Home Blog Page 163

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया राजकीय बालगृह का निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आज राजकीय बालगृह, बालक सूरजकुंड का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान बालगृह में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं, भोजन, चिकित्सा, शिक्षा, आवासीय व्यवस्था और स्वच्छता का जायजा लिया गया। सचिव ने बच्चों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालगृह में रह रहे बच्चों के अधिकारों और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न होने पाए तथा शासन और विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

LLRM मेडिकल कॉलेज में हैप्पीनेस लैब का ओरिएंटेशन, छात्रों को मिलेगा मानसिक स्वास्थ्य परामर्श

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (LLRM) मेडिकल कॉलेज में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण के लिए शुरू की गई हैप्पीनेस लैब (मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र) का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह लैब मानसिक स्वास्थ्य मिशन इंडिया, मेरठ और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के सहयोग से संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मानसिक स्वास्थ्य मिशन इंडिया की परामर्श मनोवैज्ञानिक सुश्री प्रिया पॉल ने कहा कि मौजूदा समय में विद्यार्थियों में तनाव, अवसाद और आत्महत्या की रोकथाम के लिए मानसिक स्वास्थ्य देखभाल बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्र सरकार और UGC ने उच्च शिक्षण संस्थानों में मेंटल हेल्थ को लेकर नेशनल टास्क फोर्स का गठन किया है। उन्होंने कहा कि WHO के अनुसार बच्चों और किशोरों का बड़ा वर्ग मानसिक समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सामाजिक झिझक के कारण वे मदद नहीं ले पाते। हैप्पीनेस लैब छात्रों के लिए एक सुरक्षित मंच के रूप में काम करेगी, जहां उन्हें तनाव का आकलन, आमने-सामने परामर्श और 24 घंटे ऑनलाइन व टेलीफोनिक मनोवैज्ञानिक सहायता दी जाएगी।

आगामी चरण में लैब के तहत एक मानसिक स्वास्थ्य निगरानी समिति भी बनाई जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों के शिक्षक और छात्र प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य मिशन इंडिया के सागर कुमार ने संस्था के कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. तरुण पाल, डॉ. राशि अग्रवाल, पीजी छात्र और जनसंपर्क सहयोग प्रबंधक आकाश त्यागी सहित अन्य मौजूद रहे।

टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया सीजन 4 का भव्य समापन: पांच दिनों तक संगीत, भक्ति और डांडिया की रौनक से रोशन हुई दिल्ली

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया के चौथे संस्करण का समापन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में पांच दिनों तक चले भव्य आयोजन के साथ हुआ। 16 से 20 अक्टूबर तक राजधानी में संगीत, संस्कृति, भक्ति और खानपान का अनूठा संगम देखने को मिला। दुर्गा पूजा की आध्यात्मिक भव्यता से लेकर लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट, डांडिया नाइट्स, खरीदारी और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों तक, इस महोत्सव ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और उत्सवधर्मिता को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शानदार संगीत प्रस्तुतियां शामिल रहीं। हरशदीप कौर की सूफियाना आवाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं रफ्तार की ऊर्जावान प्रस्तुति ने शाम को जोश से भर दिया। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक डांडिया नाइट्स का आयोजन हुआ, जिसमें बीपी सिंह, श्रेयस धर्माधिकारी, निजामी बंधु, सौरभ शौरी और फलिता ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। डीजे शिवाल, डीजे वेरोनिका और डीजे नितेश गुलयानी ने देर रात तक दर्शकों को थिरकने पर मजबूर किया।

महोत्सव का आध्यात्मिक केंद्र भव्य दुर्गा पूजा पंडाल रहा, जहां श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और पारंपरिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। महा षष्ठी से महा नवमी और समापन दिवस के उत्सव तक, संधि पूजा, हवन, धुनुची नृत्य और सिंदूर खेला जैसी परंपराओं ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गहराई प्रदान की। पंडाल के आसपास लगे शॉपिंग बाजार, विभिन्न राज्यों के व्यंजन परोसने वाले फूड स्टॉल, लोक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों के लिए इंटरैक्टिव गतिविधियों ने परिवारों के लिए उत्सव को और भी खास बनाया।

महोत्सव की सफलता पर टीवी9 नेटवर्क के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर – नेशनल एंड इंटरनेशनल, के. विक्रम ने कहा, “टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया को मिली प्रतिक्रिया संगीत, संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों के प्रेम को दर्शाती है। हरशदीप कौर और रफ्तार के लाइव कॉन्सर्ट से लेकर डांडिया नाइट्स और दुर्गा पूजा के उत्सव तक, इस महोत्सव ने मनोरंजन और सामुदायिक जुड़ाव का अनूठा संगम पेश किया। इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले हमारे सभी सहयोगियों, विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों के हम आभारी हैं। हम भविष्य में इस महोत्सव को और भी भव्य बनाने तथा दर्शकों को नए और यादगार अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

इस महोत्सव में कई विशिष्ट अतिथियों ने भी शिरकत की। इनमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और गजेंद्र सिंह शेखावत; केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और अनुप्रिया पटेल; उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक; उत्तर प्रदेश के मंत्री सुनील कुमार शर्मा, आशीष पटेल और संजय निषाद; दिल्ली के माननीय मंत्री प्रवेश वर्मा तथा असम के माननीय राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य शामिल रहे।

सार्वजनिक जीवन, राजनीति और कला जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भी आयोजन की शोभा बढ़ाई। इनमें अभिनेता-गायक और सांसद मनोज तिवारी; सांसद सुधांशु त्रिवेदी, राजीव शुक्ला और पवन खेड़ा; पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा और मुख्तार अब्बास नकवी; पूर्व सांसद प्रवीण निषाद और संदीप दीक्षित; राजनीतिक नेता के.सी. त्यागी और आदेश गुप्ता तथा गायिका निधि कोहली शामिल थे। इन विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को और रेखांकित किया।

टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया को एनपीसीआई भीम और एसबीआई ने गोल्ड पार्टनर, हीरो ने मोबिलिटी पार्टनर और सेंको गोल्ड ने स्पेशल पार्टनर के रूप में सहयोग दिया। इस संस्करण के एसोसिएट स्पॉन्सर्स में शिविका चंदन, जिप्रोक सेंट-गोबेन, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा कैपिटल, कैंपा श्योर और टाटा इंट्रा शामिल थे। डिजीस्‍ट्रीट मीडिया ने क्रिएटिव पार्टनर के रूप में महोत्सव का सहयोग किया। इन सभी भागीदारों का योगदान आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रहा।

टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया सीजन 4 ने एक बार फिर परंपरा और आधुनिक मनोरंजन के बीच शानदार तालमेल प्रस्तुत किया। दुर्गा पूजा की आस्था, लाइव संगीत की ऊर्जा, डांडिया का उत्साह और भारत की समृद्ध पाक एवं सांस्कृतिक विरासत को एक साथ लाकर इस महोत्सव ने राजधानी के प्रमुख उत्सवों में अपनी पहचान को और मजबूत किया है।

मेरठ के व्यापक विकास में जन सूचना अधिकारी करें योगदान — राज्य सूचना आयुक्त

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ पहुंचे राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने नए सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि मेरठ समग्र विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है। इसमें जन सूचना अधिकारी भी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदकों को सूचना उपलब्ध करानी चाहिए। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ ही जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान में भी सहायता मिलेगी।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के क्षेत्र में मेरठ ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। खेल उपकरणों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से खेल एवं खेल उपकरण उद्योग के क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं सृजित हुई हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ का मजबूत इंजीनियरिंग आधार, विनिर्माण इकाइयां तथा सहायक औद्योगिक इकाइयों का नेटवर्क इसे देश के प्रमुख खेल सामग्री उत्पादन केंद्रों में विशिष्ट स्थान प्रदान करता है। मेरठ के भावी विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत टाउनशिप विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित टाउनशिप नमो भारत कॉरिडोर और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निकट स्थित होगी। यह क्षेत्र शहर की महायोजना में औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी चिह्नित है।


उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गंगा एक्सप्रेसवे के प्रारंभिक बिंदु तथा दिल्ली-मेरठ रेल परिवहन सेवा के निकट होने के कारण आवागमन और औद्योगिक विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जन सूचना अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ करें, ताकि आमजन को शासन-प्रशासन से संबंधित सूचनाएं समय पर प्राप्त हों और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। इस अवसर पर एसीएम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी विवाद के बीच सियासत में एंट्री की चर्चा में प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान (रायहान) वाड्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फोटोग्राफर और विजुअल आर्टिस्ट के तौर पर पहचान बना चुके रेहान की दिल्ली के बीकानेर हाउस में चल रही फोटो प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ को लेकर विवाद के बाद उनके राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दरअसल रेहान ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उन्हें दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शनों से जुड़ी 105 में से 70 से 74 तस्वीरें हटाने को कहा। इन तस्वीरों में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जैसे दृश्य थे। इस विवाद के बाद कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया, वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार रेहान को राजनीतिक रूप से तैयार कर रहा है।

कौन हैं रेहान वाड्रा?
रेहान वाड्रा का जन्म 29 जून 2000 को हुआ। वे प्रियंका गांधी वाड्रा और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाती हैं। फोटोग्राफी के साथ-साथ उन्होंने 2019 में लंदन के स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडीज (SOAS) से राजनीति की पढ़ाई की है, जहां उन्होंने ‘आई पार्लियामेंट’ नामक संगठन की सह-स्थापना भी की थी।

फिलहाल रेहान ने राजनीति में आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन प्रदर्शनी में विरोध-प्रदर्शनों की तस्वीरों को लेकर उनकी सक्रियता और SOAS में राजनीति की पढ़ाई की पृष्ठभूमि को देखते हुए सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि गांधी परिवार की तीसरी पीढ़ी का एक और सदस्य जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रख सकता है।