नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्या भारती के राष्ट्रीय महामंत्री देशराज शर्मा का तीन दिवसीय प्रवास चल रहा है। आगमन पर छात्र-छात्राओं ने पुष्प वर्षा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका अभिनंदन किया।
प्रवास के दौरान देशराज शर्मा ने विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और संस्कारात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल मैदान, कंप्यूटर कक्ष और संस्कार केंद्र का निरीक्षण किया। बच्चों की कॉपियों, गृहकार्य और प्रोजेक्ट कार्य को भी देखा। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों, आचार्यगण, प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और विद्या भारती के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अलग-अलग संवाद किया। विद्यार्थियों से पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल परीक्षा में अंक लाना नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए चरित्रवान, संस्कारवान और आत्मनिर्भर नागरिक तैयार करना है।

अभिभावकों से संवाद में उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में विद्यालय और घर दोनों की भूमिका समान है। बच्चों को मोबाइल की लत से बचाकर संस्कार, पुस्तकों और खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। आचार्यगण और प्रधानाचार्यों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि आचार्य ही विद्यालय की आत्मा है। आचार्य का आचरण ही विद्यार्थी का भविष्य तय करता है। इसलिए आचार्य को सदैव अध्ययनशील, अनुशासनप्रिय और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहना चाहिए।

इस अवसर पर प्रदेश निरीक्षक विशोक, संभाग निरीक्षक जगवीर शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा सहित प्रबंध समिति के पदाधिकारी, विद्या भारती के अनेक विद्यालयों के प्रधानाचार्य और आचार्यगण उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री का तीन दिवसीय प्रवास विद्यालय के लिए सौभाग्य का विषय है। उनके मार्गदर्शन से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा और दिशा मिली है।


