
नित्य संदेश ब्यूरो
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, ललितपुर में एमबीबीएस 2026 बैच के 100 नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए भव्य श्वेत कोट समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला, उपप्रधानाचार्य सुश्री श्रुति सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मधुरेंद्र राजपूत एवं सीएमएस डॉ. गजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।समारोह में अतिथियों ने विद्यार्थियों को श्वेत कोट पहनाकर उनके चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत की।
प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को महर्षि चरक शपथ दिलाई तथा सेवा, करुणा, संवेदनशीलता और चिकित्सा नैतिकता के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया।माननीय मंत्री श्री मनोहर लाल पंथ ने विद्यार्थियों को अच्छा चिकित्सक बनने के साथ एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। विधायक श्री रामरतन कुशवाहा ने निरंतर परिश्रम एवं लगन से अध्ययन करने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने तथा महाविद्यालय प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सकों एवं संकाय सदस्यों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन ने समारोह को यादगार बनाया।श्वेत कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि मानवता की सेवा, विश्वास, करुणा और चिकित्सकीय नैतिकता का प्रतीक है।


