नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर संविधान समारोह अभियान के तहत “एक स्वर, एक संविधान” कार्यक्रम में जिले में 98,735 प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।मुख्य कार्यक्रम सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ, जहां जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-II की उपस्थिति में सुबह 9 बजे प्रस्तावना का वाचन किया गया।
उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सोनिका वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति शर्मा, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक पारूल वर्मा, उप प्रधानाचार्य प्रशान्त चौधरी, प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।
मुख्य स्थल पर 6 विद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि जिले के अन्य करीब 250 विद्यालयों के 97,435 छात्र-छात्राओं ने भी प्रस्तावना का वाचन किया। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी प्रस्तावना का पाठ किया।सोनिका वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने आईआईएमटी लॉ कॉलेज गंगानगर में भी संविधान संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।


