नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छह इकाइयों द्वारा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, इसके सामाजिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन शैली के प्रति जागरूक करना रहा। विश्वविद्यालय की सभी छह एनएसएस इकाइयों ने अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
अभियान के अंतर्गत एनएसएस इकाई-1 द्वारा कार्यक्रम अधिकारी राम प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से युवाओं को मनोरंजक एवं प्रभावशाली संवादों के जरिए नशे की लत से होने वाले नुकसान, पारिवारिक एवं सामाजिक समस्याओं तथा इससे बचाव का संदेश दिया गया। इसी क्रम में एनएसएस इकाई-2 द्वारा कार्यक्रम अधिकारी निशांत गौरव के नेतृत्व में रंगोली निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता के संदेश प्रस्तुत किए। एनएसएस इकाई-3 ने कार्यक्रम अधिकारी कविता मलिक के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। जिसमें इकाई -3 के स्वयंसेवकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

एनएसएस इकाई-4 द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में ‘नशामुक्त युवा @ 2026 फॉर विकसित भारत’ विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका तथा नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। वहीं एनएसएस इकाई-5 द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीक्षांत भाटी के नेतृत्व में युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और उसके दुष्प्रभावों पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें नशे के कारण उत्पन्न होने वाली शारीरिक, मानसिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। एनएसएस इकाई-6 द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललित कुमार के नेतृत्व में पोस्टर निर्माण गतिविधि आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

सभी गतिविधियों का आयोजन विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमित पुनिया के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. अमित पुनिया ने कहा कि “युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसके उज्ज्वल भविष्य के आधार होते हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में होंगे तो विकसित भारत का सपना साकार करना कठिन होगा। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की नींव रख सकते हैं। एनएसएस का उद्देश्य केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना भी है। हमें संकल्प लेना होगा कि न स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी को नशे की ओर बढ़ने देंगे।” इस अभियान के माध्यम से सुभारती विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाइयों ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।


