Home Blog Page 101

दीयों की चमक और हस्तकला के हुनर से सजा स्वदेशी बाजार

  • राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर और राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने किया माटीकला मेले का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कहीं मिट्टी के दीयों की कतारें आकर्षित कर रही हैं तो कहीं रंग-बिरंगी सजावटी वस्तुएं दीपावली की रौनक बढ़ा रही हैं। किसी स्टॉल पर पारंपरिक सुराही और बर्तनों की सादगी है तो कहीं आधुनिक डिजाइन में ढले मिट्टी के उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। मिट्टी की सोंधी खुशबू, कारीगरों के हाथों का हुनर और दीपावली की खरीदारी का उत्साह… पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में लगे क्षेत्रीय माटीकला मेले में सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।

सोमवार को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर और राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने चाक चलाकर खुद मिट्टी के दीपक बनाए और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मेले में मेरठ समेत छह जिलों के कुम्हारों ने अपने हुनर का बाजार सजाया है। 30 स्टॉलों पर दीपावली की जरूरतों से लेकर घर की सजावट और दैनिक उपयोग के विभिन्न उत्पाद उपलब्ध हैं। पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ अलग-अलग आकार और डिजाइन के दीपक, आकर्षक सजावटी दीये, मिट्टी के बर्तन, कुल्हड़, सुराही, पानी रखने के पात्र, गुल्लक और घरों को सजाने वाली हस्तनिर्मित वस्तुएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा मेले में हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी का अवसर भी है। मिट्टी से तैयार इन उत्पादों में पारंपरिक कला के साथ बदलती पसंद और जरूरतों की झलक दिखाई दे रही है।

चाक पर हाथ आजमाकर कारीगरों का बढ़ाया उत्साह

मेले का उद्घाटन भी अपने आप में खास रहा। राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर और राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने खुद चाक चलाकर मिट्टी को आकार दिया और दीपक तैयार किए। जनप्रतिनिधियों ने कारीगरों के स्टॉल पर पहुंचकर उनके बनाए उत्पादों को देखा और उनकी कला की सराहना की। माटीकला बोर्ड की ओर से कारीगरों को टी-शर्ट और कैप भी प्रदान किए गए।


राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेले में स्थानीय कुम्हारों की भागीदारी हम सभी के लिए प्रशंसा का विषय है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर माटीकला बोर्ड ने दीपावली के अवसर पर प्रजापति समाज के कारीगरों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे मेले में आकर स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदें। इससे उनकी मेहनत को उचित बाजार मिलेगा और परिवारों की आजीविका को मजबूती मिलेगी।

वोकल फॉर लोकल को बाजार में उतारने की पहल

राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संदेश को आगे बढ़ाने और स्थानीय हुनर को विकसित करने का प्रयास योगी सरकार कर रही है। मेले में गृहणियों और परिवारों की दैनिक जरूरतों के साथ दीपावली पर इस्तेमाल होने वाली विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध हैं। उन्होंने महिलाओं से परिवार के साथ मेले में पहुंचकर खरीदारी करने और स्थानीय कारीगरों की हौसला अफजाई करने की अपील की।


सीडीओ नुपूर गोयल ने कहा कि मेले का मकसद केवल दीपावली के लिए दीयों की बिक्री तक सीमित नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही कुम्हारी कला को नई पहचान और कारीगरों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने का अवसर देना भी है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से दीपावली पर मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारंपरिक व्यवसायों को बाजार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रही है। माटीकला मेला इसी कड़ी का हिस्सा है। की चमक और हस्तकला के हुनर से सजा स्वदेशी बाजार

उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज में क्षेत्रीय माटीकला मेला आयोजित

  • क्षेत्रीय माटीकला मेले का शुभारंभ, मंत्री सोमेंद्र तोमर और सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने किया उद्घाटन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज में क्षेत्रीय माटीकला मेला वर्ष 2026-27 का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ रविवार को हो गया था, लेकिन उद्घाटन कार्यक्रम सोमवार को मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उप्र सरकार एवं सांसद डॉ. सोमेंद्र तोमर और राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संयोजक आलोक सिसोदिया, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल उपस्थित रहीं। अतिथियों द्वारा स्टॉलों पर प्रदर्शित माटीकला बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई टी-शर्ट एवं टोपी का वितरण किया गया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि दीपावली की खरीदारी के लिए जिन विशेष वस्तुओं और पारंपरिक उत्पादों की तलाश में पूरे शहर में अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता है, उन सभी उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला अब एक ही स्थान पर उपलब्ध है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए Vocal for Local के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों के हुनर को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है और दीपावली के अवसर पर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। मेले में हनी क्वालिटी कंट्रोल एवं पैकेजिंग संबंधी प्रशिक्षण/सेमिनार का आयोजन भारत चौधरी एवं कुमारी राखी द्वारा किया गया।

ये कहना है जिला ग्रामोद्योग अधिकारी का

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने अवगत कराया कि माटीकला मेले का उद्देश्य माटीकला उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक माटी से संबंधित कलाओं का संरक्षण करना तथा आमजन को माटी से बने उत्पादों के प्रति जागरूक करना है।

विस चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग की समीक्षा बैठक

  • 18 जनपदों के अधिकारी रहे मौजूद, पुलिसकर्मियों की रही कड़ी नजर

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए जनपद मेरठ में बैठक की गई।

साकेत स्थित ऊर्जा भवन, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहें। बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं अलीगढ़ मंडल के कुल 18 जनपदों – मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, आईजी/डीआईजी, जिला निर्वाचन अधिकारी और एसएसपी/एसपी शामिल रहें। संबंधित जनपदों के अधिकारियों द्वारा निर्वाचन प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रगति का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। आयोग का उद्देश्य है कि सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से विधानसभा चुनाव-2027 की आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकें।

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी, पुलिस अलर्ट पर

उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के संबंध में सोमवार को ऊर्जा भवन में आयोजित गोष्ठी के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी सिटी ने सभी को ड्यूटी के दौरान सतर्क एवं अनुशासित रहने, सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आगंतुकों की सुरक्षा, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से तैनात रहने के संबंध में ब्रीफ किया। सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ शिवसेना का प्रदर्शन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरोध में शिवसेना (यूबीटी) ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर प्रमुख मोहित त्यागी ने किया। इस दौरान प्रदेश महासचिव व पश्चिमी यूपी प्रभारी धर्मेन्द्र तोमर ने कहा कि शहर में दूध, पनीर, खोया और मिठाइयों में मिलावट आम हो गई है। दीपावली के त्योहार पर मांग बढ़ने से मिलावटखोर सक्रिय हैं और अधिकारियों की मिलीभगत से जनता की सेहत और जेब दोनों पर चोट पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन से भ्रष्ट अधिकारियों की जांच और मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में अवनीश आर्य, मुकेश शर्मा, कमल प्रजापति समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मेरठ मेडिकल कॉलेज में विशाल पेट ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल की सर्जिकल ऑन्कोलॉजी टीम ने 33 वर्षीय रिज़वान निवासी बागपत के पेट में मौजूद लगभग 16x15x10 सेमी आकार के विशाल ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की।

सीटी स्कैन में गाँठ छोटी आंत के अंतिम हिस्से, दाहिनी बड़ी आंत और आसपास की महत्वपूर्ण संरचनाओं से जुड़ी मिली। इसके दबाव से किडनी में सूजन भी थी। सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में ट्यूमर के साथ छोटी आंत का अंतिम हिस्सा और दाहिनी बड़ी आंत का हिस्सा निकाला गया और आंत को दोबारा जोड़ा गया। ट्यूमर से प्रभावित करीब 2 सेमी मूत्रवाहिनी को निकालकर पुनः जोड़ा गया और डीजे स्टेंट लगाया गया। साथ ही दाहिनी बाहरी रक्त वाहिका (external iliac vein) के प्रभावित हिस्से की मरम्मत भी की गई।ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत संतोषजनक है।

डॉ. अमित कुमार ने बताया कि ट्यूमर का आंत, मूत्रवाहिनी और बड़ी रक्त वाहिका से जुड़ा होना सर्जरी को बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहा था। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने इसे मेडिकल कॉलेज में ऑन्कोसर्जरी सेवा के विस्तार की बड़ी उपलब्धि बताया।

निजी अस्पताल में इस सर्जरी पर 3-4 लाख रुपये खर्च आता, जबकि मेडिकल कॉलेज में यह सर्जरी महज 8 से 10 हजार रुपये के सरकारी खर्च पर की गई। सर्जरी में डॉ. मोहम्मद आरिफ, डॉ. प्रतीक तथा एनेस्थीसिया टीम से डॉ. विपिन धामा का विशेष सहयोग रहा।