नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शारदा रोड स्थित प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित हनुमान चालीसा की लगभग पौने तीन सौ वर्ष प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपि का दर्शन व समर्पण उत्सव धूमधाम से मनाया गया। डॉ. पंकज झा के निर्देशन में उनके शिष्य समूह ने स्वस्तिवाचन के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।
आयोजक पंडित शंकर दत्त ब्रह्मा देवी संस्कृति विरासत एवं इतिहास समीक्षा संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर देवेश चंद्र शर्मा ने बताया कि यह दुर्लभ पांडुलिपि संस्थान के संग्रहालय में संरक्षित है। हस्तलिखित पांडुलिपि और वर्तमान में प्रचलित हनुमान चालीसा के कुछ दोहों और पदों में अंतर है। अवधी भाषा के विद्वानों और धर्माचार्यों द्वारा इन दोहों की पुनः गंभीर अन्वेषण व समीक्षा की आवश्यकता है। संस्थान के संग्रहालय में गोस्वामी तुलसीदास कृत संकट मोचन हनुमान अष्टक, हनुमान बाहुक की मूल पांडुलिपि भी है, उस पर भी शोध कार्य चल रहा है।
संस्थान के संरक्षक डॉ. लोकेश चंद्र शर्मा, प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर के संरक्षक महंत पंडित अशोक शर्मा व महंत आचार्य मदन के संयुक्त तत्वावधान में पांडुलिपि को आम जन के लिए विधिवत समर्पित किया गया।
विश्व हिंदू पीठ के अध्यक्ष महंत आचार्य मदन ने कहा कि जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने कुछ समय पूर्व दावा किया था कि मौलिक हनुमान चालीसा में ‘सब पर राम राय सिर ताजा’ दोहा है, उनका कथन इस 271 वर्ष प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपि से सही सिद्ध होता है। आचार्य मदन ने हनुमान चालीसा की सरल शब्दों में व्याख्या की।
शास्त्रीय गायक पवनेश गौड़ और उमा भार्गव ने हनुमान जी के भजन सुनाए। इस अवसर पर संस्थान की ओर से डॉक्टर कपिल धवन को विशेष वाल्मीकि रामायण सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मनोज शर्मा, पंकज शर्मा, ज्योति शर्मा, शैली शर्मा, तस्वीर चपराना, बीपीएस चौहान, कैप्टन सुभाष, भरत राजपूत, अभिषेक अग्रवाल, निशांत जिंदल, दीपक शर्मा, प्रो. विवेक त्यागी, डॉ. गलेन्द्र शर्मा, प्रदीप शर्मा, डॉ. गौरव दत्ता, शशांक शर्मा, मानसी शर्मा, मोनिका जैन, तरुण और दीपा आदि का सहयोग रहा। प्राचीन हनुमान चालीसा की हस्तलिखित पांडुलिपि की प्रकाशित प्रतियां प्रसाद के रूप में वितरित की गईं।


