HomeUncategorizedहवाई हमले का सायरन बजते ही ब्लैक आउट, मलबे में फंसे लोगों...

हवाई हमले का सायरन बजते ही ब्लैक आउट, मलबे में फंसे लोगों को निकालने दौड़ी टीमें

  • पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल के दौरान बम और ड्रोन हमले का दृश्य बनाया, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शाम छह बजे अचानक सायरन गूंजा और बिजली गुल हो गई। कुछ ही देर में सामान्य जनजीवन हमले की स्थिति में बदल गया। कहीं इमारतें क्षतिग्रस्त थीं तो कहीं आग की लपटों के बीच लोग घायल पड़े थे। पुलिस ने मोर्चा संभाला, फायर ब्रिगेड आग बुझाने पहुंची और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुट गया। यह वास्तविक हमला नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों को परखने के लिए आयोजित हवाई हमला और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का दृश्य था।

रविवार शाम पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित मॉक ड्रिल में हवाई हमले की स्थिति पैदा कर विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों और आपसी समन्वय को परखा गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति की मौजूदगी में अभ्यास शुरू हुआ। इसमें पुलिस, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, विद्युत विभाग, एनसीसी और जिला सूचना कार्यालय समेत अन्य विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।

सायरन बजते ही शरण स्थल पहुंचे नागरिक, बिजली आपूर्ति बंद

अभ्यास के दौरान नियंत्रण केंद्र से हवाई हमले का लाल संकेत जारी होते ही सायरन बजाया गया। प्रशिक्षित नागरिकों और सुरक्षा टीमों ने सुरक्षित शरण स्थलों में पहुंचकर बचाव की प्रक्रिया शुरू की। विद्युत विभाग ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट किया, जिससे हमले के दौरान सुरक्षा उपायों का परीक्षण किया जा सके।

काल्पनिक बम और ड्रोन हमले में कई लोगों के घायल होने और भवन क्षतिग्रस्त होने का दृश्य तैयार किया गया। इसके बाद नागरिक सुरक्षा वार्डन ने प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर घायलों, आग और क्षतिग्रस्त भवनों की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

फायरमैन लिफ्ट से निकाले घायल, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया

बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित निकालकर मेडिकल टीम तक पहुंचाया। छोटी आगों को अग्निशमन यंत्रों से बुझाया गया, जबकि बड़ी आग पर फायर ब्रिगेड ने नियंत्रण किया। क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को फायरमैन लिफ्ट तकनीक से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर घायलों को एंबुलेंस से पुलिस लाइन में बनाए गए चिह्नित अस्पताल पहुंचाया गया।

अभ्यास में अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य प्रजापति, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले, पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश श्रीवास्तव और उप जिलाधिकारी सदर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन बृजेश कुमार सैनी, प्रभागीय वार्डन राजकुमार खत्री, फारूख चौधरी, ओम प्रकाश, रमेश चंद्र शर्मा, मुकेश रस्तौगी, ऋषि कुमार शर्मा, डीके शर्मा और पुनीश ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। मास्टर ट्रेनर गुलाम मोईनुद्दीन, विनोद मदान, संजय गर्ग और राजाराम गिरि समेत नागरिक सुरक्षा के अन्य पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक भी बचाव अभियान का हिस्सा रहे।

सभी बचाव और उपचार प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मॉक ड्रिल के समापन की घोषणा की गई। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिक सुरक्षा विभाग समेत सभी प्रतिभागी टीमों को सफल अभ्यास के लिए बधाई दी।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों, विभागों के बीच समन्वय और राहत कार्यों की गति को परखना था। इस तरह के अभ्यास आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने के साथ लोगों में संकट के समय सतर्कता और सुरक्षित व्यवहार की समझ विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular