नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कार्तिक पूर्णिमा के गंगा स्नान पर्व और मेरठ में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मेरठ जोन भानु भास्कर ने हापुड़ और मेरठ में विभिन्न स्थलों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।सबसे पहले एडीजी ने मंडलायुक्त मेरठ, डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र, जिलाधिकारी हापुड़ और एसपी हापुड़ के साथ गढ़ गंगा मेला क्षेत्र का भ्रमण किया।
मेला क्षेत्र में बने घाटों और आरती स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर बनाए गए हेलीपैड स्थल और अस्थायी पुलिस लाइन के आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा मानकों को परखा गया।
इसके बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र में फुट पैट्रोलिंग कर जमीनी हकीकत जानी। मेला स्थित मीटिंग हॉल में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की गई, जिसमें पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
कुलवंत सिंह स्टेडियम का निरीक्षणगढ़ गंगा मेला के बाद एडीजी भानु भास्कर मेरठ पहुंचे। यहां उन्होंने डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र, एसएसपी मेरठ, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण और अन्य अधिकारियों के साथ थाना लालकुर्ती क्षेत्र के कुलवंत सिंह स्टेडियम (माल रोड, कैंट) का दौरा किया।प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए उन्होंने स्टेडियम के बाहरी क्षेत्र, संपूर्ण परिसर और सभास्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।


