Home Blog Page 119

मेडिकल कॉलेज मेरठ का गौरव, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग ने राज्य स्तरीय क्विज में जीते प्रथम और द्वितीय पुरस्कार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेडिकल कॉलेज मेरठ के सामुदायिक चिकित्सा विभाग (कम्युनिटी मेडिसिन) ने राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया है।

वीर चंद्र सिंह मेडिकल कॉलेज श्रीनगर (उत्तराखंड) में आयोजित आईएपीएसएमयूपीयूकेकॉन-2026 सम्मेलन के दौरान हुई इस प्रतियोगिता में डॉ. पलक नरूला एवं डॉ. ईशा गांधी ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि डॉ. शोभित जैन ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया।

विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विभाग की शैक्षणिक उत्कृष्टता और रेजिडेंट्स की कड़ी मेहनत का प्रतीक है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने भी विभाग को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।

जीटीबी एकेडमी में अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट 4 से

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में अब 4 नवंबर से अंडर 19 वर्ग के मैच होंगे।

प्रतियोगिता में सब जूनियर और जूनियर वर्ग के मैच हो चुके हैं अब सीनियर वर्ग के मैच होंगे। इसकी शुरूआत 4 नवंबर से होगी। इसमें आठ टीइम प्रतिभाग कर रही हैं। आयोजन सचिव व क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि टूर्नामेंट में अंडर 19 वर्ग में आठ टीम प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें रुद्रा इंटरनेशनल, जीटीबी दिल्ली रोड, ऋषभ एकेडमी, ट्रांसलम, कुसुम पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों की टीम प्रतिभाग करेंगी। टूर्नामेंट में अंडर 19 वर्ग का उद्घाटन मैच 4 नवंबर को सुबह 10 बजे से होगा।

उन्होंने बताया कि स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा दिए जाने के उदे्श्य से इस टूर्नामेंट को कराया जा रहा है। पहली बार रंगीन पोशाक में इन मैचों का आयोजन हुआ और काफी संख्या में स्कूलों की टीम ने अंडर 10 से 14 और 15 से 17 साल वर्ग में प्रवेश किया और शानदार प्रदर्शन किया। अब अंडर 19 वर्ग में टीम खेलेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार भी दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता के अंत में सभी टीम में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को भी विजेता व उपविजेता टीम के साथ सम्मानित किया जाएगा।

टूर्नामेंट के आयोजन में प्रधानाचार्य गोपाल दीक्षित, प्रभा राव, इंद्रजीत सिंह, करन सिंह, ईएम स्पोर्ट्स, आर आर स्पोर्ट्स समेत आदि का विशेष योगदान रहेगा।

वंदे मातरम नृत्य प्रतियोगिता हुई, शिल्पो के माध्यम से दीपावली पर घर सजाने की तैयारी

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। बंकिम चंद्र की कलम से निकला वंदे मातरम महज एक गीत नहीं बल्कि हर भारतीय की नसों में दौड़ता हुआ एक लघु भारत है जिसने स्वतंत्रता संग्राम में हर भारतवासी को अंग्रेजों के खिलाफ खड़ा कर दिया था इस वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आज दशहरा मैदान पर स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए वंदे मातरम थीम पर देशभक्ति के गीतों पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय एवं लोक संस्कृति मंच के संयुक्त तत्वाधान में हुआ।

जानकारी देते हुए लोक संस्कृति मंच के संयोजक एवं लोकप्रिय सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि आज इंदौर के 14 स्कूलों से 400 से अधिक विद्यार्थी एवं 41 शिक्षक इस प्रतियोगिता में शामिल हुए। जिन्होंने राष्ट्र गीत को सिर्फ मिट्टी को नमन करना नहीं माना बल्कि उस मिट्टी में जन्में सभी महाशक्तियों महानायकों को प्रणाम किया जिसमें स्वतंत्रता की चिंगारी इस देश में सुलगाई थी और देश को स्वतंत्र करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी ।जब वैष्णव अकादमी के विद्यार्थियों ने ऑपरेशन सिंदूर के द्वारा देश की एयरफोर्स की ताकत का एहसास कराया तो देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। सरफरोशी की तमन्ना हमारे दिल में है देखना है जोर कितना बाजुए का कातिल में है के बोल से गूंजती प्रस्तुति में महानायको की भगत सिंह ,चंद्रशेखर आजाद बिस्मिल ,झांसी की रानी सब की याद दिला दी ।

दीपक लवंगडे ने बताया कि दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वारा सफेद धवल वस्त्रो में वंदे मातरम पर प्रस्तुति सब का मन मोहकर देश के गौरव का बखान कर गई ।एमराल्ड हाईट स्कूल के बच्चों ने संस्कृति अध्यात्म और देश प्रेम तीनों को एक माला में पिरोकर भारत दर्शन भरतनाट्यम योग और आर्मी की चपलता दर्शाकर कराया। वहीं रानी लक्ष्मीबाई के साथ नारी शक्ति और उसका एंपावरमेंट का एहसास कराती प्रस्तुति सबकी तालियां बटोर गई। तिरंगे की शान को एकता और अनेकता के मंत्र में सैंट नॉरबर्ट के विद्यार्थियों ने भारत के वैभव व गौरव के प्रतीकों से प्रस्तुत किया ।

अशोक स्तंभ के समक्ष लहराते तिरंगे को देखना एक अद्भुत अनुभव रहा जिसे पेश किया सिक्का सीनियर स्कूल के विद्यार्थियों ने इस नृत्य में इन्होंने पूरे भारत भर का भ्रमण कराया साथ ही भारत की न्यायशीलता की कहानी का एहसास कराया ।वहीं वंदे मातरम की प्रस्तुति रियान इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने दी एडवांस एकेडमी के बच्चों ने आधुनिकता के और प्राचीन संस्कृति के फ्यूजन का जो नृत्य पारंपरिक पोशाखो के साथ किया एक अद्भुत नृत्य रहा।

संकल्प वर्मा ने बताया कि शिल्प मेले में दीपावली पर घर को सजाने हेतु कई प्रकार के शिल्पा एवं डेकोरेटिव आइटम उपलब्ध है जिसमें कुशन कवर बेडशीट झूमर लाइटिंग आर्ट पेंटिंग आदि. कार्यक्रम के अंत में पुरस्कारों की घोषणा की गई निर्णायक आशा अग्रवाल, रुचिता बाहेती एवं मेघा शर्मा थी। इसमें प्रथम पुरस्कार 51 हजार द्वितीय पुरस्कार 21 हजार तृतीय पुरस्कार 11000 एवं दो सांत्वना पुरस्कार ₹5000 के दिए गए । 31 अक्टूबर को महाविद्यालय छात्र-छात्राओं के लिए सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता होगी जो शाम 7:00 बजे शुरू होगी शिल्प मेला 4:00 बजे प्रारंभ होगा।

जत्रा में पहले दिन ही उमड़ा जनसैलाब, लोगों ने मराठी व्यंजनों का लिया लुत्फ

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। मराठी सोशल ग्रुप द्वारा इंदौर के पोत्दार प्लाजा में आयोजित एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा के पहले दिन ही स्वाद और संस्कृति प्रेमियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हालांकि, जत्रा का समय दोपहर 2 से रात्रि 11 का था, पर दोपहर 1 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। इसका औपचारिक शुभारंभ हॉप टेक्सटाइल्स लिमिटेड के सी ई ओ कांतिलाल बम, नाना महाराज संस्थान के प्रमुख डॉ बाबा साहेब तराणेकर, झोंन अध्यक्ष गजानंद गावड़े, सुरेश टाकळकर सहित अन्य अतिथियों ने किया।

संस्था के सुधीर दांडेकर और राजेश शाह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इंदौरियों का खूब अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम पूर्णतः जीरो वेस्ट रहेगा। खाने की प्लेट्स, चम्मच, ग्लास सभी 100 प्रतिशत बायोडिग्रेडेबल मटेरियल से निर्मित कंज्यूमेबल्स का उपयोग किया जा रहा है। जत्रा में गीला कचरा और सूखा कचरा कलेक्शन पॉइंट पर ही सेग्रिगेट किया जाता है। 20 से अधिक कचरा कलेक्शन पॉइंट्स बनाए गए हैं। गीले कचरे को हाथोंहाथ खाद में परिवर्तित कर निगम को दिया जाता है। इतने वृहद आयोजन में जहां एक ही समय में हजारों लोग एक साथ खाने का लुत्फ उठाते हैं, उसके बावजूद परिसर में सफाई व्यवस्था एकदम चाक-चौबंद रही। फूड जोन की तृप्ति महाजन और सुमेधा बावकर ने बताया कि सुबह से ही स्वाद प्रेमियों का आना शुरू हो गया था।

आज के फूड झोन के पुरस्कार प्रथम: गुळाची पोळी, नेहा मोदक द्वितीय: उकडीचे मोदक, नेहा देशमुख तृतीय:मसाला पतौडी रस्सा पोळी, पियूषा रेघेसंकेता देशकुलकर्णी एवं सुप्रिया पुंडलिक ने बताया कि हैंडीक्राफ्ट झोंन में तोरण, दीपावली साज सज्जा का सामान, क्रोचेट, माहेश्वरी साड़ियां, कच्छ भुज की अजरख, मोडाल, बाँधणी साड़ियां और ड्रेस मटेरियल, हैंड मेड कुकीज़, चॉकलेट, ज्वेलरी, मिलेट्स आदि सामाग्री जत्रा स्पेशल ऑफर के साथ उपलब्ध है।

हर्षवर्धन लिखिते ने बताया कि महाराष्ट्र के प्रसिद्ध दर्शन साटम द्वारा संचालित कला रंजना ग्रुप लावणी की प्रस्तुति दी गई।ट्रेड झोंन में सोलर एनर्जी विशेष ऑफर के साथ, दिवाली के व्यंजन, एफ एम सी जी गुड्स, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, कार, और कई प्रकार की सर्विसेस विशेष जत्रा ऑफर के साथ उपलब्ध है।दर्शन जागीरदार ने बताया कि पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ के संकल्प को लेकर विशाल पदयात्रा सम्पन्न

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। आज भाजपा द्वारा लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत सुभाष नगर चौराहे से पाटनीपूरा चौराहे तक केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री व सांसद कविता पाटीदार, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, कबीरपंथी गायक पद्मश्री भैरोंसिंह चौहान, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, उषा ठाकुर, मनोज पटेल, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा की उपस्थिति में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ विशाल पदयात्रा सम्पन्न हुई।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सत्ता हासिल करने में विफल हो रही है, इसलिए अब वह लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल भारत में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे चुनी हुई सरकारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और स्वायत्त संस्थाओं को चुनौती दे रहे हैं। देश की जनता उनकी इस राजनीति का जवाब देगी। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को बदहाली की ओर धकेला। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक स्तर पर मान-सम्मान बढ़ा है। देश में प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए लगातार काम हुआ है। आज भारत वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर राजनीति कर रहे हैं। चुनाव में जनता का समर्थन नहीं मिलने पर वे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं और झूठे आरोप लगाकर देश में अविश्वास तथा अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास करते हैं। भाजपा का इतिहास संघर्ष, संगठन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का इतिहास है। जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा को लंबे समय तक विपक्ष में रहना पड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने भी दशकों तक विपक्ष में रहकर देश और लोकतंत्र की सेवा की, लेकिन कभी सत्ता प्राप्त करने के लिए देश में अराजकता फैलाने का रास्ता नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता से बाहर हुए अभी कुछ ही समय हुआ है और वह लोकतांत्रिक तरीके से जनसमर्थन हासिल करने के बजाय सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने और व्यवस्था को बदनाम करने में जुट गई है। विपक्ष की भूमिका सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना है, लेकिन लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास करना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर की सड़कों पर उमड़ा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की अराजक और नकारात्मक राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत का पूरी दुनिया सम्मान कर रही है, तब कांग्रेस के नेता देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस की राजनीति देश की प्रगति और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। आज जनता का जनसमर्थन कांग्रेस की इसी राजनीति के विरुद्ध स्पष्ट संदेश है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पित है। जब भी पार्टी नेतृत्व का आह्वान होगा, कार्यकर्ता पूरी शक्ति और एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचकर लोकतंत्र विरोधी ताकतों का मुकाबला करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों, देश की एकता और संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश में लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने के संकल्प के साथ एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो रहा हैै। समाज के सभी वर्गों के लोग इस अभियान में शामिल हुए हैं। मैं आप सभी का अभिनंदन और वंदन करता हूं। कांग्रेस चाहती है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़े रहें, मृत व्यक्तियों के नाम नहीं हटाए जाएं और एक ही व्यक्ति के चार-चार नाम मतदाता सूची में बने रहें, ताकि कांग्रेस इसका राजनीतिक लाभ उठा सके। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध करने का काम किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। पहले कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठाती थी, अब एसआईआर पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चार राज्यों में हुए एमएलसी चुनावों में बैलेट पेपर से मतदान होने के बावजूद कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को अपने नेतृत्व के बारे में विचार करना चाहिए। ऐसे नेतृत्व के कारण पार्टी लगातार चुनावी पराजय का सामना कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि आज इंदौर में समाज के सभी वर्गों के लोग लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध में एकजुट होकर इस विशाल पदयात्रा में शामिल हुए। इंदौर की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब जनता के उत्साह, जागरूकता और लोकतंत्र के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। देशभर में कांग्रेस जितने लोगों को एकत्रित करती है, उससे बड़ा जनसमूह अकेले इंदौर में उमड़ा है। उन्होंने पदयात्रा में शामिल सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की सहभागिता से यह पदयात्रा ऐतिहासिक स्वरूप ले लिया है। हम सब मिलकर लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध के संकल्प के साथ पूरे प्रदेश में पदयात्राओं को ऐतिहासिक बनाएंगे।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि इंदौर की सड़कों पर उमड़ा जनता का विशाल जनसमूह बता रहा है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर किया है। देश में अराजकता हारेगी और लोकतंत्र ही हमेषा विजयी रहेगा। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाला इंदौर ने आज लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी का भी उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनता ने इतनी बड़ी संख्या में एकत्रित होकर लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। इस जनसैलाब को देखकर मेरा विश्वास और मजबूत हुआ है कि देश की जनता लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ खड़ी है। कांग्रेस के नेता संविधान की किताब हाथ में लेकर देशभर में घूम रहे हैं और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। भारत यह नहीं भूला है कि कांग्रेस के शासनकाल में किस तरह लोकतंत्र की हत्या की गई, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया गया और संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलकर लोकतंत्र की आवाज दबाई गई थी। संविधान का सम्मान केवल किताब हाथ में लेकर चलने से नहीं, बल्कि उसकी भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने से होता है। कांग्रेस बार-बार ईवीएम पर सवाल उठाती है और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती है। हाल ही में चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों पर बैलेट पेपर से हुए चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली। अब कांग्रेस बताए कि जब चुनाव बैलेट पेपर से हुए, तब उसकी हार का जिम्मेदार कौन है? क्या अब कांग्रेस बैलेट पेपर पर भी सवाल उठाएगी? चुनाव में हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़कर जनता को गुमराह करने के बजाय कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एक आवश्यक प्रक्रिया है। विपक्ष को एसआईआर का विरोध करने के बजाय इसमें सहयोग करना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। प्रधानमंत्री जी के साथ देश की जनता का आशीर्वाद और समर्थन है। कांग्रेस के विरोध और प्रयासों के बावजूद देश की विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी और नया भारत विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ पदयात्रा देष को विखंडित करने वालों के खिलाफ जनजागरण का अभियान है। यह भाजपा की चुनावी पदयात्रा नहीं है, बल्कि उन ताकतों के खिलाफ जनजागरण है, जो देश को विखंडित करना चाहती हैं और विदेशी शक्तियों के साथ मिलकर भारत की एकता एवं अखंडता को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस के पास आज देश की जनता के सामने रखने के लिए न कोई ठोस मुद्दा है और न ही विकास का कोई विजन। यही कारण है कि कांग्रेस राजनीतिक हताशा में संवैधानिक संस्थाओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस का रवैया संविधान, सर्वोच्च न्यायालय और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने वाला है। भारतीय जनता पार्टी और देश का जागरूक नागरिक कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों के इस प्रकार के प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानसेवक के रूप में देश की जनता की सेवा की हैं। वह चौकीदार के रूप में देश की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री जी के प्रति लगातार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य नेताओं ने जिस तरह की अभद्र टिप्पणियां करते हैं उस तरह की अमर्यादित भाषा का भारत की राजनीति में काई स्थान नहीं है। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध के लिए पर्याप्त स्थान है, लेकिन विरोध करते समय भाषा की मर्यादा और राजनीतिक शुचिता बनाए रखना आवश्यक है।

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनेक बार देश को कमजोर करने के प्रयास किए, लेकिन भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान को झुका नहीं पाई। भारत केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। जब तक भाजपा का नेतृत्व और देश का राष्ट्रभक्त नागरिक मजबूती से खड़ा है, तब तक भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कमजोर करने वाली ताकतें अपने मंसूबों में सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि आज हम सभी के सामने सबसे बड़ा संकल्प भारत को जिताने, भारत माता का सम्मान बढ़ाने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी एकजुटता, संकल्प और सामर्थ्य के साथ मुकाबला करेगा। हम सभी मिलकर देश की जनता के विश्वास और भारत माता के गौरव की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, बाबूसिंह रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय, राज्यवर्धन सिंह, विधायक गायत्री राजे पंवार, नीना वर्मा, आशीष शर्मा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय, जीतू जिराती, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे, जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, नीलेश भारती, रायसिंह सेंधव, अक्षय बम, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मानसिंह यादव, व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धीरज खण्डेलवाल, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक महेश पालीवाल, सावन सोनकर सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी, खेल संगठनों के प्रमुखों सहित एक लाख से अधिक आमजन पदयात्रा में सहभागिता की।