मेरठ। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित रखे जाने हेतु निर्धारित स्थल का आज जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने संयुक्त निरीक्षण किया।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना है। आरएमएस बिलिंग सिस्टम के तकनीकी रख-रखाव (DR-DC स्विच ओवर) के चलते ऑनलाइन सेवाएं 4 घंटे के लिए बंद रहेंगी।
उप्र पावर कॉर्पोरेशन द्वारा RMS के रख-रखाव और परीक्षण के लिए स्विच ओवर ड्रिल की जाएगी। इसके कारण 24 अक्टूबर (शनिवार) रात 10 बजे से 25 अक्टूबर (रविवार) सुबह 2 बजे तक बिलिंग सेवाएं बाधित रहेंगी। इस दौरान ऑनलाइन-ऑफलाइन बिल जमा करना, बिल जनरेशन, WSS उपभोक्ता पोर्टल और कंज्यूमर मोबाइल ऐप सहित सभी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिल भुगतान और अन्य ऑनलाइन कार्य 24 अक्टूबर रात 10 बजे से पहले या 25 अक्टूबर सुबह 2 बजे के बाद ही करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के 22 जिलों के वकीलों ने एमएलसी चुनाव में सत्ताधारी दल भाजपा के प्रत्याशी का बहिष्कार कर दिया।
हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अनुज कुमार शर्मा और संयोजक परवेज आलम ने बताया कि लंबे समय से बेंच की मांग लंबित है, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस फैसला नहीं ले रही है। समिति ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जल्द बेंच स्थापना की घोषणा नहीं की गई, तो आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी भाजपा के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए वकीलों ने ‘बेंच नहीं तो वोट नहीं’ का नारा दिया है। अधिवक्ताओं के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग पिछले करीब 50 सालों से उठाई जा रही है। इस दौरान कई बार जनप्रतिनिधियों और सरकार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। संघर्ष समिति का आरोप है कि चुनाव के समय सभी दल हाईकोर्ट बेंच बनाने का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
800 किमी दूर जाना पड़ता है प्रयागराज
वकीलों का कहना है कि पश्चिमी यूपी के लोगों को हाईकोर्ट में केस की पैरवी के लिए प्रयागराज (इलाहाबाद) जाना पड़ता है, जो करीब 700-800 किलोमीटर दूर है। इससे आम लोगों को समय और पैसे दोनों की भारी परेशानी उठानी पड़ती है। यदि पश्चिमी यूपी में ही बेंच स्थापित हो जाए तो लोगों को सस्ता और सुलभ न्याय मिल सकेगा।
22 जिलों के वकीलों की होगी बैठक
समिति ने बताया कि इस मुद्दे पर जल्द ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के अधिवक्ताओं की बड़ी बैठक बुलाई जाएगी। समिति के पदाधिकारी लगातार सभी बार एसोसिएशनों से संपर्क कर भाजपा प्रत्याशी के बहिष्कार की अपील कर रहे हैं। समिति ने साफ कहा है कि जब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
गन्ना किसान की पीड़ा, बच्चों के सपने और सरकार से एक भावुक अपील
प्रो. (डॉ.) अनिल नौसरान
नित्य संदेश। मैं एक किसान परिवार से हूँ। मेरा परिवार जनपद सहारनपुर के ब्लॉक नागल ग्राम बढेड़ी नागल में रहता है। जब से मैंने होश संभाला है, तब से मैंने अपने आसपास गन्ना किसानों की मेहनत, संघर्ष और बदहाली को करीब से देखा है।
किसान दिन-रात खेतों में मेहनत करता है। कड़ाके की ठंड हो, भीषण गर्मी हो या मूसलाधार बारिश, वह अपने खेतों में पसीना बहाता है। उसकी मेहनत से गन्ना पैदा होता है, चीनी मिलें चलती हैं और देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस किसान की मेहनत से देश की मिठास बनी रहती है, उसी किसान के अपने जीवन में आर्थिक परेशानियों की कड़वाहट बनी रहती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गन्ना किसान अपनी मेहनत का उचित मूल्य पाने के लिए कब तक इंतजार करता रहेगा? किसान के गन्ने का भुगतान रुकता है, तो बच्चों के सपने भी रुक जाते हैं! किसान की समस्या केवल खेत और फसल तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर उसके परिवार, बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य पर पड़ता है। जब किसान अपना गन्ना चीनी मिल में डालता है, तो उसे उम्मीद होती है कि समय पर भुगतान मिलेगा। वह सोचता है कि इस पैसे से अपने बच्चों की स्कूल-कॉलेज की फीस जमा करेगा, उन्हें अच्छे संस्थानों में पढ़ाएगा, परिवार का इलाज कराएगा और अपनी जरूरतें पूरी करेगा, लेकिन जब गन्ने का भुगतान समय पर नहीं मिलता, तो उसकी सारी योजनाएँ बिखरने लगती हैं। कभी बच्चे की कॉलेज फीस जमा नहीं हो पाती, कभी अच्छे संस्थान में प्रवेश का अवसर हाथ से निकल जाता है और कभी बीमारी के समय इलाज के लिए पैसे जुटाना मुश्किल हो जाता है।
जरा सोचिए, जिस बच्चे में डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक या देश का एक योग्य अधिकारी बनने की प्रतिभा है, क्या उसे केवल इसलिए पीछे रह जाना चाहिए क्योंकि उसके किसान पिता को अपनी मेहनत का पैसा समय पर नहीं मिला? क्या किसी किसान के बच्चे के सपनों की कीमत उसके पिता के बकाया गन्ना भुगतान से तय होनी चाहिए?गाँव का बच्चा भी बड़े सपने देखता है। उसमें भी प्रतिभा होती है, मेहनत करने का जज्बा होता है और देश के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा होती है। जरूरत है तो केवल उचित अवसर और आर्थिक सहयोग की।यदि किसान को समय पर उसका पैसा मिल जाए, तो वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सकता है। यही बच्चे आगे चलकर परिवार, समाज और देश के विकास में योगदान देंगे।
सरकार से मेरी तीन प्रमुख माँगें
मैं सरकार से विनम्रतापूर्वक निवेदन करना चाहता हूँ कि गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसी व्यवस्था बने जिससे किसान को वास्तव में आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
1. चीनी मिल चलने से पहले गन्ने के मूल्य की घोषणा हो। किसान को बुवाई से लेकर फसल तैयार करने तक काफी खर्च करना पड़ता है। इसलिए पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का उचित मूल्य घोषित किया जाना चाहिए, ताकि किसान अपनी आर्थिक योजनाएँ बना सके और उसे अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने का भरोसा हो।
2. गन्ना आपूर्ति के साथ भुगतान की सुनिश्चित व्यवस्था हो। किसान जब चीनी मिल में अपना गन्ना डालता है, तो उसके भुगतान की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। मेरी माँग है कि तकनीकी और प्रशासनिक रूप से संभव ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिसमें गन्ना आपूर्ति के साथ ही किसान के बैंक खाते में भुगतान पहुँच सके।यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं होता है, तो बकाया राशि पर नियमानुसार ब्याज दिया जाना चाहिए, ताकि भुगतान में देरी का आर्थिक बोझ किसान पर न पड़े।
3. किसान के बच्चों की शिक्षा और इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता मिले। यदि किसी कारण से गन्ने का भुगतान अटक जाता है और किसान के सामने बच्चों की फीस जमा करने या परिवार के किसी सदस्य का इलाज कराने का संकट खड़ा हो जाता है, तो ऐसी परिस्थितियों के लिए विशेष सहायता व्यवस्था होनी चाहिए।
मेरी माँग है कि एक पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए, जिसके अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को शिक्षा और चिकित्सा जैसी आवश्यकताओं के लिए बिना ब्याज के अस्थायी आर्थिक सहायता मिल सके। चीनी मिलों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा सकती है, ताकि भुगतान में देरी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई न रुके और किसी जरूरतमंद को इलाज से वंचित न होना पड़े।
किसान को केवल अन्नदाता नहीं, राष्ट्र निर्माता समझिए!
हम अक्सर कहते हैं कि किसान देश का अन्नदाता है। लेकिन किसान का योगदान केवल अन्न उगाने तक सीमित नहीं है। वह देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण रोजगार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी मजबूत करता है।यदि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा, तो वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिला सकेगा, परिवार का बेहतर इलाज करा सकेगा, खेती में निवेश कर सकेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे सकेगा।इसके विपरीत, यदि किसान अपनी मेहनत का पैसा पाने के लिए महीनों इंतजार करता रहेगा, तो उसका परिवार आर्थिक असुरक्षा से जूझता रहेगा और गाँवों की विकास यात्रा भी प्रभावित होगी। किसान का बकाया केवल एक आर्थिक राशि नहीं है; उसमें किसी बच्चे की फीस, किसी माँ की दवा, किसी पिता की उम्मीद और एक पूरे परिवार का भविष्य छिपा होता है।
मेरी सरकार से भावुक अपील
मैं यह बात किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि एक किसान परिवार के सदस्य के रूप में कह रहा हूँ। मैंने बचपन से किसानों के संघर्ष को देखा है और उनकी आर्थिक परेशानियों को महसूस किया है।मेरी सरकार से अपील है कि गन्ना किसानों की समस्याओं को केवल कृषि या चीनी उद्योग का विषय न समझा जाए। इसे बच्चों की शिक्षा, ग्रामीण विकास, सामाजिक समानता और देश के भविष्य से जोड़कर देखा जाए।किसान को उसकी मेहनत का उचित मूल्य मिले। उसे समय पर भुगतान मिले। उसके बच्चों को शिक्षा के अवसर मिलें और बीमारी के समय उसके परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
किसान को अपने ही पैसे के लिए इंतजार न करना पड़े। किसान के बच्चे आर्थिक मजबूरी के कारण अपने सपनों से समझौता न करें। और किसी परिवार का भविष्य केवल भुगतान में देरी के कारण अंधकारमय न हो।याद रखिए, जब किसान की जेब में पैसा होगा, तभी उसके घर में खुशहाली आएगी। जब उसके बच्चे शिक्षित होंगे, तभी गाँव आगे बढ़ेंगे। जब गाँव आगे बढ़ेंगे, तभी देश का वास्तविक विकास होगा।
मेरी स्पष्ट मान्यता है कि किसान विकसित होगा, तो गाँव विकसित होगा।गाँव विकसित होगा, तो समाज विकसित होगा।और जब किसान, गाँव तथा समाज विकसित होंगे, तभी भारत वास्तव में विकसित होगा।जय जवान, जय किसान!
नित्य संदेश। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रमुख प्राथमिकताओं में सामाजिक समरसता की अवधारणा को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित कर रहा है। अपने सतत्,व्यापक और कर्मठ प्रयासों के माध्यम से संघ ने अपनी शताब्दी यात्रा पूर्ण की है। इस दीर्घ यात्रा के दौरान संघ ने सेवा, समर्पण और सामाजिक जागरण की भावना को व्यापक स्तर प्रसारित करने का प्रयास किया है। व्यक्ति- निर्माण एवं राष्ट्र- निर्माण के क्षेत्र में उसके कार्यों की उपादेयता विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से परिलक्षित होती है। संघ स्वयं को “एक समर्थ, संगठित और समरस भारत के निर्माण के लिए समर्पित संगठन के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।”
संघ की दृष्टि में वह मात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र- जीवन में सामाजिक चेतना के प्रसार का एक अभियान है। सामाजिक समरसता के माध्यम से जातिगत -भेदभाव, उच्च- नीच के भावना तथा सामाजिक विषमता से उत्पन्न मानसिक अवरोधों को दूर करना उसके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल रहा है। इस दिशा में संघ हिंदू समाज की एकता ,सामाजिक सहभागिता और पारस्परिक सद्भाव को मजबूत करने पर बल दे रहा है। समरस समाज की स्थापना का यह प्रयास सामाजिक विभेदों को कम करने तथा राष्ट्रीय एकात्मकता की भावना को व्यापक बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में समरसता का आशय समाज के सभी वर्गों , जातियों ,पंथों एवं परंपराओं के प्रति सम्मान ,प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और आत्मीयता की भावना से है । यह विचारधारा सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समान, सह -अस्तित्व और पारस्परिक सहयोग को प्रोत्साहित करती है। समरसता का मूल दर्शन “विविधताओं को स्वीकार करते हुए समाज में एकात्मकता स्थापित करना था।” संपूर्ण सृष्टि को परस्पर संबंध मानकर “एक सूत्र में पिरोना है।” वस्तुतः “समरसता भारतीय संस्कृति की वह जीवन दृष्टि है, जो सामाजिक एकता, मानवीय गरिमा और सामूहिक उत्तरदायित्व के माध्यम से एक सशक्त, समतामूलक एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है।”
समसामयिक परिप्रेक्ष्य में संघ का मूल उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र को सशक्त बनाना है। इस दृष्टि से सामाजिक समरसता की स्थापना के लिए संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों का महत्व एवं प्रासंगिकता निरंतर बढ़ रही है। भारत वैश्विक नेतृत्व की दिशा में अग्रसर है, तब जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर विद्यमान सामाजिक विभाजनों को दूर करना तथा परस्पर सहयोग, समानता और आत्मीयता की भावना को उन्नयन करना आवश्यक है। सामाजिक समरसता के प्रति संघ का दृष्टिकोण जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समाज की एकात्मकता, पारस्परिक सद्भाव और सामूहिक सामर्थ्य को विकसित करने पर केंद्रित है । वस्तुतः सामाजिक एकता और समरसता ही “सशक्त, समावेशी एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण का आधार है।”
संघ के अधिकारी एवं स्वयंसेवक समर्पण ,अनुशासन एवं संरचनात्मक प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। संघ का उद्देश्य समाज के पुनर्गठन, राष्ट्रीय एकात्मकता और सामाजिक चेतना में दीर्घकालिक योगदान देना है। संघ की स्थापना के प्रारंभिक दौर में राष्ट्रीय स्वतंत्रता की भावना एवं देश को औपनिवेशिक शासन से मुक्त करने की आकांक्षा का भी महत्वपूर्ण स्थान था । स्वयंसेवक राष्ट्रीय चेतना से प्रेरित होकर भारत को परम वैभव के शिखर पर प्रतिष्ठित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। संगठन का प्रमुख उद्देश्य समाज में एकता, समरसता और परस्पर आत्मीयता की भावना को उन्नयन करना है। इसके साथ ही संगठनात्मक अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा,निष्ठा और समर्पण जैसे मूल्यों के विकास के माध्यम से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना जाग्रत करना भी संघ के कार्य पद्धति का महत्वपूर्ण पक्ष है।
भारत भगवान श्री रामजी,भगवान श्री कृष्णजी एवं सम्राट अशोक जैसे महान विभूतियों के पुण्य भूमि है, जिसकी सांस्कृतिक परंपरा, समरसता , सहिष्णुता, और लोककल्याण के आदर्शों से समृद्ध रही है। संघ जातिगत भेदभाव और उच्च- नीच की भावना का विरोध करते हुए सामाजिक एकता एवं समरसता पर जोर देता है। जाति – पाती , भाषा और प्रांतीयता के आधार पर उत्पन्न विभाजन समाज की एकात्मकता को कमजोर करते हैं तथा राष्ट्र की सामूहिक शक्ति को क्षीण करते हैं। जाति के नाम पर किया जाने वाला दुर्व्यवहार और भेदभाव हिंदू समाज की एकात्मकता एवं सामर्थ्य के लिए बाधक है ।
अतः जातिगत संकीर्णताओं और वर्गगत भेदभाव से ऊपर उठकर परस्पर सम्मान, सहयोग और बंधुत्व की भावना को उन्नयन करना आवश्यक है ताकि एक सशक्त, समावेशी और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण हों सके ,जब नागरिक राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा,कर्त्तव्यपालन , सनातन सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, भारतीय आदर्शों के संवर्धन, राष्ट्रभक्ति तथा सामाजिक समरसता एवं सद्भावना के व्यवहार में अभिव्यक्त करें। यही भाव राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और भारत को प्रगतिशील एवं सशक्त राष्ट्र बनाने का आधार है।
संघ की व्यावहारिक उपादेयता, सामयिक प्रासंगिकता एवं सामाजिक योगदान के कारण निरंतर वृहद सफलता की दिशा में अग्रसर है। अनेक चुनौतियां एवं कठिनाइयों का सामना करते हुए संगठन ने समाधान क्षमता एवं अनुकूलशीलता का प्रदर्शन किया है। संघ का मौलिक लक्ष्य “समरस भारत के निर्माण की परिकल्पना पर केंद्रित है।” एक ऐसा भारत जो जातिगत विभाजन तथा संकीर्ण विचारधाराओं से ऊपर उठकर समावेशी एवं सभी को समान अवसर प्रदान करने में सक्षम हों। भारत में भूकंप ,बाढ़, चक्रवात एवं महामारी जैसी आपदाओं के दौरान संघ के स्वयंसेवकों ने निः स्वार्थ सेवा और समर्पण का उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाजसेवा , दुर्बल वर्गों के सशक्तिकरण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के माध्यम से संघ राष्ट्र की प्रगति ,परम वैभवशाली, सर्वशक्तिमान एवं वैश्विक गुरु के तौर पर स्थापित कर रहा हैं।
संघ ने सामाजिक समरसता को बढ़ाने में बहुत अधिक काम किया है। सामाजिक समरसता में संघ ने जाति एवं भेदभाव से ऊपर उठकर समाज की एकात्मकता पर जोर दिया है। संघ के पंचम सरसंचालक पूजनीय के.सी सुदर्शन जी ने हिंदू समाज की कुरीतियों को समाप्त करने में अग्रणी भूमिका निभाई थे। वह सामाजिक कुरीतियों को विकास और सशक्त समाज के निर्माण में बाधक मानते थे। संघ ने समय-समय पर व्याख्यान, कार्यशालाएं एवं सामाजिक समरसता को लेकर जन जागरूकता एवं सेवा कार्यों को लेकर सामाजिक एकता और सहयोग को प्रोत्साहित किया है।
समसामयिक परिप्रेक्ष्य में सामाजिक समरसता, जातिवाद, उच्च -नीच, एवं सामाजिक विभेदों को समाप्त कर समान अधिकार ,सम्मान और अवसर सुनिश्चित करने में सहायक है। संघ के ‘पंच परिवर्तन ‘ ‘रक्षाबंधन ‘ ‘समरसता भोज ‘जैसे कार्यक्रम बंधुत्व ,सद्भाव और राष्ट्रीय एकात्मकता को मजबूती प्रदान करते हैं । सेवा, करुणा ,ममता एवं समर्पण के भाव से संघ मातृभूमि के प्रति निष्ठा और राष्ट्र भावना के उन्नयन हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
प्रोफेसर (डॉ.) गिरीश चंद्र त्रिपाठी
पूर्व कुलपति एवं चिंतक, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी।