नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, माधवपुरम में राष्ट्रीय सेवा योजना, इकाई प्रथम द्वारा कौमी एकता सप्ताह का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी मनीषा भूषण के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सप्ताह के दौरान आयोजित महिला दिवस, काव्य पाठ प्रतियोगिता, सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आदि का विवरण प्रस्तुत किया और कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना है। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता हुई। छात्राओं ने हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाने, गति सीमा के पालन और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर विचार प्रस्तुत किए। मूल्यांकन निर्णायक मंडल प्रो. स्वर्णलता कदम और डॉ. जूही बिरला ने किया।
परिणाम में राधिका प्रथम, गुनगुन सैनी द्वितीय और गुलअफ्शां व शीतल तृतीय स्थान पर रहीं। इसके बाद सप्ताह के दौरान हुई सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्राचार्या प्रो. अंजू सिंह ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि एकता ही राष्ट्र की शक्ति है और सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है। उन्होंने छात्राओं से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।


