Home Blog Page 104

मेरठ से ‘कर्पूरी मोर्चा’ का बड़ा शंखनाद: चार दलों के गठबंधन ने इंजीनियर देवेन्द्र कश्यप को बनाया सीएम चेहरा, 2027 में सभी 403 सीटों पर लड़ेगा चुनाव

‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ के संकल्प के साथ अतिपिछड़ा और अतिदलित समाज एकजुट; बड़े दलों के भरोसे रहने के बजाय खुद सत्ता में भागीदारी तय करने का किया ऐलान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सूबे के सियासी फलक पर नए सामाजिक-राजनीतिक समीकरण की बुनियाद रख दी गई है। क्रांतिधरा मेरठ से वंचित, अतिपिछड़े और अतिदलित समाज को सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाने के संकल्प के साथ चार राजनीतिक दलों ने मिलकर ‘कर्पूरी मोर्चा’ के गठन की औपचारिक घोषणा की। मोर्चे ने सर्वसम्मति से सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर देवेन्द्र कश्यप को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है।


​मोर्चे ने स्पष्ट किया कि अब यह वंचित वर्ग किसी बड़े राजनीतिक दल की बैसाखी बनने के बजाय अपने स्वतंत्र नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगा। संगठन का लक्ष्य प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उतरकर जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी हासिल करना है।

​अब टिकट मांगने वाले नहीं, बांटने वाले बनेंगे: विनेश ठाकुर ‘कर्पूरी’
​इंडियन जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दैनिक विधान केसरी के सम्पादक विनेश ठाकुर ‘कर्पूरी’ ने मुख्य दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा: ​आजादी के आठ दशक बाद भी अतिपिछड़ी और अतिदलित जातियों को विधानसभा, लोकसभा और शासन में समुचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। ​भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस ने केवल इन वर्गों के वोट बटोरे, लेकिन सत्ता में भागीदारी के नाम पर हमेशा उपेक्षा की। ​आरक्षण के उप-वर्गीकरण के अभाव में अंतिम पंक्ति की छोटी जातियां लाभ से वंचित हैं, जिसकी तुरंत समीक्षा होनी चाहिए।
​प्रदेश के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में अतिपिछड़ा वर्ग 1.5 से 2 लाख तक निर्णायक मतदाता रखता है। यदि यह ताकत एकजुट हो जाए, तो लखनऊ की सत्ता की चाबी इन्हीं वर्गों के हाथ में होगी।

सामाजिक न्याय और सम्मान की साझा लड़ाई: देवेन्द्र कश्यप
​मुख्यमंत्री पद के घोषित चेहरे इंजीनियर देवेन्द्र कश्यप ने कहा कि पाल, बघेल, प्रजापति, कश्यप, निषाद, सैनी, मौर्य, कुशवाहा, शाक्य, विश्वकर्मा, सैन, सविता, नंदवंशी, लोधी, गुर्जर और अतिदलित वर्ग प्रदेश की सबसे बड़ी आबादी होने के बावजूद राजनीतिक रूप से उपेक्षित रहे हैं। ​“कर्पूरी मोर्चा किसी एक व्यक्ति या जाति का मंच नहीं है। यह उन तमाम वंचित तबकों की साझा आवाज है जो सिर्फ चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा को खत्म कर सत्ता के केंद्र में अपनी सीधी भागीदारी तय करने के लिए मैदान में उतरे हैं।”
​

गुलामी की मानसिकता छोड़ें, स्वतंत्र नेतृत्व उभारें: राजेश तुरैहा
​सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता राजेश तुरैहा ने आह्वान किया कि समाज को अब निजी स्वार्थ, छोटे पदों और टिकट की लालसा छोड़कर सामूहिक अधिकारों के लिए खड़ा होना होगा। जब तक यह वर्ग अपने वोटों की ताकत पहचानकर स्वतंत्र नेतृत्व तैयार नहीं करेगा, तब तक वास्तविक सामाजिक न्याय संभव नहीं है।

​संगठन का विस्तार और मुख्य जिम्मेदारियां

​संगठन विस्तार: सम्मेलन में सैनी समाज को लामबंद करने की कमान बुद्ध प्रकाश सैनी को सौंपी गई।

​प्रमुख उपस्थिति: कार्यक्रम में इंडियन जन सेवा दल के जिलाध्यक्ष संजय सैन, स्टेट कोऑर्डिनेटर उमेश नंदवंशी, जिला उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश सैन, सूरज सैन, सुभाष सैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


​रणनीति: मोर्चे की ताकत को जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक ले जाने के लिए साझा समन्वय समितियां गठित की जाएंगी।

​राजनीतिक संदेश: मेरठ की धरती से उठी यह आवाज संकेत दे रही है कि उत्तर प्रदेश का अतिपिछड़ा और अतिदलित मतदाता अब महज ‘वोट बैंक’ बनकर संतुष्ट नहीं है। 2027 के महासमर में यदि यह सामाजिक गठबंधन जमीन पर प्रभावी तालमेल और सीट संतुलन साधने में सफल रहता है, तो यह पारंपरिक राजनीतिक दलों के स्थापित समीकरणों को सीधी चुनौती दे सकता है।

19वां जाट युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न, 500 परिवारों ने लिया भाग

प्रमोद कुमार तेवतिया

नित्य संदेश, मेरठ। पारिवारिक मिलन जाट समाज मेरठ के तत्वावधान में 19वां जाट युवक-युवती परिचय सम्मेलन जाट भवन गढ़ रोड के प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र तोमर ने की। मुख्य अतिथि चौधरी एच.पी. सिंह परिहार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रविन्द्र कुमार और चौधरी अमन सिंह मौजूद रहे।

संस्था के प्रवक्ता सुशील ढाका ने बताया कि इस सम्मेलन में 500 से ज्यादा परिवारों ने भाग लिया और 100 से ज्यादा रिश्तों को लेकर आपसी बातचीत हुई। डॉ. नरेंद्र तोमर ने संस्था की उपलब्धियों और समाज हित में किए गए कार्यों के बारे में बताया और वर्तमान समय में अधिक जागरूक होने की अपील की। मुख्य अतिथि चौधरी एच.पी. सिंह परिहार ने परिवार को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और समय से शादी से ही परिवार मजबूत होता है और मजबूत परिवार से ही सशक्त समाज बनता है। चौधरी अमन सिंह ने भाईचारे को मजबूत करने और आत्मबल जगाने पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. रविन्द्र कुमार ने शादी में फिजूलखर्ची रोकने और अधिक उम्र में हो रही शादियों पर चिंता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन सचिव सोहनवीर सिंह बालियान ने किया। इस अवसर पर चौधरी कल्याण सिंह, डॉ. विनोद तोमर, चौधरी सतेंद्र पंवार, सुधीर चौधरी, गजेंद्र पायल, हरबीर सुमन, ओमपाल बाना, वीरसैन तोमर, सी.पी. सिंह तेवतिया, रविन्द्र आर्य, राजेन्द्र सांगवान, एडवोकेट नरेंद्र ढाका सहित जाट समाज के सैकड़ों प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

नीरज मित्तल का भव्य दीपावली मिलन समारोह संपन्न, हजारों लोग हुए शामिल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कैंट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता नीरज मित्तल द्वारा आयोजित पारिवारिक दीपावली मिलन समारोह एसजीएम गार्डन लालकुर्ती में बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

सुबह 11 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी बंधु, भाजपा कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे। एसजीएम गार्डन को फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। मंच से भाजपा नेता नीरज मित्तल ने सभी आगंतुकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह मिलन समारोह प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। इस अवसर पर मंच से “हर कोई भजेगा राम नाम, गूंजेगा हनुमंत नाम” का उद्घोष भी किया गया।

समारोह में पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में आए सभी अतिथियों के लिए भोजन और प्रसाद की सुंदर व्यवस्था की गई थी। हजारों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर आयोजक नीरज मित्तल को बधाई दी और दीपावली मिलन की इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सराहना की।

सात दिवसीय माटीकला महोत्सव-2026 का शुभारंभ आज से

  • तैयारियां पूरी, जगमगा उठा जीआईसी मैदान, स्टॉलों पर पहुंचने लगे ग्राहक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित सात दिवसीय माटीकला महोत्सव-2026 का शुभारंभ सोमवार से राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में होने जा रहा है। महोत्सव 7 नवंबर 2026 तक चलेगा।

महोत्सव में मेरठ-हापुड़ सांसद अरुण चन्द्रप्रकाश गोविल, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी, धर्मेन्द्र भारद्वाज, महापौर हरिकान्त अहलूवालिया और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उ.प्र. खादी बोर्ड लखनऊ शिशिर भी उपस्थित रहेंगे।

शहरवासियों और खरीददारों की आवाजाही शुरू

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में सात दिवसीय माटीकला महोत्सव-2026 की तैयारियां पूरी हो गई हैं। महोत्सव के लिए मैदान पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। जगह-जगह लगाए गए रंग-बिरंगे स्टॉल, झालरों की रोशनी और माटी के बर्तनों की खुशबू से पूरा मैदान जगमगा उठा है। सुबह से ही कारीगरों ने अपने स्टॉलों पर दीये, सुराही, गुल्लक, कुल्हड़, गमले, डिनर सेट और सजावटी सामानों को सजा दिया है। दोपहर होते-होते शहरवासियों और खरीददारों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।

ये कहना है जिला ग्रामोद्योग अधिकारी का

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव में माटी कला से जुड़े कारीगरों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसका उद्देश्य कुम्हार समुदाय को रोजगार से जोड़ना और माटी कला को बढ़ावा देना है।

दीपों की कतार से सजा माटीकला मेले का बाजार

  • 30 स्टॉलों पर छह जिलों के कुम्हार लेकर पहुंचे मिट्टी के दीये, बर्तन, सुराही, गुल्लक और आकर्षक सजावटी सामान

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। दीपावली पर घर-आंगन को मिट्टी के दीयों से रोशन करने की तैयारी के बीच मेरठ में माटीकला का बाजार सज गया है। मिट्टी की सौंधी खुशबू, रंग-बिरंगे दीपों और हाथों से तैयार आकर्षक कलाकृतियों से पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर गुलजार हो उठा है।

पारंपरिक कुम्हारी कला को नई पहचान देने और इससे जुड़े परिवारों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार से सात दिवसीय माटीकला मेले का आगाज हो गया। मेले में छह जिलों के कारीगर 30 स्टॉलों पर अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। सोमवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर और राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। मेले में मेरठ के अलावा बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मथुरा और आगरा के कुम्हारों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया है। दीपावली को देखते हुए मिट्टी के दीयों की विभिन्न डिजाइन और आकर्षक सजावटी उत्पाद विशेष रूप से तैयार किए गए हैं। इसके अलावा घरेलू उपयोग के पारंपरिक बर्तन, पानी रखने के लिए सुराही, बचत के लिए गुल्लक और घरों की सजावट में इस्तेमाल होने वाली मिट्टी की कलाकृतियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। खास बात यह है कि यहां केवल माटीकला से जुड़े उत्पाद ही नहीं, बल्कि बनारसी साड़ी और दूसरे हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी का अवसर भी मिल रहा है।

बच्चों को भा रहा क्रोशिया वर्क और पेंटिंग किट

मेले के पहले दिन शहरवासियों ने खरीदारी में रुचि दिखाई। मिट्टी के पारंपरिक उत्पादों के साथ कुछ नए प्रयोग भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कुल्हड़ पर किया गया क्रोशिया वर्क ग्राहकों को खासा पसंद आ रहा है। वहीं बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए मिट्टी से तैयार विभिन्न उत्पाद और अपनी पसंद के रंगों से दीयों को सजाने वाली पेंटिंग किट भी उपलब्ध है। इससे बच्चे दीपावली की तैयारियों के साथ अपनी कलात्मक प्रतिभा को भी निखार सकेंगे।

कारीगरों को निशुल्क स्टॉल, ग्राहकों को प्रवेश भी मुफ्त

आयोजन की खास बात यह है कि कारीगरों को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं आम लोगों के प्रवेश पर भी कोई शुल्क नहीं है। इससे छोटे कारीगरों को बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारंपरिक कारीगरी को संरक्षण देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। माटीकला मेला इसी सोच का हिस्सा है।

 सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर

लोकल फॉर वोकल की भावना के अनुरूप आयोजित यह मेला कुम्हारों को बिचौलियों के बजाय सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर दे रहा है। इससे न केवल मिट्टी के बर्तनों और दीयों की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, बल्कि कारीगर परिवारों की आय और स्थानीय रोजगार को भी मजबूती मिलेगी।

मिट्टी के दीये खरीदकर कारीगरों का बढ़ाएं उत्साह

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर मिट्टी के दीयों और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना हमारी परंपरा से जुड़ने के साथ ही कुम्हार परिवारों की आजीविका को संबल देने का भी माध्यम है।