Home Blog Page 118

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक, खेत तालाब योजना के सत्यापन के निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति/जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आहूत की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने खेत तालाब योजना के अंतर्गत चयनित कृषकों एवं स्थल के सत्यापन के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति), उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सीसीएसयू के प्रो. अनुज कुमार की शोध परियोजना को 14.86 लाख रुपये की मंजूरी

  • अगली पीढ़ी के सुपरकैपेसिटर के लिए विकसित होंगे उन्नत नैनो-कंपोजिट पॉलिमर जेल इलेक्ट्रोलाइट; इलेक्ट्रिक वाहनों और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में शोध से खुलेंगी नई संभावनाएं

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक ऊर्जा भंडारण तकनीक के क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर अनुज कुमार की शोध परियोजना को उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CSTUP), लखनऊ ने 14.86 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। तीन वर्ष की अवधि में संचालित होने वाली इस परियोजना में प्रो. अनुज कुमार मुख्य अन्वेषक एवं प्रो. बीरपाल सिंह और डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम सह-अन्वेषक के रूप में शामिल हैं।

परियोजना का शीर्षक ‘Development of Green and Sustainable Nano-Composite Polymer Gel Electrolytes for Next-Generation Supercapacitors’ है। इसके अंतर्गत ग्रीन (हरित) एवं सस्टेनेबल (टिकाऊ) नैनो-कंपोजिट पॉलिमर जेल इलेक्ट्रोलाइट विकसित करने पर शोध किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसी उन्नत सामग्री तैयार करना है, जो भविष्य की ऊर्जा भंडारण प्रणालियों को अधिक प्रभावी, स्थिर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में योगदान दे सके।

क्या है सुपरकैपेसिटर और कैसे करता है काम?

सुपरकैपेसिटर विद्युत ऊर्जा को संग्रहित करने वाला एक आधुनिक उपकरण है। इसे सामान्य बैटरी और कैपेसिटर के बीच की उन्नत तकनीक के रूप में समझा जा सकता है। सामान्य बैटरी जहां रासायनिक प्रक्रिया के माध्यम से ऊर्जा संग्रहित करती है, वहीं सुपरकैपेसिटर मुख्य रूप से इलेक्ट्रोड की सतह पर विद्युत आवेश के संग्रहण के जरिए ऊर्जा संचित करता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता है कि यह बहुत कम समय में चार्ज और डिस्चार्ज हो सकता है तथा सामान्य बैटरियों की तुलना में अधिक चार्ज-डिस्चार्ज चक्र सहन कर सकता है।

उदाहरण के तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन को अचानक तेजी देने के लिए अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत पड़ती है। इसी तरह वाहन में ब्रेक लगाने के दौरान उत्पन्न ऊर्जा को दोबारा संग्रहित करने की तकनीक में भी सुपरकैपेसिटर उपयोगी हो सकते हैं। सौर और पवन ऊर्जा प्रणालियों में ऊर्जा के उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को त्वरित ऊर्जा उपलब्ध कराने में भी इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

पॉलिमर जेल इलेक्ट्रोलाइट से क्या होगा बदलाव?

सुपरकैपेसिटर में इलेक्ट्रोलाइट एक महत्वपूर्ण घटक होता है। यह ऐसा माध्यम है, जिसके भीतर आयन गति करते हैं और ऊर्जा संग्रहण एवं विमोचन की प्रक्रिया में सहायता करते हैं। पारंपरिक सुपरकैपेसिटर में तरल इलेक्ट्रोलाइट का उपयोग किया जाता है, जबकि पॉलिमर जेल इलेक्ट्रोलाइट में पॉलिमर की विशेष संरचना के भीतर इलेक्ट्रोलाइट को जेल के रूप में व्यवस्थित किया जाता है।

इसका संभावित लाभ यह है कि इलेक्ट्रोलाइट के रिसाव की समस्या कम की जा सकती है और उपकरण को अधिक स्थिर एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है। इसके साथ ही नैनो-कंपोजिट तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसमें पॉलिमर के साथ नैनो स्तर के विशेष पदार्थ मिलाए जाते हैं। इन पदार्थों के कारण सामग्री की विद्युत चालकता, तापीय स्थिरता, यांत्रिक मजबूती और आयनिक परिवहन जैसे गुणों में सुधार की संभावनाएं पैदा होती हैं।

शोध में क्या नया करने का प्रयास होगा?

परियोजना के दौरान अलग-अलग पॉलिमर और नैनो-मटेरियल के संयोजन से नई जेल इलेक्ट्रोलाइट सामग्री तैयार की जाएगी। वैज्ञानिक यह अध्ययन करेंगे कि इन सामग्रियों की संरचना और उनमें मौजूद नैनो-कणों की विशेषताएं सुपरकैपेसिटर के प्रदर्शन को किस प्रकार प्रभावित करती हैं। इसके बाद तैयार सामग्री की विद्युत एवं इलेक्ट्रोकेमिकल विशेषताओं का परीक्षण किया जाएगा।विशेष रूप से आयनिक चालकता, चार्ज-डिस्चार्ज व्यवहार, ऊर्जा घनत्व, पावर डेंसिटी, तापीय स्थिरता और दीर्घकालिक प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। ऊर्जा घनत्व का अर्थ है कि कोई उपकरण अपने आकार या भार के अनुपात में कितनी ऊर्जा संग्रहित कर सकता है, जबकि पावर डेंसिटी बताती है कि वह कितनी तेजी से ऊर्जा उपलब्ध करा सकता है।

शोध का एक प्रमुख लक्ष्य इन दोनों विशेषताओं के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने वाली सामग्री विकसित करना होगा।इस शोध के संभावित परिणाम भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, स्मार्ट ऊर्जा प्रणालियों, सौर ऊर्जा संयंत्रों, पवन ऊर्जा परियोजनाओं और पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए उपयोगी हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, इलेक्ट्रिक वाहनों में बैटरी और सुपरकैपेसिटर की संयुक्त व्यवस्था से तेजी से ऊर्जा उपलब्ध कराने तथा ब्रेकिंग के दौरान ऊर्जा पुनः प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। इसी प्रकार सौर ऊर्जा प्रणालियों में ऊर्जा उत्पादन में होने वाले उतार-चढ़ाव के दौरान ऊर्जा प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सकता है।

इस तरह का शोध भविष्य में ऊर्जा भंडारण उपकरणों को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सस्टेनेबल (टिकाऊ) बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। हालांकि, इन संभावनाओं को व्यावहारिक तकनीक में बदलने के लिए प्रयोगशाला परीक्षण और आगे के अनुप्रयोग संबंधी अध्ययन आवश्यक होंगे।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने इस उपलब्धि पर पूरी शोध टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार और वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार की शोध परियोजनाओं से न केवल नए वैज्ञानिक विचारों को प्रयोगात्मक रूप देने का अवसर मिलता है, बल्कि शोधार्थियों को आधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक रूप से कार्य करने और अनुसंधान कौशल विकसित करने का भी अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह परियोजना ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में उपयोगी शोध परिणाम देने के साथ विश्वविद्यालय की शोध एवं नवाचार संबंधी गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगी।यह स्वीकृति विश्वविद्यालय में अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचार और अंतरविषयक शोध को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भौतिक विज्ञान विभाग में उन्नत पदार्थ विज्ञान और ऊर्जा भंडारण तकनीक पर शोध को प्रोत्साहन मिलेगा तथा युवा शोधार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

स्वशासीराज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सयुंक्त चिकित्सालय ललितपुर में संक्रमण नियंत्रण को सुदृढ़ करने के लिए स्टाफ नर्सों का प्रशिक्षण आयोजित

नित्य संदेश ब्यूरो

ललितपुर। चिकित्सालय में संक्रमण की रोकथाम, मरीजों की सुरक्षा तथा उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टाफ नर्सों के लिए चिकित्सालय संक्रमण नियंत्रण (Hospital Infection Prevention and Control) विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मधुरेन्द्र सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। डॉ श्री हर्षा, सीनियर रेसिडेंट ने प्रशिक्षण आयोजित किया । प्रशिक्षण के दौरान स्टाफ नर्सों को हाथों की स्वच्छता (Hand Hygiene), व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (PPE) का उचित उपयोग, संक्रमण से बचाव के मानक प्रोटोकॉल, बायोमेडिकल वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण तथा चिकित्सा उपकरणों के उचित रखरखाव एवं उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य नर्सिंग स्टाफ के ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता को बढ़ाना तथा अस्पताल में सुरक्षित उपचार वातावरण विकसित करना था।

प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला ने कहा कि संक्रमण नियंत्रण गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के नियमित प्रशिक्षण और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि जागरूक एवं कुशल स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संक्रमण के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।संक्रमण नियंत्रण अधिकारी डॉ. देश निधि सिंह ने बताया कि संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नियमित प्रशिक्षण के साथ-साथ समय-समय पर इन्फेक्शन कंट्रोल ऑडिट किया जाएगा।

ऑडिट के माध्यम से निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन का आकलन किया जाएगा तथा प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर स्टाफ से फीडबैक लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।यह कार्यक्रम अस्पताल में संक्रमण के जोखिम को कम करने, मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित, प्रभावी और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कुलपति के नेतृत्व में पोलैंड गया था सीसीएसयू का प्रतिनिधिमंडल, अब अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मिली बड़ी सफलता

  • पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज के आमंत्रण पर हुई थी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा, दोनों विश्वविद्यालयों के बीच एमओयू के बाद इरेस्मस+ KA171 परियोजना को यूरोपीय संघ की मंजूरी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पोलैंड की प्रतिष्ठित पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज (Poznań University of Life Sciences) के साथ विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सहयोग अब नई ऊंचाई पर पहुंचने जा रहा है।

यूरोपीय संघ की इरेस्मस+ KA171 परियोजना के तहत दोनों विश्वविद्यालयों के बीच प्रस्तावित सहयोग को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना में सीसीएसयू को अंतरराष्ट्रीय सहयोगी संस्थान के रूप में चुना गया है।इस उपलब्धि के पीछे दोनों विश्वविद्यालयों के बीच पिछले कुछ समय से चल रहे संस्थागत प्रयास महत्वपूर्ण रहे हैं। पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज के आमंत्रण पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने पोलैंड का दौरा किया था। इस यात्रा के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक, शोध एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई थी।

इसी क्रम में दोनों संस्थानों के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) भी हुआ था। इस यात्रा के दौरान विकसित हुए अकादमिक संपर्क और आपसी सहमति के परिणामस्वरूप अब इरेस्मस+ KA171 परियोजना में सीसीएसयू की भागीदारी को यूरोपीय संघ से वित्तीय स्वीकृति मिली है। इसे विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।

फरवरी 2026 में पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज की ओर से प्रस्तुत इस परियोजना को 100 में से 88 अंक मिले हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा और सीमित बजट के बावजूद विश्वविद्यालय को प्रस्तावित 240 मोबिलिटी में से केवल 34 के लिए वित्तीय सहायता मिली है। इनमें सीसीएसयू के साथ शैक्षणिक सहयोग का चयन होना विश्वविद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि है।यह परियोजना दो वर्षों तक संचालित होगी। इसके अंतर्गत पोलैंड के पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज का एक शिक्षक चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय आएगा और यहां शिक्षण एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेगा।

पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान, प्राणी विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी और भौतिक विज्ञान जैसे विषयों में विशेषज्ञ व्याख्यान, अकादमिक संवाद और शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।इससे विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों को यूरोपीय उच्च शिक्षा प्रणाली, आधुनिक शोध पद्धतियों और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक अनुभवों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

परियोजना के अगले चरण में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच इंटर-इंस्टीट्यूशनल एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद शिक्षक के आगमन और शैक्षणिक कार्यक्रमों की तिथियां निर्धारित होंगी। वैश्विक सहयोग से खुलेगा शोध का नया रास्ताकुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक एवं शोध सहयोग विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इरेस्मस+ जैसी परियोजनाएं विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक स्तर पर सीखने, शोध करने और अपने ज्ञान को व्यापक बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास प्रतिष्ठित विदेशी संस्थानों के साथ दीर्घकालिक शैक्षणिक संबंध विकसित करना है।सीसीएसयू के निदेशक, शोध प्रो. बीर पाल सिंह ने कहा कि इरेस्मस+ KA171 परियोजना के अंतर्गत चयन अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग, ज्ञान के आदान-प्रदान और वैश्विक शैक्षणिक नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विश्वविद्यालय में अनुसंधान एवं नवाचार की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

अंतरराष्ट्रीय सहयोग समन्वयक प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज के साथ यह सहयोग विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण अभियान को गति देगा। हमारा प्रयास है कि भविष्य में इसे द्विपक्षीय शिक्षक एवं विद्यार्थी आदान-प्रदान और संयुक्त शोध कार्यक्रमों तक विस्तारित किया जाए।पॉज़्नान यूनिवर्सिटी ऑफ लाइफ साइंसेज की एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. अंशु रस्तोगी ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि फरवरी 2027 में प्रस्तावित अगले इरेस्मस+ आवेदन चक्र में दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए द्विपक्षीय शैक्षणिक आदान-प्रदान की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुनः संयुक्त प्रस्ताव प्रस्तुत करने की योजना है।इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक विस्तार, शोध सहयोग और वैश्विक स्तर पर अकादमिक पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सपा कार्यालय पर 1 नवंबर के ‘दिल्ली चलो अभियान’ की तैयारियों को लेकर बैठक, संजय लाठर ने समझाई रणनीति

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। समाजवादी पार्टी कार्यालय जेलचुंगी पर गुरुवार को आगामी 1 नवंबर को प्रस्तावित जन आंदोलन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

बैठक में संजय लाठर की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आंदोलन की रणनीति समझाई गई तथा उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।इस अवसर पर 1 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर ‘दिल्ली चलो अभियान’ में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

बैठक में जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुर्जर गुमी, महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी, शहर विधानसभा विधायक हाजी रफीक अंसारी, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, जानू चौधरी, डॉ. कय्यूम अली खान, इकराम बालियान, हाजी डॉ. शकील सैफी, चांद सैफी, नासिर बंजारा, मेहताब मूशा, सुहैल साजिद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।