23 नवंबर को सुभारती विश्वविद्यालय में सायं पांच से सात बजे तक सजेगा राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा का मंच
- –शौर्य, त्याग और राष्ट्रसमर्पण के प्रसंगों से रूबरू होंगे विद्यार्थी
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रदेश में सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने और राष्ट्रनायकों के गौरवशाली इतिहास को जनचेतना का हिस्सा बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार रंगमंच को सशक्त माध्यम बना रही है। इतिहास के पन्नों में दर्ज शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा की गाथाओं को मंच पर जीवंत कर युवाओं के मन में देश के प्रति गौरव और अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान की अलख जगाई जा रही है। इसी कड़ी में मेरठ में 23 नवंबर को राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा का आयोजन होगा। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में शाम पांच से सात बजे तक होने वाली नाट्य प्रस्तुतियों में राष्ट्रनायकों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को मंच के माध्यम से उकेरा जाएगा।
उत्तर प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशों पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित की जा रही राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा का उद्देश्य इतिहास को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे जनभावनाओं और सामाजिक चेतना से जोड़ना है। नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए राष्ट्रनायकों के जीवन के प्रेरक प्रसंगों, उनके संघर्षों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जनसामान्य तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम से विद्यार्थियों और युवाओं को देश के गौरवशाली अतीत से परिचित कराने के साथ उनके भीतर राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक आत्मबोध विकसित करने का प्रयास होगा। नाट्य मंचन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
विद्यार्थियों के बीच गूंजेंगी राष्ट्रनायकों की प्रेरक गाथाएं
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सैनिकों के परिवारों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। रंगमंच के जरिए इतिहास को देखने, समझने और महसूस करने का अवसर विद्यार्थियों को मिलेगा। राष्ट्रनायकों के जीवन प्रसंग उनके भीतर देश के प्रति कर्तव्य, अनुशासन, साहस और समर्पण जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देंगे।
व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के निर्देशन में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंच, कलाकारों के आवास, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल, अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी, युवा और संस्कृति प्रेमी इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।


