HomeUncategorizedमेरठ में पुलिस के नाम पर वसूली करने वाला शादाब राव गिरफ्तार,...

मेरठ में पुलिस के नाम पर वसूली करने वाला शादाब राव गिरफ्तार, कैफे की आड़ में कारोबारी से 4.72 लाख वसूलने का आरोप

शाहिद खान

नित्य संदेश, मेरठ। पुलिस के नाम पर अवैध वसूली करने के आरोप में शनिवार को शादाब राव को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मवाना का रहने वाला है और लिसाड़ी गेट थाने के सामने साइबर कैफे चलाता था। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों से मिलीभगत कर गाजियाबाद के फर्नीचर कारोबारी शाहिद चौधरी से 4 लाख 72 हजार रुपये वसूले थे। रकम वापस मांगने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले की जांच में शादाब की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ लिसाड़ी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। शनिवार को थाना प्रभारी विशाल कुमार ने पुलिस बल के साथ मवाना स्थित उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

डीआईजी से शिकायत के बाद शुरू हुई थी जांच
गाजियाबाद निवासी फर्नीचर कारोबारी शाहिद चौधरी ने 21 अक्टूबर को डीआईजी कलानिधि नैथानी को शिकायती पत्र दिया था। कारोबारी ने बताया था कि लिसाड़ी गेट पुलिस ने उसका बैंक खाता फ्रीज कर दिया था। इस संबंध में जानकारी करने जब वह थाने पहुंचा तो उसे कथित तौर पर अवैध रूप से हिरासत में बैठा लिया गया। शाहिद ने लिसाड़ी गेट थाने में तैनात दरोगा अंकित सागर और हेड कांस्टेबल नीरज परमार के अलावा मुजफ्फरनगर में तैनात दरोगा आरिफ अली पर मिलीभगत के आरोप लगाए थे।

शिकायत मिलने पर डीआईजी ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। मामला सामने आने के बाद एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने दरोगा अंकित सागर और हेड कांस्टेबल नीरज परमार को निलंबित कर दिया था। वहीं, डीआईजी के निर्देश पर मुजफ्फरनगर एसएसपी ने दरोगा आरिफ अली को भी निलंबित किया था। मामले की जांच एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले को सौंपी गई थी।

जांच में सामने आई 4.72 लाख रुपये की वसूली
जांच में शादाब राव द्वारा कारोबारी से 4 लाख 72 हजार रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई। इसके बाद उसके खिलाफ लिसाड़ी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। शनिवार को पुलिस ने मवाना स्थित उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

थाने के सामने चलाता था साइबर कैफे
मवाना निवासी शादाब राव साइबर कैफे संचालक है। उसका कैफे लिसाड़ी गेट थाने के सामने बताया गया है। आरोप है कि वह इसी कैफे की आड़ में पुलिस के नाम पर अवैध वसूली का काम करता था। मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर भी जांच की गई है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular