Home Blog Page 165

स्नातक चुनाव में सपा कार्यकर्ताओं ने संभाली बूथ 192 की जिम्मेदारी

मुकुल कुमार

नित्य संदेश, मेरठ। सहारनपुर खंड स्नातक निर्वाचन के दौरान मतदान केंद्रों पर सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा।

मतदान केंद्र संख्या 192 (कार्यालय संयुक्त आवास विकास आयुक्त, सेक्टर 9 शास्त्रीनगर, मेरठ) के कमरा नंबर 4 पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर निष्ठा और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित बनाए रखने और मतदाताओं के सहयोग के लिए बूथ पर मुख्य रूप से गौरव गुर्जर, इरशाद भाई, चांद सैफी, गुलजार मलिक तथा डॉक्टर कय्यूम अली सक्रिय रहे।

इस अवसर पर सपा मेरठ के जिला उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक समाज एकता एसोसिएशन के अध्यक्ष और मीडिया अलर्ट समाचार पत्र व न्यूज चैनल के संपादक डॉक्टर कय्यूम अली ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में स्नातक मतदाताओं का उत्साह सराहनीय है। समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर डटकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है, ताकि हर मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव: कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने किया मतदान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव के अंतर्गत कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के बाद उन्होंने क्षेत्र के सभी सम्मानित शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की विनम्र अपील की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के दोनों उम्मीदवारों श्रीचंद शर्मा एवं दिनेश गोयल को भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया। कहा कि आपका एक-एक वोट शिक्षकों के अधिकारों को और मजबूत करेगा।

शौक को बनाया कारोबार और हुनर से पहचान

  • मेरठ के मंडलीय खादी महोत्सव में दिखा महिला उद्यमिता का दम

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। किसी ने बुजुर्गों से मिले जड़ी-बूटियों के ज्ञान को कारोबार में बदला, तो किसी ने हर्बल उत्पाद बनाने के शौक को अपना ब्रांड बना लिया। कोई कान्हा जी की पोशाक तैयार करते-करते उद्यमी बन गई, तो किसी ने लकड़ी के खिलौनों और सजावटी सामान से अपनी पहचान बनाई। मेरठ में चल रहे मंडलीय खादी महोत्सव में आठ राज्यों से आए उद्यमियों के बीच ऐसी महिला उद्यमियों की कहानियां आकर्षण का केंद्र हैं। परिवार के सहयोग और प्रदेश सरकार की योजनाओं से इन महिलाओं ने अपने शौक को कारोबार में बदला और दूसरी महिलाओं को रोजगार भी दे रही हैं। खास बात यह है कि कुछ महिलाओं के परिवार के पुरुष सदस्य भी नौकरी छोड़कर कारोबार को आजीविका का माध्यम बना चुके हैं।

बुजुर्गों के नुस्खे से बनाया लेमन टी ब्रांड

गाजियाबाद निवासी साधना ओझा अपने ग्रीन डेजी नींबू मसाला चाय ब्रांड के साथ महोत्सव में पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में घर के बुजुर्गों से मिले ज्ञान के आधार पर विभिन्न जड़ी-बूटियों और मसालों से काढ़ा तैयार किया था। उनके अनुसार, उस दौरान एनसीआर के 29 पुलिस थानों में इस काढ़े का इस्तेमाल किया जा रहा था। बाद में उत्पाद में बदलाव कर इसे लेमन टी ब्रांड का रूप दिया। आज उनके उत्पाद दिल्ली, बनारस, सूरत और महाराष्ट्र के कई जिलों में पहुंच रहे हैं। उनका कारोबार लाखों रुपये का है और वह दस महिलाओं को नियमित रोजगार दे रही हैं।

हर्बल उत्पादों से बनाई अपनी पहचान

मेरठ के माधवपुरम निवासी स्वाति मित्तल को हर्बल साबुन और शैंपू बनाने का शौक था। पति सचिन मित्तल के सहयोग से उन्होंने श्ऑन मेड हर्बल प्रोडक्टश् ब्रांड शुरू किया। इसके तहत नीम की लकड़ी के कंघे, हर्बल साबुन, फेसवॉश, हेयर ऑयल और बॉडीवॉश तैयार किए जा रहे हैं। उनके उत्पादों की बाजार में मांग बढ़ रही है।

कान्हा जी की पोशाकों से कारोबार तक

मेरठ के फाजलपुर निवासी राखी सिंह को कान्हा जी के कपड़े बनाने का शौक था। धीरे-धीरे यही शौक व्यवसाय बन गया। उनकी तैयार पोशाकों के साथ बच्चों के हाथ से बुने कपड़ों और सजावटी सामान की भी मांग है।

पिता की माटीकला को दे रहीं बढ़ावा

जत्तीवाड़ा निवासी रश्मि प्रजापति नौकरी के साथ पिता के माटीकला व्यवसाय में हाथ बंटाती हैं। नौकरी के बाद वह सीधे महोत्सव पहुंचकर मिट्टी के उत्पाद बेचती हैं। छुट्टी के दिन पूरा समय मेले में बिताती हैं। साथ ही बच्चों और उनके अभिभावकों को मिट्टी के बर्तन बनाना भी सिखाती हैं।

स्वयं सहायता समूह से लाखों का कारोबार

सहारनपुर की कविता को लकड़ी के खिलौने और सजावटी सामान बनाने का शौक था। परिवार के सहयोग और प्रदेश सरकार की योजनाओं से उन्होंने श्लक्ष्मी स्वयं सहायता समूहश् बनाया। इसके माध्यम से वह लाखों रुपये का कारोबार कर रही हैं। वह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, भारत मंडपम और विभिन्न प्रदर्शनियों में अपने उत्पाद प्रदर्शित कर चुकी हैं।

हुनर को बाजार देने पर जोर

प्रदेश सरकार की खादी, ग्रामोद्योग, माटीकला और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाएं उद्यमियों को प्रोत्साहन और बाजार के अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम हैं। मंडलीय खादी महोत्सव भी इन उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और नए ग्राहकों तक पहुंचने का मंच दे रहा है।

इन महिलाओं की सफलता बताती है कि पारंपरिक ज्ञान और घरेलू हुनर को सही अवसर मिले तो वह कारोबार का रूप ले सकता है। परिवार के सहयोग से आगे बढ़ते ये उद्यम महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और स्थानीय रोजगार सृजन की मिसाल बन रहे हैं।

मेरठ में कल से शुरू होगा प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट

  • अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में होंगे मुकाबले, 24 अक्टूबर को होगा उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट अकादमी की ओर से प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

टूर्नामेंट में अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 24 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित, उपप्रधानाचार्य प्रभा राव और क्रिकेट कोच अतहर अली की भूमिका रहेगी।

आयोजकों का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को बढ़ावा मिलता है। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर भी मिलता है।

मेरठ में एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण, डीएम-एसएसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत गुरुवार को जनपद मेरठ के 31 मतदान केंद्रों और 107 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी केंद्रों पर पुलिस व पीएसी बल तैनात किया गया है।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र के खेल स्टेडियम स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक परीक्षितगढ़, नगर पालिका मवाना और ब्लॉक हस्तिनापुर स्थित मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया।

वहीं पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पोर्ट्स स्टेडियम, जीआईसी कॉलेज, डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज, डीएन पॉलिटेक्निक परतापुर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाएं परखीं और तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कस्बा सरधना स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।