नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने आज मिलिट्री हॉस्पिटल (MH), मेरठ पहुंचकर “दृष्टि” संस्करण-13 के अंतर्गत आयोजित सर्जिकल नेत्र शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। राज्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मेरठ में नेत्र शिविर आयोजित कराने का अनुरोध किया था, जिसके फलस्वरूप जनपद में शिविर का आयोजन संभव हो सका। यह शिविर 21 से 25 नवंबर तक सैन्य अस्पताल (R&R), दिल्ली छावनी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
ऑपरेशन दृष्टि सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं (AFMS) की मेगा सर्जिकल नेत्र शिविर श्रृंखला है, जिसका शुभारंभ दिसंबर 2024 में देहरादून से हुआ था। इस श्रृंखला के अंतर्गत अब तक देश के 12 विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
मेरठ में आयोजित शिविर में सेना अस्पताल की मुख्य टीम ब्रिगेडियर एस.के. मिश्रा के नेतृत्व में मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच एवं सर्जरी कर रही है।


