Home Blog Page 103

पारंपरिक त्योहार या फिर पर्यावरण से खिलवाड़

शीला बड़ोदिया

नित्य संदेश, इंदौर।दीपो की जगमगाहट, खुशियों, प्रेम और रंग बिरंगी सुंदर-सुंदर मिठाईयों के मनाया जाता है। त्योहार के पहले ही अपने घरों की साफ-सफाई की जाती है । घर के दरवाजे पर महालक्ष्मी और अतिथियों के स्वागत के लिए सुंदर, आकर्षक रंगोली बनाते है। अपने परिवार तथा पड़ोसियों और रिश्तेदारों के मिठाई और उपहार देकर खुशियाँ मनाते हैं। दीपावली का मूल संदेश अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ना है। लेकिन आज त्योहार मनाने के कुछ तरीकों के कारण पर्यावरण प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है।


दशहरे से दीपावली तक पर बड़ी मात्रा में पटाखे, फुलझड़ी, अनार,रॉकेट,लहसुन बम, सुतली बम आदि आधुनिक तरीके के प्रकाश और उत्पन्न करने वाले पटाखे जलाए जाते हैं। इनसे निकलने वाला धुआँ और हानिकारक कण वायु को प्रदूषित करते हैं। इससे साँस लेने में परेशानी होती है। बच्चों, बुजुर्गों और साँस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष कठिनाई होती है। पटाखों से निकलने वाला धुआँ वातावरण की गुणवत्ता को भी खराब करता है। प्राचीन समय में ऐसे आवाज और प्रदूषण फैलाने वालों पटाखे फुलझड़ी का उपयोग नहीं होता था। पटाखों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री की जगह मिट्टी के दीपक जलाकर पर्यावरण को सुरक्षित किया जा सकता है।


तेज आवाज वाले पटाखों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को परेशानी होती है। तेज आवाज से पशु-पक्षी गाय-भैंस, बकरी, कुत्ते,बिल्ली,चिड़िया,तोता भी डरकर घबरा जाते हैं और उनकी सामान्य गतिविधियाँ प्रभावित होती हैं।

त्योहार पर हमारे घरों में अनेक प्रकार के पकवान और मिठाइयाँ बनती हैं। कई बार आवश्यकता से अधिक भोजन बनाया जाता है, जिससे बहुत-सा खाना बर्बाद हो जाता है। मैदा, वनस्पति घी, अधिक शक्कर वाले और रासायनिक रंगों का खाने के लिए उपयोग स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। आवश्यकता के अनुसार ही मिठाइयाँ और पकवान बनाएँ।बचे हुए अच्छे भोजन को सुरक्षित तरीके से जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाएँ।


प्लास्टिक और पैकेजिंग से प्रदूषण
त्योहार पर मिठाइयों, उपहारों और सजावटी वस्तुओं को पैक करने के लिए प्लास्टिक, थर्माकोल और अन्य पैकेजिंग सामग्री का उपयोग किया जाता है। इनसे निकलने वाला कचरा पर्यावरण को नुकसान पहुँचाता है। प्लास्टिक का अनुचित निपटान मिट्टी और जल को भी प्रदूषित कर सकता है।


बिजली की अत्यधिक खपत
घरों, दुकानों और बाजारों में सजावट के लिए कई-कई दिनों तक अनावश्यक लाइटें जलाई जाती हैं। इससे बिजली की खपत बढ़ती है। बिजली उत्पादन के लिए जीवाश्म ईंधनों का उपयोग होने पर, ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन भी बढ़ सकता है। घरों में सजावट के लिए ऊर्जा की कम खपत करने वाली LED लाइटों का उपयोग सही है।


पूजा-सामग्री और सजावट का कचरा
पारंपरिक आयोजन के बाद फूलों, प्लास्टिक की झालरों, सजावटी वस्तुओं और अन्य सामग्री का कचरा इकट्ठा हो जाता है। यदि इसे उचित तरीके से अलग करके निपटाया न जाए, तो यह आसपास की स्वच्छता और पर्यावरण को प्रभावित करता है। प्लास्टिक की जगह कपड़े, कागज या पुनः उपयोग की जा सकने वाली सामग्री अपनाना पर्यावरण के हित में है।


त्योहारों पर आवश्यकता से अधिक भोजन बनाना, भोजन को फेंक देना और एक बार इस्तेमाल होने वाले बर्तनों का अत्यधिक उपयोग करना पर्यावरण पर अतिरिक्त दबाव डालता है। भोजन की बर्बादी से लैंडफिल में जैविक कचरा बढ़ता है और उसके सड़ने से मीथेन जैसी ग्रीनहाउस गैस निकल सकती है।


धार्मिक आयोजन पर दिखावे और अनावश्यक खर्च के बजाय प्रेम, सहयोग और खुशियाँ बाँटे, दीपावली केवल घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह हमारे विचारों और व्यवहार में भी प्रकाश लाने का अवसर है। यदि हम अपने घरों को हजारों लाइटों से सजाएँ, लेकिन अपने आसपास धुआँ, शोर और कचरा फैलाएँ, तो हमें अपने त्योहार मनाने के तरीकों पर विचार करना चाहिए। खुशियाँ तो मनाई जा सके लेकिन प्रकृति को भी नुकसान पहुंचाये बिना।


यह रोशनी का त्योहार है, प्रदूषण फैलाने का नहीं। हमें अपनी परंपराओं का सम्मान करते हुए ऐसे तरीके अपनाने होंगे, जिनसे पर्यावरण सुरक्षित रहे। पटाखों के स्थान पर दीपक जलाना, भोजन की बर्बादी रोकना, प्लास्टिक का उपयोग कम करना और ऊर्जा बचाना हमारी छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पहल हैं,जिससे पर्यावरण को सहेजा जा सकेगा।

                        

नमस्ते सदा वत्सले एवं जयती जननी जन्मभूमि पर हुई प्रस्तुति

  • वंदे मातरम उत्सव देखने उमड़ी भीड, शिल्प मेला 4 नवंबर तक चलेगा

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। रविवार का दिन दोपहर से ही शिल्प कपड़े खाने-पीने के समान घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदने के लिए जनता का आना दशहरा मैदान पर शुरू हो गया था शाम ढलते ही भीड़ काफी बढ़ गई थी और शाम 7:00 बजे से कला प्रेमी दर्शन मंच के आसपास इकट्ठा होना शुरू हो गए थे।

लोक संस्कृति मंच के संयोजक एवं सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं लोक संस्कृति मंच के संयुक्त तत्वाधान में वंदे मातरम उत्सव की सांस्कृतिक संध्या की यह अंतिम रात्रि है। शिल्प मेला 2 नवंबर तक जारी रहेगा ।

आठ नृत्य शैलियों में प्रस्तुति

शंकर लालवानी ने बताया कि वंदे मातरम गीत के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर गंधर्व अकादमी की गुरु आशा अग्रवाल के शिष्यों ने 8 शास्त्रीय शैलियों में भारत माता की वंदना, गुणगान किया जिसमें भरतनाट्यम, कथकली, कुचिपुड़ी, ओडिसी, मोहिनीअट्टम, मणिपुरी, सत्रीय द्वारा पूरे भारत का दर्शन कराया ।

वहीं ध्रुपद अकादमी के आशीष पिल्लई समूह ने एक शानदार फ्यूजन प्रस्तुत किया जिसमें भरतनाट्यम एवं कत्थक की जुगलबंदी तिल्लाना .. तराना का मिक्सर प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने वंदे मातरम की प्रस्तुति दी व्हाइट और ब्लू रंग की ड्रेस पहने बच्चे बड़े खूबसूरत लग रहे थे।

राशि शर्मा एवं समूह ने नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमि पर एक शानदार प्रस्तुति दी, वहीं दीपा शर्मा द्वारा मातृभूमि की वंदना और देश की प्रशंसा में जयति जननी जन्मभूमि मातृभूमि पर नृत्य किया।

दीपक लवंगडे ने बताया कि पूजा पटवर्धन के समूह ने कथक के माध्यम से देशभक्ति को दर्शाया अंत में एक बड़ा तिरंगा झंडा लेकर लहराया गया जो एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर गया । स्मृति आदित्य समूह ने शिव स्तुति कत्थक के माध्यम से प्रस्तुत की ।प्रिया गोखले समूह ने भारत की विविधताओं में एकता पर एक नृत्य प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने एयर फोर्स, नेवी, सेना, खेती ,धर्म, साइंस की प्रगति को भावों के माध्यम से दर्शाया और बताया देश प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है कथक में हुई यह प्रस्तुति एक अनोखा अनुभव दे गई।

नितिन तापड़िया एवं विशाल गिद्वानी ने बताया कि सर्वप्रथम आज शिल्पा दिक्षित एवं स्मिता पानसे के समूह ने संपूर्ण वंदे मातरम का समूह गान प्रस्तुत किया जिसमें सभी दर्शकों ने खड़े होकर अपनी देशभक्ति को प्रदर्शित किया. आज संतोष देसाई एवं समूह ने भी नृत्य प्रस्तुत किया

वंदे मातरम उत्सव के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आज अंतिम दिवस था शिल्प मेला 4 नवंबर को भी चालू रहेगा। संपूर्ण कार्यक्रम में संचालन शिल्पा दीक्षित ने किया कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर दमयंती भाटिया मैडम थी।

भारत को विश्वगुरु बनाने का मूलमंत्र

प्रोफ़ेसर (डॉ.) बलराम पाणी

नित्य संदेश।भारत ज्ञान की समृद्ध एवं बहुआयामी परंपराओं का संवाहक रहा है। समकालीन भारतीय प्रतिभाएं खगोलविज्ञान,समाज सेवा, प्राचीन ज्ञान- विज्ञान तथा लोकहित के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही है। वर्तमान सरकार की भी प्राचीन भारतीय ज्ञान- परंपरा के पुनर्स्थापना, संवर्धन एवं राष्ट्रीय हितों में उसकी उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर सार्थक प्रयास कर रही है।

भारत की वास्तविक शक्ति उसकी " विविधताओं में निहित एकता और समावेशी जीवन दृष्टि में प्रतिबिंबित होती है।" हर देशवासी में एकता, अनुशासन और राष्ट्र -समर्पण की भावना का विकास ही भारत को विश्वगुरु बनाने का सशक्त मूलमंत्र है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 लोकतांत्रिक संवाद एवं व्यापक लोकभागीदारी से निर्मित एक दूरदर्शी शैक्षणिक पहल है। ग्रामीण स्तर, ब्लॉकस्तर, शहरीस्तर एवं जिला स्तर पर हुए व्यापक विचार -विमर्श के आधार पर तैयार नीति भारतीय शिक्षा के पुनरुत्थान और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप उसके रूपांतरण का मार्ग प्रशस्त करती है। इसका मूल उद्देश्य शिक्षा का भारतीयकरण करते हुए उसमें भारतीय ज्ञान- परंपरा ,मौलिक चिंतन, नैतिक मूल्य, अकादमिकसंवाद एवं रोजगार परक कौशल का समन्वय स्थापित करना है । यह नीति युवाओं में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व एवं चरित्र- निर्माण को प्रोत्साहित करते हुए औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करती है। वस्तुतः इसका ध्येय भारतीय शिक्षा में नवचेतना का संचार कर भारत को ज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में पुनः वैश्विक नेतृत्व अर्थात विश्व गुरु के लक्ष्य की ओर अग्रसर करना है।

समकालीन विश्व भौतिक समृद्धि के साथ-साथ पर्यावरणीय संकट, पारिवारिक संरचना में परिवर्तन तथा सामाजिक विविधताओं के मध्य "संतुलन " जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। इन चुनौतियों का समाधान प्रकृति, समाज और मानवता के बीच एक एकात्मभाव एवं सह - अस्तित्व की स्थापना में निहित है। भारतीय पर्यावरणीय संस्कृति में प्रकृति को पूजनीय मानते हुए उसके संरक्षण एवं संवर्धन की समृद्ध वैदिक परंपरा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा ग्राम विकास एवं गो- संरक्षण के प्रसार इसी सांस्कृतिक चेतना के परिचायक हैं। वैज्ञानिक, तकनीक, सतत उत्पादन, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण को जीवन में अपनाकर मानव कल्याण और भारत के वैश्विक गुरु बनने के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

भारतीय समाज ऐतिहासिक रूप से जातिवाद, अस्पृश्यता, सामाजिक विभाजन तथा उच्च- निम्न के भेदभावपूर्ण मानसिकता जैसी दुर्दान्त चुनौतियों से प्रभावित रहा हैं। वैश्विक नेतृत्व की आकांक्षा रखने वाले भारत के लिए सामाजिक समरसता ,समावेशी विकास और संतुलित समृद्धि अनिवार्य है । अलगावाद, आतंकवाद एवं जातिगत संकीर्णताओं का उन्मूलन मजबूत इच्छा शक्ति और सामूहिक सामाजिक प्रयासों से ही संभव है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस चुनौती को समझते हुए दैनिक शाखाओं एवं विविध सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक एकता, बंधुत्व एवं सामाजिक समरसता स्थापित करने की दिशा में प्रयास कर रहा है।

भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प समाज, उद्योग जगत और युवा पीढ़ी में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है। आर्थिक संसाधनों का विकेंद्रीकरण, शोषण पर राज्य का प्रभावी नियंत्रण,पर्यावरण संरक्षण,सतत विकास एवं सामाजिक सहिष्णुता राष्ट्रीय प्रगति और सांस्कृतिक उन्नयन के प्रमुख आधार बना रहे हैं। वैश्विक प्रतिस्पर्धा की वर्तमान दौड़ में स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता की अवधारणा की प्रासंगिकता निरंतर बढ़ रही है।

समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा प्रतिपादित "पंच परिवर्तन की अवधारणा" महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध, स्वदेशी ,नागरिक कर्तव्य एवं नागरिक अनुशासन को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया गया है। "सामाजिक समरसता " का आशय भेदभाव मुक्त समाज, कुटुंब प्रबोधन ,पारिवारिक संस्कार एवं संवाद से है।"पर्यावरण संरक्षण" , जिसके द्वारा प्रकृति एवं पर्यावरण के मध्य सामंजस्य स्थापित करके "सतत् विकासात्मक पहलुओं" को प्राथमिकता दी गई है। "परिवार प्रबोधन" जो भारतीय जीवन का मूलाधार है जिसके द्वारा परंपरागत जीवन में मूल्यों का क्रियान्वयन है। "आत्म परिष्कार एवं स्वाध्याय "जिसमें प्रत्येक स्वयंसेवक को अपने भीतर अनुशासन एवं साधना का भाव जाग्रत करने की प्रेरणा मिलती है। संतुलन, स्वबोध ,संस्कृति एवं राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत करके वैश्विक गुरु की संकल्पना को प्राप्त किया जा सकता है।

विश्व गुरु के रूप में भारत की प्रतिष्ठा के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में प्रगति अतिआवश्यक एवं अनिवार्य है।इनका अनुप्रयोग मानव कल्याण ,जीवन की गुणवत्ता में सुधार एवं समाज में वैज्ञानिक चेतना के विकास हेतु होना चाहिए। विकास की अवधारणा केवल भौतिक सुख- सुविधाओं और उपभोग तक सीमित न होकर प्रकृति, पर्यावरण और मानवीय आवश्यकताओं के मध्य संतुलित एवं सतत सामंजस्य के लिए होना चाहिए।

निष्कर्षतह:भारत को वैश्विक गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने का मूल मंत्र उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना, ज्ञान विज्ञान की समृद्ध परंपरा का वैश्विक एवं मानवीय मूल्यों के पुनर्जागरण में निहित है। शिक्षा, अनुसंधान ,नवाचार, आत्मनिर्भरता ,सामाजिक समरसता, चरित्र -निर्माण और राष्ट्र- निष्ठा इस लक्ष्य की आधारशिलाएं हैं। भारत का हर नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग, समाज के प्रति संवेदनशील और राष्ट्र के प्रति समर्पित होगा तभी सशक्त, समृद्ध एवं आत्म निर्भर भारत का निर्माण संभव होगा। भारत की वैश्विक गुरु बनने की संकल्पना किसी राष्ट्र पर प्रभुत्व स्थापित करने की नहीं, बल्कि अपने ज्ञान, विवेक, करुणा, सह- अस्तित्व और वसुधैव कुटुंबकम की भावना से संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करने की है। अतः भारत को वैश्विक गुरु बनाने का वास्तविक मूल मंत्र है:-" ज्ञान में उत्कृष्टता,आचरण में शुचिता, विचारों में उदारता और कर्म में राष्ट्रनिष्ठ चरित्र।"

अतिक्रमण के खिलाफ चला संयुक्त अभियान, 16 वाहनों का चालान, कई ठेले हटवाए

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर एवं एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में आज यातायात पुलिस और थाना लालकुर्ती पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान के दौरान क्रिस्टल पैलेस लालकुर्ती से पिंकी छोले-भटूरे से लेकर जीरोमाइल चौराहा तक सड़क पर अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों, फल-सब्जी की रेहड़ी-ठेलियों को हटवाकर निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित कराया गया। सड़क किनारे नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन से टो किया गया तथा 16 वाहनों के नो-पार्किंग में चालान किए गए।

पुलिस ने दुकानदारों और रेहड़ी-ठेली संचालकों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की सख्त हिदायत दी। मेरठ पुलिस ने बताया कि सुगम और सुरक्षित यातायात के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मोदीनगर में नन्हे पत्रकार प्रतियोगिता-2026 संपन्न, सृष्टि प्रथम, गगन द्वितीय

नित्य संदेश ब्यूरो

मोदीनगर। साहित्यिक जागृति मंच, मोदीनगर द्वारा आयोजित ‘नन्हे पत्रकार प्रतियोगिता-2026’ का पुरस्कार वितरण समारोह डॉ. बी.आर. अम्बेडकर पुस्तकालय, भूपेन्द्रपुरी में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता में सृष्टि (जनता पब्लिक स्कूल) ने प्रथम, गगन (सहायक विद्यालय, फजलगढ़) ने द्वितीय तथा गुंजन (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, कलछीना) और मुस्कान (रुक्मणी मोदी इंटर कॉलेज) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को नगद पुरस्कार, प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता मंच अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार ‘दीपांकर’ ने की, संचालन भीम भारत भूषण ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार गौतम (एसोसिएट प्रोफेसर, सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ) ने कहा कि सच्ची पत्रकारिता में साहस, सत्य और वंचितों की आवाज जरूरी है।

इस अवसर पर ‘पत्रकारिता और आज का दलित सरोकार’ विषय पर संगोष्ठी भी हुई। विशिष्ट अतिथि विनोद गौतम, हरपाल सिंह एडवोकेट, डॉ. कामिनी दीपांकर सहित अन्य वक्ताओं ने बच्चों को शिक्षित और चरित्रवान बनने की प्रेरणा दी।