HomeUncategorizedपुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी चोर गिरफ्तार, फायरिंग कर भाग...

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी चोर गिरफ्तार, फायरिंग कर भाग रहा था, बाइक फिसलने से गिरा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में स्वाट टीम नगर और ब्रह्मपुरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25,000 रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। भागने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आसिफ पुत्र नवाब निवासी तारापुरी, थाना ब्रह्मपुरी, हाल निवासी कुट्टी वाली गली, थाना लिसाड़ीगेट, मेरठ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 चोरी की मोटरसाइकिल और 6,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

माधवपुरम में हुई थी चोरी

दिनांक 26.09.2026 को सेक्टर-03, माधवपुरम निवासी दीपक कुमार ने थाना ब्रह्मपुरी पर तहरीर दी थी कि अज्ञात चोर ने उनके घर के दरवाजे का कुंडा तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और 40,000 रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। इस मामले में थाना ब्रह्मपुरी पर मु0अ0सं0 385/2026 धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में घटना के खुलासे के लिए टीमों को लगाया गया था।

ऐसे हुआ एनकाउंटर

गुरुवार को स्वाट टीम नगर और थाना ब्रह्मपुरी पुलिस सेक्टर 02-04 की पुलिया, माधवपुरम पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-04 की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और बच्चा कब्रिस्तान की ओर भागने लगा। करीब 100 मीटर आगे उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पता चला कि बरामद 6,500 रुपये चोरी के माल को बेचकर प्राप्त धनराशि में से बचे हुए हैं।

6 मुकदमे दर्ज हैं आसिफ पर

पुलिस के मुताबिक आसिफ 25,000 रुपये का इनामी अपराधी है। उसके खिलाफ मेरठ और हापुड़ के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के कुल 06 अभियोग पंजीकृत हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना ब्रह्मपुरी पर मु0अ0सं0 449/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/28 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश काम्बोज, प्रभारी स्वाट टीम नगर मनीष शर्मा मय स्वाट टीम, उ0नि0 विकास रावत, उ0नि0 अनुज कटियार, है0का0 पुष्पेन्द्र चाहल और का0 लोकेन्द्र पंवार शामिल रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular