
नित्य संदेश ब्यूरो
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (एएसएमसी), ललितपुर के ईएनटी विभाग ने एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल करते हुए जनपद में पहली बार पैरोटिड (लार ग्रंथि) के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। इस जटिल सर्जरी के माध्यम से दो वर्षों से चेहरे की सूजन से परेशान 50 वर्षीय महिला को राहत मिली है।
ललितपुर (बानपुर )निवासी 50 वर्षीय महिला पिछले लगभग दो वर्षों से चेहरे के दाहिने हिस्से में सूजन की समस्या से परेशान थीं। उपचार के लिए उन्होंने एएसएमसी ललितपुर के ईएनटी विभाग में विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता द्विवेदी से परामर्श लिया। इसके बाद महाविद्यालय में ही मरीज की आवश्यक जांचें, जिनमें अल्ट्रासाउंड (USG), सीटी स्कैन (CT Scan) एवं एफएनएसी (FNAC) शामिल थीं, कराई गईं। जांचों में पैरोटिड लार ग्रंथि का ट्यूमर, जिसे चिकित्सकीय भाषा में प्लियोमॉर्फिक एडेनोमा (Pleomorphic Adenoma) कहा जाता है, होने की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों द्वारा मरीज एवं परिजनों को बीमारी की प्रकृति, उपचार तथा ऑपरेशन की आवश्यकता के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके बाद मंगलवार, 27 अक्टूबर को सफलतापूर्वक सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की जटिलता या प्रतिकूल स्थिति सामने नहीं आई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
यह सर्जरी ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। ऑपरेशन में सहायक आचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता एवं सीनियर रेजिडेंट डॉ. अरविंद ने सहयोग किया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. महेंद्र तथा नर्सिंग स्टाफ से सिस्टर शाहाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जनपद में पहली बार इस प्रकार की सर्जरी का सफलतापूर्वक किया जाना एएसएमसी ललितपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्पष्ट है कि अब जनपद के मरीजों को जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उन्हें अपने ही जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


