Home Blog Page 108

दिल्ली जाने से रोकने पर भड़के सपा नेता शैंकी वर्मा, बोले – सरकार लोकतंत्र की ताकत से डर गई

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। समाजवादी पार्टी के नेता और मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा ने दिल्ली कूच रोकने को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

वर्मा ने कहा कि दिल्ली जाने से रोककर सरकार आखिर क्या साबित करना चाहती है। हमें दिल्ली जाने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को आगे कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “सवाल है – आखिर डर किस बात का है? जनता की आवाज से या लोकतंत्र की ताकत से? सरकार को बताना चाहिए कि वह जनता की आवाज से क्यों डर रही है।”

शैंकी वर्मा ने कहा कि हम इस तरह के दमन से न डरेंगे, न झुकेंगे और न ही जनता के हक की लड़ाई से पीछे हटेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्च किसी एक पार्टी या किसी नेता का मार्च नहीं है। “यह मार्च देश के 140 करोड़ भारतीयों का मार्च है और यह सरकार लोकतंत्र की इस ताकत से डर चुकी है।” अंत में उन्होंने ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ का नारा दिया।

शिक्षासेतु ने मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। वंचितों हेतु संचालित शिक्षासेतु द्वारा शास्त्रीनगर के सेक्टर 7 स्थित गौरी शंकर मंदिर पार्क में रविवार को मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

शिक्षासेतु के संचालक बीबी शर्मा ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में शिक्षा सेतु व स्ट्रीट गुरुकुल की 30 छात्राओं ने भाग लिया। आयोजिका गार्गी श्रीवास्तव तथा योग शिक्षिका रानी माला के निर्णायक मंडल ने शोभा को सर्वोत्तम, नैना, जया तथा रोशनी को अति उत्तम एवं डोली, निशु और सोनिया को उत्तम घोषित किया।

वार्ड 26 के सभासद मास्टर सतपाल सिंह ने सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, ड्रेस, लंच बॉक्स तथा नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एचके शर्मा ने की तथा मुख्य अतिथि विजय लक्ष्मी रहीं। दीपक भल्ला, प्रवीन गोयल, अंकित श्रीवास्तव, रोहन पुंडीर, देव और राहुल आदि उपस्थित रहे।

पीईटी परीक्षा को लेकर एसपी सिटी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दृष्टिगत रविवार को पुलिस अधीक्षक नगर मेरठ ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान एसपी सिटी ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता तथा समुचित सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राजकीय महिला शरणालय में पीएनजी किचन का किया उद्घाटन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जिलाधिकारी डाॅ. वी0के0 सिंह ने राजकीय महिला शरणालय, मेरठ में गेल गैस लिमिटेड पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) किचन का उद्घाटन किया।

इस पहल से शरणालय में भोजन तैयार करने की व्यवस्था अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर सीडीओ, गेल गैस के अधिकारी, राजकीय महिला शरणालय का स्टाफ आदि उपस्थित रहे।

गौकशी के मामले में 25 हजार का इनामी वांछित गिरफ्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

किठौर। थाना किठौर पुलिस ने गौकशी के अभियोग में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नौशाद उर्फ सोफी पुत्र इकबाल निवासी ग्राम बहरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त थाना किठौर में दर्ज मु0अ0सं0 422/2026 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस व 3/5/8 गौवध अधिनियम में वांछित था, जिसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित नौशाद उर्फ सोफी अपने खेत में छिपा है।

प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो अभियुक्त भागने लगा और ठोकर लगने से गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के साथ गौकशी से अर्जित आय की भी जांच कर रही है।