मेरठ। शहर में खगोल प्रेमियों ने आज एक दुर्लभ खगोलीय दृश्य को अपनी छतों से कैद किया।
जानकारी के अनुसार, वैज्ञानिक दीपक शर्मा द्वारा की गई गणना के मुताबिक, यह खगोलीय पिंड जमीन से लगभग 7 डिग्री ऊपर था और 6 डिग्री पर आते ही दिखना शुरू हो गया था। कैलकुलेशन के आधार पर निकाली गई लोकेशन पर घर की छत से ही इसका स्पष्ट अवलोकन किया गया। स्काई मैप एप की मदद से चाँद और उसके आस-पास के तारामंडलों की स्थिति को चिन्हित किया गया, जिसमें क्षितिज के बेहद नजदीक चाँद के साथ तारों का अद्भुत संगम देखने को मिला। खगोल प्रेमियों के अनुसार, शहर की रोशनी और आबादी के बीच भी इस तरह का स्पष्ट अवलोकन होना खास है।
मेरठ। संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 अक्टूबर से 15 नवंबर) और दस्तक अभियान (12 अक्टूबर से 15 नवंबर) के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा के लिए आज विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की अध्यक्षता में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी ने किया।
बैठक में सीडीओ ने पंचायती राज विभाग को झाड़ियों की कटिंग, नालियों की सफाई और जलभराव रोकने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर विकास और पंचायती राज विभाग को नियमित फॉगिंग और एंटीलार्वा स्प्रे कराने के लिए कहा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मेरठ। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय मेरठ की ओर से आज ग्राम फफूंडा, विकासखंड मेरठ के ग्राम पंचायत भवन में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह अभियान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर की पहल पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और वीर नारियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल निर्देश शाह उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्व सैनिकों को बच्चों की शिक्षा सहायता, छात्रवृत्ति, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस, बेटियों के विवाह हेतु अनुदान सहित अन्य योजनाओं और उनकी आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर में लगभग 25 भूतपूर्व सैनिक, ग्राम प्रधान और दो वीर नारियों ने प्रतिभाग किया और इस पहल की सराहना की।
मेरठ। जिला पैरा खेल संघ मेरठ द्वारा जानकारी दी गई कि जापान के नागोया में आयोजित 5वें पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण व कांस्य पदक जीतकर लौटे आयुष वर्मा और अनुभव चौधरी का आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी डॉ. वी. के. सिंह द्वारा स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी ने दोनों पदक विजेताओं की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस स्वागत समारोह को सफल बनाने में जिला पैरा खेल संघ के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेन्द्र यादव और उत्तर प्रदेश पैरा खेल संघ के संयुक्त सचिव प्रेम कुमार का विशेष सहयोग रहा।
मेरठ। करवा चौथ के पावन अवसर पर न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की महिलाओं द्वारा एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 50 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मनोरंजक खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और शानदार डांस प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान कम्बोला और म्यूजिकल चेयर जैसे मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही महिलाओं ने एक से बढ़कर एक शानदार डांस प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सभी महिलाओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में रमन ने खेलों का संचालन किया। वहीं, पूरे कार्यक्रम की योजना बनाने, आयोजन करने और सभी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में रमन, सेजल, रीना, नेहा और सचिन की आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने मिलकर कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं और गतिविधियों को संभाला।
करवा चौथ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक साथ लाकर त्योहार की खुशियाँ साझा करना, आपसी मेलजोल बढ़ाना और सभी को मनोरंजन के साथ यादगार पल देना रहा। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और रंगारंग प्रस्तुतियों ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम अभी जारी है। आगे भी विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनकी जानकारी रिपोर्ट में आगे जोड़ी जाएगी।