नित्य संदेश ब्यूरो
सैन जुआन (प्यूर्टो रिको)। 75वें मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीत लिया है। सैन जुआन के होसे मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में 24 नवंबर को आयोजित ग्रैंड फिनाले में निवर्तमान मिस यूनिवर्स मेक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें ताज पहनाया।
27 वर्षीय जेनिफर ने 116 प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर यह खिताब जीता। इसके साथ ही प्यूर्टो रिको को 20 साल बाद छठा मिस यूनिवर्स खिताब मिला। जेनिफर मिस यूनिवर्स के इतिहास में खिताब जीतने वाली पहली विवाहित मां बनी हैं, जिसे इस डायमंड जुबली संस्करण की सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है।

टॉप-5 में कौन-कौन रहा
फिनाले में टॉप-5 में फिलीपींस, न्यूजीलैंड, वेनेजुएला, डोमिनिकन रिपब्लिक और मेजबान प्यूर्टो रिको पहुंची थीं।
• विजेता: जेनिफर बैरेटो, प्यूर्टो रिको
• फर्स्ट रनर-अप: मेलिसा नुनेज, डोमिनिकन रिपब्लिक
• सेकंड रनर-अप: क्लारा वेगास गोएट्ज, वेनेजुएला
• थर्ड रनर-अप: बी मिलन-विंडोर्स्की, फिलीपींस
• फोर्थ रनर-अप: जॉर्जिया वेडिंगटन, न्यूजीलैंड

भारत का सफर टॉप-30 पर थमा
भारत की ओर से केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने हिस्सा लिया था। काजिया टॉप-30 में जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन टॉप-12 की रेस से बाहर हो गईं।
काजिया जयपुर में 23 अगस्त को आयोजित फिनाले में 52 फाइनलिस्ट को हराकर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 बनी थीं। उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मानिका विश्वकर्मा से ताज लिया था। काजिया केरल की कानून की छात्रा हैं।

टॉप-30 में भारत के अलावा न्यूजीलैंड, चिली, ब्राजील, नीदरलैंड, पेरू, क्यूबा, सर्बिया, डोमिनिकन रिपब्लिक, कुराकाओ, अमेरिका, इजरायल, इक्वाडोर, प्यूर्टो रिको, तंजानिया, मेक्सिको, गिनी, कोलंबिया, यूक्रेन, पनामा, कोस्टा रिका, युगांडा, फिलीपींस, फ्रांस सहित अन्य देश शामिल रहे।


