Homeउत्तर प्रदेशमेरठहोटल स्क्वायर सील, आरोपी सलमान के परिजन हिरासत में

होटल स्क्वायर सील, आरोपी सलमान के परिजन हिरासत में

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर में युवती को बंधक बनाकर मारपीट के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वीडियो वायरल होने के बाद होटल को सील कर दिया गया है और फरार आरोपी के परिजनों को हिरासत में लिया गया है।

क्या है पूरा मामला

गाजियाबाद निवासी युवती की मुलाकात करीब दो साल पहले गाजियाबाद के एक मॉल में कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित जैनपुर निवासी सलमान उर्फ सोनू से हुई थी। दोनों ने परतापुर के रिठानी में साझेदारी में होटल भी चलाया था, जो बाद में बंद हो गया। इसी बीच युवती की शादी तय हो गई और उसने सलमान से संपर्क तोड़ दिया। सोमवार को युवती ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहने वाली अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई थी।

आरोप है कि सहेली के परिचित कृष्णा ने सलमान को युवती के मेरठ आने की सूचना दी। कृष्णा ही कार से युवती, उसकी सहेली और सहेली की भाभी को आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल लेकर पहुंचा। होटल का संचालन गोविंद चौरसिया कर रहा है और कृष्णा ही वहां मैनेजर है। होटल में पहले से मौजूद सलमान युवती को अलग कमरे में ले गया। आरोप है कि उसने युवती का मोबाइल छीन लिया और रातभर कमरे में बंधक बनाकर टॉर्चर किया। दो बच्चों का पिता सलमान युवती पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था।

बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए भागी युवती

मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे युवती किसी तरह आरोपी को झांसा देकर होटल से बाहर निकली और आबूलेन बाजार में पहुंच गई। पीछा करते हुए सलमान ने बीच सड़क पर युवती को गिराकर पीटा और बाल पकड़कर गोद में उठाकर वापस होटल में ले जाने लगा। युवती के शोर मचाने पर दुकानदार और राहगीर एकत्र हो गए। लोगों ने युवती को छुड़ाया और आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। भीड़ से बचकर सलमान होटल की छत पर चढ़ा और पीछे से कूदकर फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना रजिस्टर एंट्री के होटल में कमरे दिए जा रहे हैं। पुलिस ने युवती की तहरीर पर सलमान के खिलाफ बंधक बनाने, बीच बाजार में मारपीट करने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। बीएनएस की धारा 115(2), 127(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं, होटल मैनेजर को हिरासत में लिया गया है।

सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि 24 नवंबर को होटल में युवक-युवती के बीच झगड़े व मारपीट का वीडियो सामने आया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को सकुशल थाने लाया। युवती ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को पिछले ढाई साल से जानते हैं। बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई के लिए प्रशासनिक अधिकारी, SSP मेरठ और SP सिटी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular