Home Blog Page 121

दीपोत्सव-2026 से पहले अयोध्या में यूपीएसटीडीसी की सौगात, छह घंटे में होंगे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

नित्य संदेश ब्यूरो

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या में दीपोत्सव के दशक की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए एक दिवसीय ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ टूर पैकेज शुरू किया है। इसके तहत गाइड की अगुवाई में रामनगरी के 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यह यात्रा 1 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए प्रतिदिन दो बैच संचालित होंगे। पहला बैच सुबह 10 से शाम 4 बजे और दूसरा दोपहर 1 से शाम 7 बजे तक चलेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में 14 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु यह परिक्रमा आस्था और भक्ति की अभिव्यक्ति के रूप में पूरी करते हैं। ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ के जरिये योगी सरकार इस आध्यात्मिक अनुभव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती है। साथ ही, रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

टूर पैकेज में शामिल ये प्रमुख स्थल
अयोध्या के लता मंगेशकर चौक से शुरू होने वाली इस यात्रा में पर्यटकों को सबसे पहले ‘रामायण वैक्स म्यूजियम’ ले जाया जाएगा। यहां पर्यटकों को भगवान श्रीराम, माता सीता सहित रामायण के अन्य पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाओं के जरिये महाकाव्य के प्रसंगों को जीवंत रूप में देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद यात्रा सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंचेगी। पर्यटकों को गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला और शेषावतार मंदिर के भी दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल हैं। इस भ्रमण में पर्यटक अयोध्या की धार्मिक विरासत, पौराणिक प्रसंगों और आध्यात्मिक महत्व को करीब से देखेंगे। यात्रा का समापन सरयू आरती के साथ होगा। नदी तट पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के बीच मां सरयू की आरती की जाएगी। इस भक्तिमय आयोजन के बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या की छह घंटे की आध्यात्मिक यात्रा पूरी होगी।

ऐसे करें बुकिंग
पैकेज के तहत पर्यटकों को सभी स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन की सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय टूर गाइड या कोऑर्डिनेटर भी साथ रहेंगे, जो रास्ते में पड़ने वाले स्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़े रोचक प्रसंगों की जानकारी देंगे। हालांकि, पैकेज में होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल नहीं है। इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर संपर्क कर जानकारी व बुकिंग की जा सकती है।

वरिष्ठ नागरिकों-दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक यात्रा- अमृत अभिजात
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटक एक ही दिन में गाइड के साथ शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का सुविधाजनक भ्रमण कर सकें। यह पैकेज खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें लंबी धार्मिक यात्रा स्वतंत्र रूप से करने में परेशानी होती है। इस पहल का उद्देश्य आध्यात्मिक यात्राओं को अधिक सुगम और आरामदायक बनाने के साथ पर्यटकों को अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।

विशेष अभियान 6.0 के तहत महिला कल्याण विभाग ने चलाया स्वच्छता अभियान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत आज महिला कल्याण विभाग की समस्त संस्थाओं एवं कार्यालयों में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर, मेरठ में पौधरोपण किया गया तथा ग्राम पंचायत इकड़ी, विकास खंड सरूरपुर में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के कार्मिकों द्वारा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में जेंडर विशेषज्ञ मो. इमरान ने विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

इस अवसर पर जेंडर विशेषज्ञ मो. इमरान, एमटीएस सविता, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक सहित अन्य उपस्थित रहे।

पीईटी परीक्षा के दौरान डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर, सेंट जोजफ इंटर कॉलेज लालकुर्ती सहित कई केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सघन चेकिंग, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था व कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया और परीक्षा को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

राष्ट्रीय इंटर कॉलेज नूर नगर में पटेल जयंती पर धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। 1857 के क्रांतिनायक शहीद धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान, मेरठ द्वारा क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह-2026 का शुभारंभ आज राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, नूर नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह के साथ किया गया।

समारोह में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष तस्वीर सिंह चपराना ने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल भारत की एकता के शिल्पकार थे। उन्होंने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण किया। युवा पीढ़ी को पटेल और धनसिंह कोतवाल के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। मुख्य अतिथि डॉ. उमेश कुमार पटेल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सत्येंद्र आर्य ने की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह धामा, निदेशक प्रदीप कुमार गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कुमार गुर्जर, भोपाल सिंह गुमी, ब्रह्माकुमारी बहन सुनीता व भाई जगबीर सिंह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के निदेशक एवं प्रधानाचार्य संजीव कुमार नागर ने किया, जबकि आभार कप्तान सुभाष चंद्र ने व्यक्त किया। इस दौरान विनय कुमार, संजय धामा, एडवोकेट श्रीकांत धामा, राहुल त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हाईवे पर हादसा: वायुसेना के पूर्व जवान की मौत

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ-करनाल हाईवे पर गोटका गांव के पास देर रात सड़क हादसे में भारतीय वायुसेना के पूर्व जवान सचिन की मौत हो गई। वह बाइक से भट्ठे से अपने गांव जंगेठी लौट रहे थे, तभी गोटका पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सचिन को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी निवासी सचिन पुत्र सत्यवीर वायुसेना से सेवानिवृत्ति के बाद हाईवे पर किराए पर भट्ठा संचालित कर रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी की मदद से वाहन की पहचान में जुटी है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।