- 22 सितंबर की नियमितीकरण स्कीम से मिल सकती है राहत, रिटायर्ड जज ने खोले 7 राज
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर ध्वस्तीकरण प्रकरण में बुधवार को बड़ा खुलासा हुआ। पूर्व जिला न्यायाधीश एवं सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की बिंदुवार व्याख्या की और साफ किया कि ध्वस्तीकरण के बाद अमल की प्रक्रिया क्या होनी थी, क्या हुई और अब प्रभावितों के पास क्या कानूनी रास्ता बचा है?
डॉ. शर्मा ने बातचीत के दौरान सात अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. शर्मा ने कहा कि सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर ध्वस्तीकरण के उपरांत सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत और उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में बनाई गई नीति के तहत अमल की प्रक्रिया तय थी। उन्होंने बताया कि अमल की प्रक्रिया का पालन किस रूप में हुआ, इस पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि आदेशों के सही अमल के बिना प्रभावितों को न्याय नहीं मिल सकता। डॉ. शर्मा ने अवमानना वाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश की व्याख्या की। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने इस वाद में क्या आदेश पारित किया है और उसके पालन की क्या स्थिति है। उन्होंने कहा कि अवमानना वाद का आदेश इस पूरे प्रकरण की दिशा तय करता है और इसके पालन में लापरवाही के कानूनी परिणाम हो सकते हैं। भवनों को गिराए जाने के आदेश के बाद प्रतिकार एवं पुनर्स्थापना की प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या आदेश दिया है, इस पर डॉ. शर्मा ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को प्रतिकार और पुनर्स्थापना का अधिकार कोर्ट के आदेशों में निहित है। उन्होंने प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि प्रभावितों को अपने दस्तावेज, ध्वस्तीकरण से जुड़े साक्ष्य और आदेशों की प्रति के साथ कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
16000 नोटिसों पर दी बड़ी जानकारी
शहर में 16 हजार से अधिक नए भवनों को दिए गए नोटिसों पर डॉ. शर्मा ने कहा कि इन नोटिसों पर घबराने की नहीं, सही प्रक्रिया अपनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि नोटिस मिलने पर भवन स्वामी को समय सीमा के भीतर विधिवत जवाब देना चाहिए, अपने स्वामित्व और निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने चाहिए और बिना कानूनी सलाह के कोई कदम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गलत प्रक्रिया अपनाने पर हजारों लोग परेशानी में पड़ सकते हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 22 सितंबर 2026 को अवैध भवनों के नियमितीकरण के लिए स्कीम बनाई गई है। उन्होंने स्कीम के प्रावधानों की जानकारी दी और कहा कि यह स्कीम हजारों प्रभावितों के लिए राहत का रास्ता खोल सकती है, बशर्ते इसका लाभ सही प्रक्रिया से उठाया जाए।
क्या स्कीम सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप है?
सबसे अहम बिंदु यही रहा कि क्या यह स्कीम सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित आदेशों के सापेक्ष प्रासंगिक है। डॉ. शर्मा ने कानूनी विश्लेषण करते हुए बताया कि स्कीम की प्रासंगिकता को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के आलोक में समझना होगा। उन्होंने कहा कि स्कीम और कोर्ट के आदेशों के बीच टकराव नहीं, सामंजस्य से ही प्रभावितों को राहत मिलेगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्कीम का लाभ उठाने के लिए पात्रता, दस्तावेज, आवेदन की प्रक्रिया और समय सीमा का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधूरी जानकारी के साथ आवेदन करने पर लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।
प्रभावित जनता की मदद करेगा लीगल क्लिनिक
बताया गया कि प्रणव वशिष्ठ लीगल क्लिनिक प्रभावित जनता की हर स्तर पर मदद करेगा। नोटिस का जवाब तैयार करने से लेकर नियमितीकरण के आवेदन, दस्तावेजों की जांच, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार पैरवी और पुनर्स्थापना की प्रक्रिया तक क्लिनिक की ओर से कानूनी मार्गदर्शन दिया जाएगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रभावितों को एकजुट होकर कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए।बताया कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण अब सिर्फ ध्वस्तीकरण का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रतिकार, पुनर्स्थापना और नियमितीकरण की कानूनी लड़ाई बन गया है।


