Home Blog Page 120

उधार के डेढ़ लाख मांगने पर युवक को बंधक बनाया

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। उधार के डेढ़ लाख रुपये वापस मांगने पर एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और नशे के इंजेक्शन लगाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को थाना पुलिस को ग्राम अगवानपुर और नीमका के बीच एक बाग के पास बदहवास हालत में रस्सी से बंधा युवक मिला। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।

होश आने पर युवक ने अपना नाम अंकित पुत्र संतरपाल निवासी ग्राम गगसौना थाना फलावदा बताया। अंकित ने आरोप लगाया कि उसने अपने पड़ोसी रिश्ते के तहेरे भाई को डेढ़ लाख रुपये उधार दिए थे। 21 अक्टूबर को पड़ोसी और उसकी पत्नी ने उधार के पैसे लौटाने के बहाने उसे ससुराल के गांव नीमका बसतोरा में बुलाया। आरोप है कि गांव से पहले जंगल में बाग के पास पड़ोसी, उसकी पत्नी और गांव निवासी उसके साले ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। बेहोश होने के बाद उसे रस्सी से बांध दिया और रोजाना गाली-गलौज व मारपीट कर जबरन नशे के इंजेक्शन लगाते रहे।

एक सप्ताह से लापता था युवक

सूचना पर थाना प्रभारी केदार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उधर, सीएचसी प्रभारी डॉ. रवि शंकर शर्मा के उपचार के बाद होश आने पर परिजनों को सूचना दी गई। पिता संतरपाल ने बताया कि बेटे के घर न लौटने पर उन्होंने थाना फलावदा में एक सप्ताह पूर्व गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वेंकटेश्वरा की छात्रा साक्षी ने जीता गोल्ड मेडल

विश्वास राणा

नित्य संदेश, मेरठ। वेंकटेश्वरा इंस्टिट्यूट ऑफ़ कंप्यूटर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की छात्रा साक्षी ने गोल्ड मेडल जीता। सीसीएस यूनिवर्सिटी द्वारा इंटर-कॉलेजिएट वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें वेंकटेश्वरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की बी.पी.एड. प्रथम वर्ष की छात्रा साक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर डॉ. पंकज कुमार, ग्रुप डायरेक्टर और डॉ. राहुल शर्मा, डायरेक्टर (एकेडमिक्स) एवं अभिनव राणा, विभागाध्यक्ष (बी.पी.एड.), मीडिया प्रभारी विश्वास राणा ने साक्षी को बधाई दी। आगामी ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु शुभकामनाएँ दीं।

मेरठ में कल होगा स्तन कैंसर पर सबसे बड़ा सामुदायिक सम्मेलन ‘मंथन 2026’

  • 50 से अधिक परिवार एक मंच पर जुटेंगे, विशेषज्ञों के साथ होगा सीधा संवाद

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्तन कैंसर केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि मरीज और उसके पूरे परिवार के लिए एक लंबा संघर्ष है। इसी संघर्ष की वास्तविक चुनौतियों और समाधान पर मंथन के लिए कल 31 अक्टूबर को मेरठ में ‘मंथन 2026 – स्तन कैंसर समुदाय सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है।

यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्तन कैंसर से प्रभावित मरीजों और उनके परिवारों का सबसे बड़ा सामुदायिक जुटान होगा। सम्मेलन का आयोजन प्रशस्ति (Prashasti – Breast Cancer Community) एवं BRENDOS-WUP के तत्वावधान में, न्यूटिमा हॉस्पिटल एवं BENS सुपर-स्पेशियलिटी क्लिनिक के स्तन एवं एंडोक्राइन सर्जरी विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस पहल के सूत्रधार डॉ. सुधि ए. कम्बोज, कंसल्टेंट एवं विभागाध्यक्ष, स्तन एवं एंडोक्राइन सर्जरी हैं।

मुख्य कार्यक्रम :

दिनांक : 31 अक्टूबर 2026, शनिवार
समय : प्रातः 10:00 बजे
स्थान : IMA हॉल, बच्चा पार्क, मेरठ

सम्मेलन की मुख्य विशेषताएं :

1. 50 से अधिक परिवारों का जुटान : पश्चिमी यूपी के 50 से अधिक स्तन कैंसर मरीज और उनके परिवार एक साझा मंच पर एकत्रित होंगे। यह केवल मेडिकल कॉन्फ्रेंस नहीं, बल्कि उन लोगों का मंच है जिन्होंने इस लड़ाई को स्वयं जिया है।

2. मरीजों और विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद : कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पैनल डिस्कशन होगा, जिसमें मरीज अपने वास्तविक अनुभव, उपचार में आई कठिनाइयां, देरी से निदान, आर्थिक व सामाजिक भ्रांतियां साझा करेंगे।

3. देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल : कार्यक्रम में KGMU व SGPGIMS लखनऊ, राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट सहित दिल्ली, मुंबई और असम के प्रमुख कैंसर केंद्रों के विशेषज्ञ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन जुड़ेंगे। पश्चिमी यूपी की स्थिति की तुलना मुंबई और असम से कर बेहतर समाधान तलाशे जाएंगे।

4. प्रतिभा और हौसले को मिलेगा मंच : प्रशस्ति समुदाय के सदस्यों द्वारा विशेष डांस और ड्रामा प्रस्तुत किए जाएंगे, तथा संघर्ष में साहस की मिसाल बने मरीजों का सम्मान भी किया जाएगा।

इस संबंध में आज न्यूटिमा हॉस्पिटल में प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

डॉ. सुधि ए. कम्बोज ने कहा, “मंथन 2026 का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि उन मरीजों की आवाज को सुनना है, जिनकी समस्याएं अक्सर चिकित्सा चर्चाओं में पीछे रह जाती हैं। जब मरीज, उनके परिवार और विशेषज्ञ एक साथ बैठकर संवाद करेंगे, तभी उपचार में आने वाली वास्तविक बाधाओं को समझ पाएंगे।”

हमारा संदेश : जागरूकता | समय पर जांच | बेहतर उपचार | सशक्त समाज

शोभित विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बना रहा है सशक्त, कौशल-आधारित प्रशिक्षण के लिए 100 घंटे के AWS क्लाउड सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का शुभारंभ

डा. अभिषेक डबास

नित्य संदेश, मोदीपुरम। विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उन्हें आधुनिक तकनीकी कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ ने अंतिम वर्ष के बी.टेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए 100 घंटे के AWS क्लाउड सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम यूनिवर्सिटी ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल तथा स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग के सहयोग से आईसीटी एकेडमी एवं इन्फोसिस फाउंडेशन की सहभागिता में संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर आईसीटी एकेडमी के वरिष्ठ प्रबंधक श्री सतेंद्र नारायण, प्लेसमेंट मैनेजर श्री परितोष तथा प्रशिक्षक श्री अजय वाधवा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और प्रभावी संप्रेषण कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी रोजगारपरक क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. अभिषेक डबास, निदेशक, यूनिवर्सिटी ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल, ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी ज्ञान के साथ संवाद कौशल, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दक्षता भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे अवसरों में सक्रिय भागीदारी कर स्वयं को उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने का आह्वान किया।

डॉ. संदीप कुमार, निदेशक, स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग, ने क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

100 घंटे के इस कार्यक्रम को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में 20 घंटे का सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण शामिल है, जिसका संचालन अजय वाधवा द्वारा किया जा रहा है। इसमें समूह चर्चा, मॉक इंटरव्यू, साक्षात्कार की तैयारी तथा प्रभावी संवाद कौशल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दूसरे चरण में 80 घंटे का AWS क्लाउड तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थी क्लाउड कंप्यूटिंग की प्रमुख अवधारणाओं, AWS सेवाओं और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित होंगे।

कार्यक्रम का संयोजन शरद चौधरी, असिस्टेंट प्रोफेसर, स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग, द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सुचारु संचालन तथा विद्यार्थियों को कौशल-आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शोभित विश्वविद्यालय की यह पहल उद्योगोन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल से सुसज्जित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उनके बेहतर करियर अवसरों की संभावनाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज बनासकांठा गुजरात में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के अंतर्गत देश के 9.34 करोड़ किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।

जनपद मेरठ में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी विकास खंड मुख्यालयों पर किसानों को आमंत्रित कर दिखाया गया। मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, हस्तिनापुर में आयोजित किया गया। केंद्र के सभागार में किसानों को कृषि विभाग की संचालित योजनाओं, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, प्राकृतिक खेती एवं सामयिक फसलों के संबंध में तकनीकी जानकारी दी गई। जनपद मेरठ के 1,83,911 किसानों को 24वीं किस्त का लाभ मिलना संभावित है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुनील पोसवाल प्रभारी रहे। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, केवीके प्रभारी डॉ. नवीन चंद्रा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. शुभम आर्य, डॉ. जितेंद्र आर्य, बीना यादव, कृषि विभाग से डॉ. रविंद्र, अंकित चौधरी सहित लगभग 150 किसान उपस्थित रहे।