नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में महिला उद्यमिता दिवस के अवसर पर यूनिवर्सिटी एंटरप्रेन्योरशिप सेल एवं इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के 61 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच विकसित करना, महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सारिका के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने महिला उद्यमिता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं को पारंपरिक करियर विकल्पों तक सीमित रहने के बजाय उद्यमिता और एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को नवाचार और मेहनत के बल पर सफल व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन वर्ल्ड फोरम फॉर इनोवेशन एंड इंडस्ट्री की निदेशक एवं सीईओ डॉ. माधुरी गुप्ता ने ‘उद्यमिता और स्टार्टअप विकास’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि एक सफल उद्यमी बनने के लिए केवल अच्छा विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्याओं को पहचानने, उनके समाधान खोजने, नवाचार अपनाने और जोखिम उठाने की क्षमता भी जरूरी है। उन्होंने निरंतर सीखने, बाजार की जरूरतों को समझने और ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप उत्पाद एवं सेवाएं विकसित करने के महत्व को भी समझाया। डॉ. माधुरी गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न स्टार्टअप योजनाओं, वित्तीय सहायता, फंडिंग के अवसरों और उद्यमियों को उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सरकारी योजनाओं और उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग कर वे अपने व्यावसायिक विचारों को सफल स्टार्टअप का रूप दे सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्टार्टअप शुरू करने, फंडिंग प्राप्त करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने से संबंधित कई सवाल पूछे, जिनका डॉ. गुप्ता ने अपने अनुभवों के आधार पर सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया।
अतिथि व्याख्यान के बाद डॉ. गौरव कुमार शर्मा ने ‘बिजनेस प्लान डेवलपमेंट’ विषय पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किया। उन्होंने एक सफल बिजनेस प्लान तैयार करने के प्रमुख पहलुओं की जानकारी देते हुए कार्यकारी सारांश, बाजार विश्लेषण, मार्केटिंग रणनीति, परिचालन योजना, वित्तीय अनुमान और जोखिम मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझाया। उन्होंने कहा कि एक व्यवस्थित और प्रभावी बिजनेस प्लान न केवल व्यवसाय की दिशा तय करता है, बल्कि निवेशकों का विश्वास जीतने और उद्यम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. गौरव कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में निरंतर प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल, सीईओ प्रो. (डॉ.) शल्या राज तथा उपस्थित सभी संकाय सदस्यों और सभी विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप स्थापना और बिजनेस प्लान तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी मिली। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने और भविष्य में रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।


