Home Blog Page 109

एसएसपी ने सर्राफा बाजार में व्यापारियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने शुक्रवार को आगामी त्योहारों के मद्देनजर थाना देहली गेट क्षेत्र के सर्राफा बाजार में व्यापारियों के साथ बैठक की।

बैठक में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, पुलिस गश्त, यातायात व पार्किंग व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। एसएसपी ने त्योहारों को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस व व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर संवाद, आपसी सहयोग व समन्वय बनाए रखने की अपील की।

त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था व शिकायतों के निस्तारण को लेकर एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के समस्त पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कानून-व्यवस्था व सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस प्रबंधन, नियमित गश्त, चेकिंग व सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही जनसुनवाई व आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति व निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी व संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निदेशक (वाणिज्य) का सहारनपुर जोन का औचक दौरा, राजस्व वसूली और लाइन लॉस पर दिए सख्त निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

सहारनपुर। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन ने शनिवार को सहारनपुर जोन का औचक दौरा किया।

उन्होंने जोन के अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत वितरण व्यवस्था, लाइन लॉस और राजस्व वसूली की गहन समीक्षा की।बैठक में निदेशक ने नेगेटिव लाइन लॉस दर्शाने वाले फीडरों की जीआईएस व कंज्यूमर मैपिंग में त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इनपुट व आउटपुट मीटरों का शत-प्रतिशत सत्यापन कर सही डेटा पोर्टल पर अपडेट करने को कहा।

उन्होंने बड़े बकायादारों से वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने, डिफॉल्टरों के कनेक्शन काटने, शत-प्रतिशत सही बिलिंग सुनिश्चित करने तथा ‘विद्युत चोरी रोको’ सघन अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागीय कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा, कार्य विस्तार, संगठनात्मक रचना एवं आगामी कार्ययोजना पर होगा विचार-विमर्श

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 2, 3 एवं 4 नवंबर को इंदौर में आयोजित हो रही है। कार्यकारी मंडल की बैठक के पूर्व आज शनिवार को संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने पत्रकारों को संबोधित किया। श्री आंबेकर ने कहा कि विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक शताब्दी वर्ष के निमित्त देशभर में विविध कार्यक्रम एवं उपक्रम आयोजित हुए। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संघ कार्य के विस्तार एवं आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श होगा।
बैठक में देशभर के लगभग 408 कार्यकर्ता अपेक्षित हैं। इनमें सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवतजी , सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले जी, सभी सहसरकार्यवाह, कार्यविभागों के प्रमुख, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य, 11 क्षेत्रों एवं 46 प्रांतों के संघचालक, सहसंघचालक, कार्यवाह, सह कार्यवाह, प्रचारक एवं सह प्रचारक सम्मिलित होंगे।

संघ कार्य का विस्तार एवं समाज की सहभागिता

      वर्तमान में देशभर में संघ की 1,01,151 दैनिक शाखाएं संचालित हो रही हैं। साप्ताहिक मिलन एवं अन्य गतिविधियों सहित लगभग 1,10,849 स्थानों तक संघ कार्य पहुंचा है। पिछले वर्ष अक्टूबर की तुलना में 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं प्रारंभ हुई हैं। शताब्दी वर्ष के पूर्व तीन वर्षों के लिए बनाई गई, कार्य विस्तार की योजना की उपलब्धियों एवं अनुभवों की समीक्षा होगी।
              शताब्दी वर्ष में देशभर में 65,660 हिंदू सम्मेलन आयोजित हुए। नगरों में बस्ती स्तर पर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल स्तर पर हुए इन सम्मेलनों को समाज का व्यापक समर्थन मिला। गृह संपर्क अभियान में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संघ का प्रयास रहेगा कि समाज की संस्थाओं एवं संगठनों द्वारा प्रारंभ किए जाने वाले समाजहित के उपक्रमों में स्वयंसेवक अपने अनुभव के आधार पर सहयोग करें।

महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता

        गृह संपर्क, प्रमुख जन गोष्ठियों एवं हिंदू सम्मेलनों में महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। युवाओं एवं युवतियों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों, विश्वविद्यालय परिसरों एवं अन्य स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भी अच्छी सहभागिता हुई। युवाओं की आकांक्षाओं, देश एवं समाज से जुड़े विषयों और उनके सुझावों के आधार पर आगामी कार्यक्रमों की दिशा तय की जाएगी।

संगठनात्मक एवं सामाजिक विषय

        बैठक में संघ की संगठनात्मक रचना में प्रस्तावित परिवर्तनों पर विचार होगा। इसके पश्चात मार्च में नागपुर में होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के पूर्व संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया जिला, विभाग, प्रांत एवं क्षेत्र स्तर से आगे बढ़ेगी। इसी क्रम में मार्च में सरकार्यवाहजी का निर्वाचन होगा। संगठनात्मक विषयों के अतिरिक्त समाज जागरण के विषयों पर भी इस बैठक में योजना बनायी जावेगी। नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन पर भी विशेष चर्चा होगी। सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग से विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की योजना बनाई जाएगी।

वैश्विक संवाद एवं पंच परिवर्तन

शताब्दी वर्ष में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी के अमेरिका, कनाडा एवं इंग्लैंड प्रवास के दौरान हुए वैश्विक संवाद की समीक्षा होगी। भारत के चिंतन, हिंदुत्व की सही समझ एवं विश्व कल्याण में भारत की भूमिका के संदर्भ में हुए संवाद को आगे बढ़ाने पर विचार होगा। संत रविदास जी की 650वीं जयंती के कार्यक्रमों की भी समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की योजना पर विचार होगा।
शताब्दी वर्ष में सामाजिक समरसता, पर्यावरण के अनुरूप जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध एवं नागरिक कर्तव्य अर्थात पंच परिवर्तन के विषय समाज तक पहुंचाने के प्रयास हुए हैं। आगामी समय में समाज की विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के साथ मिलकर इन विषयों पर नए कार्यक्रम एवं अभियान चलाने की योजना बनेगी।

      बैठक के अंतिम दिन 4 नवंबर को माननीय सरकार्यवाह जी पत्रकार वार्ता में बैठक के विचार-विमर्श, समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देंगे तथा पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर देंगे।
     पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री आंबेकर ने कहा कि शताब्दी वर्ष में संघ का चिंतन इन बातों पर रहा कि हिंदुत्व क्या है? भारत क्या है? आगे भारत को कैसे जाना है और भ्रम उत्पन्न करने वाले तत्व कौन से हैं? किनके कारण भ्रम उत्पन्न होता है और भ्रम से हम कैसे मुक्त हो सकते हैं?  संघ किसी भी नई टेक्नोलॉजी का विरोध नहीं करता है, परन्तु मनुष्य के नाते ये निश्चित विचार करना पड़ता है कि हम उसका उपयोग कैसा करेंगे? और संघ इस सन्दर्भ में समाज में जाग्रति लाने का कार्य भी करता रहेगा। पिछले 100 वर्ष से संघ और हिंदूत्व के विचार पर सतत विमर्श चल रहा है और संघ, उस विमर्श के लिए खुला है और सरसंघचालक जी से लेकर सभी लोग हमेशा ऐसे संवाद के लिए तैयार रहते हैं।

साहित्य जगत में गूंजी ज्योति जैन की रचनाएं, चार पुस्तकों का भव्य लोकार्पण संपन्न

सपना सीपी साहू

नित्य संदेश, इंदौर। शहर की सुप्रसिद्ध रचनाकार ज्योति जैन की चार पुस्तकों का भव्य लोकार्पण एवं परिचर्चा शिवना प्रकाशन के तत्वावधान में आयोजित गरिमामयी साहित्यिक समारोह में सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जहां वक्ताओं ने पुस्तकों और लेखिका के रचनाकर्म पर खुले दिल से अपने विचार रखे।


कार्यक्रम का प्रारंभ भारती भाटे के वन्दे मातरम गान, दिव्या मंडलोई द्वारा सरस्वती वंदना और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।
स्वागत व्यक्तव्य में पंकज सुबीर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और जनसमूह का स्वागत किया। उन्होंने लेखिका को ‘सुपर वूमन’ बताते हुए चूल्हे-चौके से निकलकर किताबों का चौका लगाने पर बधाई दी। आत्मीयता से लेखिका को बहन बताते हुए उन्होंने इंदौर से बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की सराहना की।


तत्पश्चात, लेखिका ज्योति जैन की चार चर्चित कृतियों— ‘घूरना मना है’, ‘मूँडो देखी ने तिलक काढ़े’, ‘षष्ठीपूर्ति’ और ‘प्रतिनिधि कहानियाँ’—का लोकार्पण मंचासीन अतिथियों द्वारा किया गया। यह चारों पुस्तकें लेखिका ने अपने चारों नातिनों और नातियों को समर्पित की। लोकार्पण के बाद ज्योति जैन ने अपनी रचना प्रक्रिया पर अनुभव साझा करते हुए कहा कि उपस्थित जन ब्रह्माण्ड के सितारे और नक्षत्र है और उनके स्नेहाशीष ने ही उन्हें ‘ज्योति’ बनाया है। उन्होंने समय का सम्मान करते हुए लेखन को साधना बताया और अपने व्यंग्य लेखन की शुरुआत से जुड़े संस्मरण सुनाए।

साथ ही, पूर्व केंद्रीय मंत्री की सहजता की प्रशंसा करते हुए यह शेर पढ़ा:
“था नहीं उसे अपने कद का अंदाज,
आसमाँ है वो सिर झुकाए बैठा है।”
उन्होंने शिवना प्रकाशन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।


मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित म.प्र. साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे ने लेखिका को चार साहित्यिक संततियों के जन्म की बधाई दी और भरे सभागार को स्नेह की विजय का पर्व बताया। उन्होंने ‘नजरबट्टू’, ‘शिरीन’, ‘इफ यू लव समबडी’, ‘घूरना मना है’ और ‘साड़ी बुला रही है’ जैसी रचनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने मालवी संग्रह के लिए विशेष बधाई देते हुए कहा कि परिवार का ध्यान रखते हुए किया गया यह साहित्य सृजन अत्यंत प्रशंसनीय है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध आलोचक एवं व्यंग्यकार बी.एल. आच्छा ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कृतियों की गहराई और सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यंग्य विधा आलोचना नहीं, बल्कि तर्क का विषय है। उन्होंने लघुकथाओं के अंतर्मन पर गहरे स्पर्श की सराहना की और कहा कि जीवन को बोनसाई करने की नहीं, बल्कि छांह देने की जरूरत है।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया का स्वागत लेखिका ज्योति जैन ने स्वयं किया। अन्य अतिथियों का स्वागत शरद कुमार जैन, अमर कौर चड्ढा, महेंद्र जैन, वैजयंती दाते, राजेंद्र कुमार तिवारी और डॉ. शोभा प्रजापति ने किया।


समारोह के दौरान हेमंत बड़जात्या, चेतन कुसुमाकर और विजयलक्ष्मी द्वारा अतिथियों तथा सहयोगियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। वहीं, ज्योति जी ने भारती भाटे, दिव्या मंडलोई और कार्यक्रम का सफल संचालन करने वाली स्मृति आदित्य को स्मृति चिह्न प्रदान किए। अंत में स्वर्णिम माहेश्वरी के आभार प्रदर्शन किया। समारोह में शहर के कई प्रसिद्ध जन ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।