नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने संविधान सभा का दृश्य प्रस्तुत कर दर्शकों को 1946-49 के ऐतिहासिक दौर में पहुंचा दिया।नाट्य प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने संविधान निर्माताओं की भूमिकाओं का सजीव चित्रण किया।
संविधान सभा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद की भूमिका में विशिष्ट, प्रारूप समिति के अध्यक्ष भीमराव अंबेडकर की भूमिका में यशराज और जवाहरलाल नेहरू की भूमिका में ऋषभ ने उद्देश्य प्रस्ताव प्रस्तुत किया। अन्य विद्यार्थियों ने संविधान सभा के सदस्यों की भूमिका निभाकर अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और प्रस्तावना पर चर्चा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का संचालन राजनीति शास्त्र प्रवक्ता पूजा शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था।इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार शर्मा, राजकुमार त्यागी, मीनाक्षी वर्मा, शुभांगी पुंडीर सहित आचार्यगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि संविधान देश की आत्मा है, विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखना चाहिए।अंत में सभी ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।


