
पांच सौ साल पुरानी शिक्षाएं आज भी लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और मानवीय समानता की सबसे बड़ी कसौटी
भारत की आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना के इतिहास में गुरु नानक देव जी का स्थान केवल एक धर्मगुरु का नहीं, बल्कि ऐसे युगदृष्टा का है, जिन्होंने अपने समय की सामाजिक विषमताओं, धार्मिक आडंबरों, जातिगत भेदभाव, आर्थिक शोषण और सत्ता के अहंकार को चुनौती दी। उनका संदेश स्पष्ट था कि मनुष्य की पहचान उसके धर्म, जाति या सामाजिक हैसियत से नहीं, बल्कि उसके कर्म, आचरण और इंसानियत से होनी चाहिए। लगभग पांच सौ वर्ष पहले दिया गया उनका यह संदेश आज के भारत के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक दिखाई देता है।
1469 में तलवंडी, वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब में जन्मे गुरु नानक देव जी ने ऐसे दौर में मानवता, समानता और सद्भाव का मार्ग दिखाया, जब समाज धार्मिक कर्मकांडों और ऊंच-नीच की रूढ़ियों में जकड़ा हुआ था। सुल्तानपुर लोधी की बेईं नदी से जुड़ी जनश्रुति के अनुसार, तीन दिन बाद लौटने पर उनके मुख से निकले शब्द थे, ‘न कोई हिंदू, न कोई मुसलमान।’ इस कथन का मर्म किसी धर्म का निषेध नहीं, बल्कि परमात्मा की दृष्टि में संपूर्ण मानवता की एकता और समानता का उद्घोष था। आज जब धार्मिक पहचान के आधार पर समाज में विभाजन, राजनीतिक ध्रुवीकरण और असहिष्णुता की चुनौतियां दिखाई देती हैं, तब गुरु नानक देव जी का यह विचार हमें आत्ममंथन के लिए विवश करता है। लोकतंत्र में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन जब धर्म और जाति राजनीतिक लामबंदी तथा सामाजिक तनाव के साधन बनने लगें, तब लोकतांत्रिक मूल्यों को क्षति पहुंचती है। धर्म का उद्देश्य मनुष्य को नैतिक बनाना और समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि नफरत और विभाजन को बढ़ावा देना। गुरु नानक देव जी और भाई मरदाना की मित्रता इस विचार का जीवंत उदाहरण है। अलग धार्मिक पृष्ठभूमि के बावजूद भाई मरदाना उनके निकटतम साथी थे। वे रबाब बजाते और गुरु नानक देव जी शबद गाते हुए मानवता का संदेश देते थे। यह संबंध बताता है कि सच्ची मित्रता और आध्यात्मिकता धार्मिक सीमाओं से बड़ी होती है। आज छोटी-छोटी घटनाओं को सांप्रदायिक रंग देकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिशों के बीच यह उदाहरण भारत की साझा संस्कृति और विरासत का महत्व याद दिलाता है।
आर्थिक न्याय के संदर्भ में भाई लालो और मलिक भागो की साखी विशेष महत्व रखती है। गुरु नानक देव जी ने अमीर मलिक भागो के वैभवशाली भोजन के बजाय मेहनतकश बढ़ई भाई लालो की ईमानदार कमाई को श्रेष्ठ बताया। इसका संदेश था कि शोषण और अन्याय से अर्जित संपत्ति की तुलना में श्रम और ईमानदारी से प्राप्त साधारण भोजन अधिक मूल्यवान है। आज आर्थिक विकास, निवेश और सकल घरेलू उत्पाद के आंकड़ों के बीच यह प्रश्न महत्वपूर्ण है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक कितना पहुंच रहा है। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की असुरक्षा और बढ़ती आर्थिक विषमता के बीच विकास की वास्तविक कसौटी समावेशी समृद्धि ही हो सकती है।
महिलाओं के सम्मान और समानता पर गुरु नानक देव जी की वाणी भी अपने समय से कहीं आगे की सोच प्रस्तुत करती है। उनकी प्रसिद्ध पंक्ति है, ‘सो क्यों मंदा आखिए जितु जंमहि राजान।’ अर्थात जिस स्त्री से राजा तक जन्म लेते हैं, उसे हीन कैसे कहा जा सकता है? आज महिला सशक्तीकरण के दावों और योजनाओं के बावजूद महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, दहेज, भेदभाव, असमान अवसर और असुरक्षा गंभीर चुनौतियां हैं। महिला सम्मान केवल राजनीतिक घोषणाओं से नहीं, बल्कि शिक्षा, सुरक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक व्यवहार में समानता सुनिश्चित करने से स्थापित होगा।
नेतृत्व और नैतिकता के प्रश्न पर भी गुरु नानक देव जी का जीवन महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने अपने पुत्रों के बजाय भाई लहणा जी को अपना उत्तराधिकारी चुना, जो आगे चलकर गुरु अंगद देव जी कहलाए। यह निर्णय योग्यता, समर्पण, सेवा और विनम्रता को वंशगत अधिकार से ऊपर रखने का उदाहरण है। आज की राजनीति में वंशवाद, सत्ता का केंद्रीकरण और पदों पर पारिवारिक प्रभाव की बहस के बीच यह प्रसंग याद दिलाता है कि नेतृत्व का आधार परिवार नहीं, बल्कि क्षमता, जनसेवा और नैतिक प्रतिबद्धता होनी चाहिए।
गुरु नानक देव जी ने गृहस्थ जीवन अपनाकर करतारपुर में खेती की और श्रम की प्रतिष्ठा स्थापित की। संगत और पंगत की परंपरा के माध्यम से उन्होंने समानता को केवल उपदेश नहीं रहने दिया, बल्कि व्यवहार में उतारा। पंगत में सभी वर्गों के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते थे। आज भी गुरुद्वारों का लंगर इसी सामाजिक दर्शन का सशक्त प्रतीक है।
हालांकि संविधान ने समानता और छुआछूत के उन्मूलन का अधिकार दिया है, लेकिन सामाजिक व्यवहार में जातिगत भेदभाव और अवसरों की असमानता पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। आवश्यकता है कि संवैधानिक मूल्यों को सामाजिक संस्कार बनाया जाए।
सत्ता के अन्याय के विरुद्ध गुरु नानक देव जी की निर्भीक वाणी भी लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण प्रेरणा है। बाबर के आक्रमण के दौरान आम लोगों की पीड़ा और हिंसा को उन्होंने अपनी वाणी में स्थान दिया। बाबरवाणी इस बात का प्रमाण है कि उनकी आध्यात्मिकता अन्याय के प्रति मौन रहने की शिक्षा नहीं देती थी। आज लोकतंत्र में सत्ता से सवाल पूछना, नीतियों की समीक्षा करना, असहमति का सम्मान करना और नागरिक अधिकारों की रक्षा करना अनिवार्य है। लोकतंत्र केवल चुनाव नहीं, बल्कि जवाबदेह शासन और स्वतंत्र अभिव्यक्ति की व्यवस्था भी है।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का सार तीन सिद्धांतों में समाहित है— नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से श्रम करके कमाओ और अपनी कमाई दूसरों के साथ बांटो। इन सिद्धांतों को आधुनिक समाज और राजनीति की नैतिक कसौटी बनाया जा सकता है। नाम जपो आत्मचिंतन और नैतिकता का संदेश देता है, किरत करो ईमानदार श्रम और भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था की प्रेरणा देता है तथा वंड छको सामाजिक न्याय, सहयोग और संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण का आधार प्रस्तुत करता है।
विडंबना यह है कि हम गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े उत्साह से मनाते हैं, नगर कीर्तन निकालते हैं, कीर्तन और लंगर आयोजित करते हैं, लेकिन उनके विचारों को अपने व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में कितना उतारते हैं, यह आत्ममंथन का विषय है। उनकी सच्ची श्रद्धांजलि केवल आयोजनों से नहीं, बल्कि जाति और धर्म से ऊपर उठकर इंसान को सम्मान देने, गरीब और वंचित की आवाज सुनने तथा सत्ता और समाज में न्याय सुनिश्चित करने से होगी। आज भारत को ऐसे सामाजिक वातावरण की आवश्यकता है, जहां धर्म आस्था और नैतिकता का आधार बने, राजनीति जनकल्याण का माध्यम हो और किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा उसकी जाति, धर्म या आर्थिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसकी मानवीय गरिमा से तय हो। गुरु नानक देव जी का दर्शन किसी एक समुदाय की धरोहर नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की साझा विरासत है। पांच सौ वर्ष बाद भी उनके विचार हमें यही याद दिलाते हैं कि सच्चा धर्म वही है, जिसमें प्रेम हो, श्रम का सम्मान हो, समानता हो और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का साहस हो। आज के समाज और राजनीति के लिए इससे बड़ा मार्गदर्शन और क्या हो सकता है?

अमित राव पवार, देवास (म.प्र.)
युवा लेखक-इतिहासविद


