अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। बहसूमा कस्बे में गंगा स्नान पर्व संपन्न होते ही कस्बे के मंगल बाजार में पारंपरिक गुदड़ी बाजार पूरी तरह सज गया है। बाजार में दूर-दराज के व्यापारियों द्वारा अस्थाई दुकानें लगाए जाने के बाद से ही क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे कस्बे में मेले जैसा माहौल बना हुआ है।
बाजार में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बच्चों के लिए लगाए गए छोटे-बड़े झूले और खेल-खिलौनों की दुकानें हैं। बच्चे अपने परिजनों के साथ झूलों का आनंद ले रहे हैं और मनपसंद खिलौने, गुब्बारे व मिठाइयां खरीद रहे हैं। दूसरी ओर, घरेलू सामान, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ जुट रही है। दुकानदारों का कहना है कि गंगा स्नान के बाद लगने वाले इस गुदड़ी बाजार का लोगों को साल भर इंतजार रहता है।
बाजार में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त भी बढ़ा दी गई है।


