Homeउत्तर प्रदेशलखनऊसहारनपुर पुलिस द्वारा पत्रकार अभिषेक उपाध्याय की पोस्ट हटवाने के प्रयास पर...

सहारनपुर पुलिस द्वारा पत्रकार अभिषेक उपाध्याय की पोस्ट हटवाने के प्रयास पर आजाद अधिकार सेना ने उठाए सवाल, DGP UP को शिकायत भेज निष्पक्ष जाँच की मांग

नित्य संदेश ब्यूरो

लखनऊ। सहारनपुर में AIMIM प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के प्रकरण तथा इस मामले में पत्रकार अभिषेक उपाध्याय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर उठाए गए सवालों के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर आजाद अधिकार सेना ने गंभीर आपत्ति जताई है।

आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि उक्त प्रकरण में पत्रकार अभिषेक उपाध्याय द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। पोस्ट के संबंध में सहारनपुर पुलिस ने स्वयं X पर प्रतिक्रिया देते हुए मामले की जाँच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जाँच के निर्देश दिए जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद सहारनपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस भेजकर पत्रकार की पोस्ट हटाने की मांग किए जाने का मामला सामने आया, जिसमें पोस्ट से पुलिस की प्रतिष्ठा प्रभावित होने का हवाला दिया गया।

देवेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों और पत्रकारों का अधिकार है। पुलिस की प्रतिष्ठा का हवाला देकर आलोचनात्मक पोस्ट हटवाने का प्रयास लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति और जवाबदेही के सिद्धांतों के संबंध में गंभीर सवाल खड़े करता है।बउन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन से अपेक्षा की जाती है कि वह जनहित में उठाए गए सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर दे तथा आलोचना को दबाने के बजाय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करे।

इस मामले में देवेन्द्र सिंह राणा द्वारा उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर निम्नलिखित मांगें की हैं-

1. सहारनपुर में गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जाँच कराई जाए।

2. पत्रकार अभिषेक उपाध्याय की पोस्ट हटवाने के लिए X को भेजे गए नोटिस एवं उसके आधार की स्वतंत्र जाँच कराई जाए।

3. नोटिस जारी करने की प्रक्रिया, संबंधित अधिकारियों की भूमिका एवं निर्णय के आधार पर स्पष्ट स्पष्टीकरण लिया जाए।

4. पत्रकारों एवं नागरिकों की वैध अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक आलोचना के अधिकार का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

देवेन्द्र सिंह राणा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में शीघ्र निष्पक्ष जाँच एवं उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आजाद अधिकार सेना विधिक उपायों, उच्च अधिकारियों एवं अन्य लोकतांत्रिक मंचों के माध्यम से मामले को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होगी।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular