नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के दूसरे दिन संभागीय परिवहन कार्यालय ने स्कूली वाहनों और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन, विंध्याचल गुप्ता एवं यात्रीकर अधिकारी नीलम के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न मार्गों पर जांच की। विद्यालयों की आकस्मिक जांच में फिटनेस, दस्तावेज, स्पीड गवर्नर, फायर एक्सटिंग्विशर व फर्स्ट एड किट में कमी मिलने पर स्कूली वाहनों के 20 चालान किए गए और गंभीर अनियमितता पर 4 वाहन जब्त किए गए।
वहीं ओवरस्पीडिंग पर 92 चालान किए गए। अधिकारियों ने कहा कि स्कूली वाहनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और यह अभियान पखवाड़े के बाद भी निरंतर जारी रहेगा।


