Homeउत्तर प्रदेशमेरठसड़क सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला...

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को सुरेश देवी हेमचंद त्यागी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गंगानगर, मेरठ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में सुधांशु रंजन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मेरठ द्वारा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों एवं फोर ई (Engineering, Enforcement, Education एवं Emergency) के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सड़क इंजीनियरिंग, यातायात नियमों के प्रवर्तन, जन-जागरूकता तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नेक व्यक्ति अर्थात राहवीर (Good Samaritan) के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले राहवीर को सरकार द्वारा ₹25,000 तक का पुरस्कार प्रदान किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। दुर्घटना के पश्चात शुरुआती एक घंटे अर्थात गोल्डन ऑवर में घायल को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने से उसकी जान बचाई जा सकती है। इस संबंध में विद्यार्थियों को पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यशाला के दौरान हिट एंड रन दुर्घटनाओं में पीड़ितों एवं उनके परिजनों को मिलने वाले मुआवजे की योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने अथवा वाहन से दुर्घटना होने की स्थिति में लागू कानूनी प्रावधानों, अभिभावकों की जिम्मेदारी तथा मिलने वाली सजा के विषय में विस्तार से बताया गया, जिससे विद्यार्थियों को नियमों के उल्लंघन के गंभीर परिणामों से अवगत कराया जा सके।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक अमित तिवारी द्वारा ट्रैफिक लाइट के संकेतों, लाल, पीली एवं हरी बत्ती के महत्व तथा यातायात संकेतों के पालन के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की गई। यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने पैदल यात्रियों संबंधी नियमों के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि बच्चे न केवल स्वयं इन नियमों का पालन करें, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों को भी इन नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। यातायात निरीक्षक श्री लालसा प्रसाद पाण्डे ने विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े अनेक नियम ऐसे हैं जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं होती, परंतु इस प्रकार की कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थी इन नियमों से अवगत होते हैं और दूसरों तक भी यह जानकारी पहुंचा सकते हैं।

कार्यशाला के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने तथा सड़क पर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर यातायात प्रभारी श्री संतोष कुमार, यातायात निरीक्षक श्री लालसा प्रसाद पाण्डे एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री योगेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular