग से विवाद खड़ा करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की चेष्टा करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएं।
पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले व सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडरों और आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग को मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी क्षेत्रों में नियमित सैनिटाइजेशन और एंटी-लार्वा फॉगिंग कराई जाए तथा कहीं भी जलभराव, कूड़े के ढेर अथवा सड़कों पर गड्ढों की स्थिति न रहे। पर्वों के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोस्टरमुक्त निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा शुद्ध पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश देते हुए कहा गया कि अनफिट और डग्गामार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।जनहित, किसान कल्याण और कर्मचारी हितों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।
घटतौली की शिकायत मिलने पर ऐसी कठोर कार्रवाई की जाए, जो दूसरों के लिए नजीर बने। सेवानिवृत्त पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके अलावा, आउटसोर्स कार्मिकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय त्योहार से पूर्व अनिवार्य रूप से उनके खातों में अंतरित किया जाए।किसानों के हितों की रक्षा पर बल देते हुए जिलाधिकारियों को यूरिया व डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी उपज की तौल पूरी पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना केंद्र से निराश होकर न लौटे।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिवगण, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त तथा जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।