
नित्य संदेश: 15 नवंबर-जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती विशेष
अमित राव पवार
भारत की स्वतंत्रता का इतिहास केवल राजमहलों, युद्धभूमियों और राजनीतिक आंदोलनों की कथा नहीं है। इसकी नींव उन अनगिनत प्रतिरोधों, बलिदानों और जनसंघर्षों ने भी रखी,जिनकी आवाज लंबे समय तक राष्ट्रीय विमर्श में पर्याप्त स्थान नहीं पा सकी। जंगलों, पहाड़ियों और दूरस्थ अंचलों में जनजातीय समुदाय अपनी भूमि, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा के लिए औपनिवेशिक सत्ता से जूझ रहे थे। उनके लिए स्वतंत्रता महज शासन परिवर्तन नहीं, बल्कि अपनी जीवन-पद्धति और सामुदायिक अधिकारों को बचाने का संकल्प थी।
इसलिए 1857 को अंग्रेजी शासन के विरुद्ध एक निर्णायक व्यापक विद्रोह मानते हुए भी यह याद रखना जरूरी है कि प्रतिरोध उससे बहुत पहले शुरू हो चुका था। अठारहवीं और उन्नीसवीं शताब्दी में देश के अलग-अलग क्षेत्रों में संथाल, भील, कोल, खासी और अन्य समुदायों ने भूमि पर कब्जे, कर-वसूली, साहूकारी शोषण तथा पारंपरिक व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप के विरुद्ध संघर्ष किए। 1817 का ओडिशा का पाइका विद्रोह भी औपनिवेशिक शासन के शुरुआती बड़े जनउभारों में था। पाइका मुख्यतः स्थानीय शासकों की कृषक-सैनिक टुकड़ियां थीं,इस आंदोलन में घुमुसर के कोंध सहित अनेक जनजातीय और गैर-जनजातीय समूहों ने भाग लिया। अतः इसे केवल जनजातीय विद्रोह कहना उचित नहीं,बल्कि व्यापक जनप्रतिरोध के रूप में देखना चाहिए।
इसी गौरवशाली परंपरा के नायक थे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ। छोटानागपुर क्षेत्र में औपनिवेशिक नीतियों, जमींदारी व्यवस्था, महाजनों और ठेकेदारों के हस्तक्षेप ने मुंडा समाज की पारंपरिक खूँटकट्टी भूमि व्यवस्था को आघात पहुंचाया। जिन खेतों और जंगलों पर समुदाय का जीवन निर्भर था, उन्हीं पर उसका अधिकार कमजोर किया जा रहा था। यह संकट केवल आर्थिक नहीं था, यह सामाजिक गरिमा, सांस्कृतिक पहचान और स्वशासन की आकांक्षा पर भी चोट थी। बिरसा ने इस पीड़ा को सामूहिक चेतना में बदला। उन्होंने समाज को एकजुट होने,कुरीतियों से दूर रहने, आत्मसम्मान जगाने और अन्याय का प्रतिरोध करने का संदेश दिया। वे धार्मिक-सामाजिक सुधारक भी थे और जननेता भी। उनके नेतृत्व में 1899-1900 का उलगुलान अर्थात महान उथल-पुथल औपनिवेशिक सत्ता तथा शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध सशक्त आंदोलन बना। इसका मूल आग्रह था कि आदिवासी अपनी धरती, अधिकार और स्वशासन पर फिर से दावा करें। ब्रिटिश शासन ने आंदोलन को बलपूर्वक दबाया। बिरसा 3 मार्च 1900 को गिरफ्तार किए गए और 9 जून 1900 को रांची जेल में मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ। उनके संघर्ष ने जनजातीय भूमि-अधिकारों के प्रश्न को व्यापक रूप से उजागर किया, आगे चलकर छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 ने भूमि हस्तांतरण पर महत्वपूर्ण संरक्षणात्मक प्रावधान किए।
बिरसा की विरासत किसी एक आंदोलन या समुदाय तक सीमित नहीं। तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, टंट्या भील, गोविंद गुरु और रानी दुर्गावती जैसे व्यक्तित्व भी प्रतिरोध, नेतृत्व और आत्मसम्मान की प्रेरक परंपरा के प्रतीक हैं। इनके संघर्षों की परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन उनमें अन्याय के सामने न झुकने का साहस था। इन नायकों को राष्ट्रीय इतिहास में उचित स्थान देना किसी अन्य सेनानी का महत्व घटाना नहीं, बल्कि स्वतंत्रता की कहानी को अधिक संपूर्ण बनाना है।जनजातीय जीवन को समझने के लिए जल,जंगल और जमीन के महत्व को समझना अनिवार्य है। जंगल आजीविका का साधन भर नहीं, वह स्मृतियों, आस्थाओं, औषधीय ज्ञान, लोककथाओं और सामुदायिक संबंधों का संसार है। प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व, संसाधनों के संयमित उपयोग और पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व की परंपराएं आज पर्यावरण संकट के दौर में महत्व रखती हैं। जनजातीय भाषाएं, गीत, नृत्य, लोकदेवता, पर्व, खानपान और मौखिक परंपराएं भारत की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध करती हैं। इनका संरक्षण पूरे राष्ट्र की जिम्मेदारी है।
वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। यह दिन बिरसा मुंडा की जयंती के साथ उन ज्ञात-अज्ञात जनजातीय वीरों और समुदायों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। लेकिन गौरव केवल समारोहों, माल्यार्पण और भाषणों से सार्थक नहीं होगा। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, सम्मानजनक रोजगार, भाषाई-सांस्कृतिक संरक्षण और विकास संबंधी निर्णयों में समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। विकास ऐसा हो जिसमें विस्थापन और उपेक्षा के बजाय अधिकार, सहमति और गरिमा केंद्र में रहें।बिरसा मुंडा का जीवन हमें सिखाता है कि परिवर्तन की शुरुआत जागरूकता, संगठन और आत्मसम्मान से होती है। उनकी जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके आदर्शों को सार्वजनिक जीवन में उतारें, जनजातीय इतिहास को शिक्षा और शोध में उचित स्थान दें तथा वर्तमान पीढ़ियों के अवसरों और अधिकारों की रक्षा करें। भारत की पहचान अनेक भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के संगम से बनी है। इस संगम में जनजातीय समाज का योगदान अविभाज्य है। जंगलों से उठी वह स्वाधीनता-हुंकार आज भी हमें न्याय,समानता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का सदैव संदेश देती है। धरती आबा बिरसा मुंडा और समस्त जनजातीय वीरों को शत-शत नमन। जय हिंद!

(लेखक — देवास (म.प्र.) के युवा लेखक और साहित्यकार है।)


