HomeUncategorizedमेरठ में 'बाइक पर बकबक' का विमोचन, 56 बाइक टैक्सी चालकों की...

मेरठ में ‘बाइक पर बकबक’ का विमोचन, 56 बाइक टैक्सी चालकों की जिंदगी और संघर्षों को किताब में उतारा

राहुल गौतम

नित्य संदेश, मेरठ। बाइक पर सवारी ढोने वाले चालक अक्सर हमारे लिए महज एक राइडर होते हैं, लेकिन उनके पीछे छिपी जिंदगी, संघर्ष और अनुभवों की कहानियां शायद ही कभी सामने आती हैं। इन्हीं अनकही कहानियों को शब्दों में पिरोने वाली पत्रकार एवं लेखक विपिन धनकड़ की पुस्तक ‘बाइक पर बकबक : बाइक-टैक्सी चालकों के क़िस्से’ का रविवार को मेरठ में विमोचन किया गया।

छीपी टैंक स्थित करियर लॉन्चर में आयोजित कार्यक्रम में साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी अनेक हस्तियां मौजूद रहीं।पुस्तक में नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली की सड़कों पर बाइक टैक्सी चलाकर आजीविका अर्जित करने वाले 56 कैप्टन्स की बातचीत और उनके जीवन के अनुभव दर्ज किए गए हैं। इन कहानियों के माध्यम से लेखक ने उन लोगों की दुनिया को सामने लाने का प्रयास किया है, जो अपनी आजीविका के लिए कई तरह की चुनौतियों का सामना करते हुए दोपहिया वाहनों पर लगातार सफर कर रहे हैं।

56 कैप्टन्स की जुबानी जिंदगी के अनसुने किस्से

‘बाइक पर बकबक’ की खासियत यह है कि इसमें बाइक टैक्सी चालकों को केवल एक पेशे तक सीमित करके नहीं देखा गया है। इन 56 कैप्टन्स में डॉक्टर, किसान, इंजीनियर, हॉकर, प्रेस व्यवसाय से जुड़े लोग और सेना से सेवानिवृत्त व्यक्ति तक शामिल हैं। इनमें से कई लोग बाइक टैक्सी चलाने के साथ दो या तीन अन्य काम भी करते हैं।

पुस्तक में कोविड के बाद रोजगार और कारोबार पर पड़े असर, कम वेतन, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सड़क पर रोजाना सामने आने वाले खतरों जैसे मुद्दों को जगह दी गई है। इसके साथ ही जाति, धर्म, युवाओं की दिशा, ट्रैफिक व्यवस्था और गिग इकॉनमी की वास्तविकताओं पर भी बातचीत के जरिए रोशनी डाली गई है।

लेखक ने इन लोगों के अनुभवों को बिना किसी पूर्वाग्रह या निर्णय के दर्ज करने की कोशिश की है। पुस्तक का मूल भाव यही है कि ये लोग सिर्फ बाइक नहीं चलाते, बल्कि अपने परिवार और जिंदगी की जिम्मेदारियों को भी आगे बढ़ाते हैं।

पत्रकारिता और साहित्य जगत की हस्तियां रहीं मौजूद

पुस्तक के विमोचन अवसर पर प्रख्यात पत्रकार एवं लेखक शंभूनाथ शुक्ला, एनएएस कॉलेज में हिंदी की प्रोफेसर एवं साहित्यकार प्रज्ञा पाठक, मेरठ के प्रसिद्ध रेडियोलॉजिस्ट और इतिहासविद डॉ. अमित पाठक, एनएएस कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर आरपी जुयाल तथा दिल्ली में डिप्टी कमिश्नर डॉ. अजय कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अजय कुमार, प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार, दैनिक जागरण के डिप्टी न्यूज एडिटर सुशील मिश्रा, दैनिक जनवाणी के सिटी हेड रामबोल तोमर, राजपाल परवा, रजनीश कौशल, डॉ. बाली धनकड़, डॉ. सुभाष, विशाल शर्मा, वैभव त्रिपाठी, राहुल ढाका, अबूलेन व्यापार संघ के नेता सरदार राजबीर सिंह, व्यंग्यकार विनय नोक, श्रेयांश मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण दीक्षित, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट आबिद, शिवम अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार लियाकत मंसूरी और अशोक सोम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन करियर लॉन्चर के निदेशक डॉ. विक्रांत जावला ने किया।

पत्रकारिता की नजर से आम आदमी की जिंदगी

विपिन धनकड़ की यह पुस्तक पत्रकारिता के उस पहलू को सामने लाती है, जिसमें बड़ी खबरों और चर्चित चेहरों के बजाय रोजमर्रा की जिंदगी में संघर्ष कर रहे आम लोगों को केंद्र में रखा जाता है। बाइक टैक्सी चालकों के अनुभवों के बहाने यह किताब रोजगार, सामाजिक बदलाव और बदलती अर्थव्यवस्था की उन तस्वीरों को सामने लाती है, जिनसे शहरी जीवन का एक बड़ा हिस्सा जुड़ा हुआ है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular