Homeमध्य प्रदेशइंदौररैपिडो बाइक टैक्सी के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में मानव श्रृंखला में...

रैपिडो बाइक टैक्सी के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में मानव श्रृंखला में शामिल हुए ऑटो-कार चालक

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। ‘इंदौर ऑटो चालक महासंघ’ के संस्थापक अध्यक्ष राजेश बिडकर और कार टैक्सी कल्याण समिति के अध्यक्ष सुशील चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रैपिडो, ओला और उबर द्वारा अवैध रूप से बाइक एवं कार टैक्सी का संचालन किया जा रहा है, जिससे कमर्शियल वाहनों का रोजगार खत्म होता जा रहा है। इसके विरोध में संपूर्ण भारत में ऑटो रिक्शा एवं कार टैक्सी यूनियन की अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल 23 नवंबर को आयोजित की गई थी।

​ऑटो रिक्शा और कार टैक्सी चालकों की मांग पर जिला कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश से इंदौर आरटीओ एवं इंदौर यातायात पुलिस ने पिछले दिनों 120 बाइक टैक्सियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए ऑन-स्पॉट चालान और 80 गाड़ियों के कोर्ट चालान बनाकर पेश किए थे। इस कार्रवाई से संतुष्ट ऑटो रिक्शा चालकों ने बाइक टैक्सी के खिलाफ राष्ट्रीय बंद हड़ताल का समर्थन करते हुए स्थानीय इकाई के बैनर तले रीगल चौराहे स्थित गांधी प्रतिमा पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था।

​प्रातः 10:00 बजे सैकड़ों की संख्या में रिक्शा चालक रीगल चौराहे पर इकट्ठा हुए और हाथ में पोस्टर लेकर जिला कलेक्टर, इंदौर आरटीओ व यातायात पुलिस की चालानी कार्रवाई का समर्थन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही, इस कार्रवाई को आगे भी जारी रखने की मांग की।

​पदाधिकारियों ने बताया कि इंदौर में 15,000 से अधिक रैपिडो बाइक टैक्सियां संचालित की जा रही हैं। रैपिडो कंपनी के पास न तो एग्रीगेटर का लाइसेंस है और न ही ट्रेड लाइसेंस। इसके बावजूद, अपनी पहचान छुपाकर कई बाइक राइडर इंदौर की छात्राओं व महिलाओं को लाते-ले जाते हैं, जिससे छेड़छाड़, बैड टच (Bad Touch) से लेकर बलात्कार तक की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इनका चरित्र सत्यापन स्थानीय थानों से होना चाहिए, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया जा सके।

​श्री बिडकर ने रैपिडो बाइक टैक्सी चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि इंदौर की जनता महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं एवं अश्लील हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि आपको काम करना है, तो पहले एग्रीगेटर की शर्तों को पूरा करें, दोपहिया वाहन को कमर्शियल में रजिस्टर करवाएं एवं अपना ड्रेस कोड और हेलमेट चिन्हित करें। अन्यथा ऑटो रिक्शा व कार ड्राइवर अपनी ‘इंदौरी स्टाइल’ में आपको रोड पर जवाब देंगे, या फिर अपना यह अवैध व्यवसाय तुरंत बंद करें। यह ऑटो रिक्शा महासंघ की ओर से आखिरी चेतावनी है; अवैध बाइक टैक्सी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

​उन्होंने मांग की कि कलेक्टर के आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए और अवैध बाइक टैक्सी के खिलाफ सतत चालानी कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध (दर्ज) करना चाहिए।

​मानव श्रृंखला में मुख्य रूप से निलेश सूर्यवंशी, पंकज मालवीय, रोहित बुडानिया, हरीश पवार, सुनील सोलंकी, गोपी जोशी, धर्मा वर्मा, आकाश सैनी और दिलीप चौहान उपस्थित थे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular