Home Blog Page 170

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी सीसीएसयू की छात्रा खुशी, ‘कैंपस एंबेसडर ऑफ द वीक’ बन बढ़ाया मान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की बीसीए छात्रा खुशी सिंघल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय देकर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। कॉमनवेल्थ स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CSA) में कैंपस एंबेसडर के रूप में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहीं खुशी को CSA Campus Ambassador Week के 14वें सप्ताह में ‘कैंपस एंबेसडर ऑफ द वीक’ के रूप में विशेष पहचान मिली है।

इस उपलब्धि पर खुशी ने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला से मुलाकात की। कुलपति ने उनका स्वागत करते हुए उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कॉमनवेल्थ 56 सदस्य देशों को जोड़ने वाला अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो शिक्षा, युवा नेतृत्व और आपसी सहयोग को बढ़ावा देता है। CSA के कैंपस एंबेसडर कार्यक्रम के लिए वर्ष 2026-27 हेतू प्राप्त आवेदनों में से चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों को संगठित करने के अनुभव, छात्र हितों के प्रति प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता को महत्व दिया गया। ऐसे प्रतिस्पर्धी चयन के बीच खुशी को मिली पहचान उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को रेखांकित करती है। खुशी सिंघल की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करेगी।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने खुशी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय की ओर से इस प्रकार की सकारात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

खुशी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की रैंकिंग में हो रहा सुधार, विद्यार्थियों को मिल रहे प्रोत्साहन और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे अवसर युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।

गाजियाबाद की रहने वाली खुशी सिंघल ने बताया कि शुरुआत में वह कॉमनवेल्थ को मुख्य रूप से खेलों से जुड़े संगठन के रूप में जानती थीं। बाद में इंटरनेट और गूगल के माध्यम से इसके बारे में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि कॉमनवेल्थ शिक्षा, युवा नेतृत्व, छात्र हितों और जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी कार्य करता है। उन्होंने इसके विभिन्न कार्यक्रमों और भारतीय विद्यार्थियों की भागीदारी के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान उन्हें कॉमनवेल्थ स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CSA) के कैंपस एंबेसडर कार्यक्रम के बारे में पता चला और आवेदन आमंत्रित किए जाने पर उन्होंने अपना आवेदन प्रस्तुत किया।

खुशी ने बताया कि चयन के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए नियमित रूप से कार्य किया और अपनी गतिविधियों का पोर्टफोलियो तैयार किया। CSA की साप्ताहिक बैठकों में एंबेसडरों के कार्यों और योगदान की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि लगभग 14 सप्ताह तक निरंतर सक्रिय भागीदारी और कार्य के आधार पर उन्हें ‘Campus Ambassador of the Week’ के लिए चुना जाना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन, विश्वविद्यालय द्वारा मिल रहे प्रोत्साहन तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। खुशी ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति और बेहतर होती पहचान से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

SCRIET में भजन संध्या, भक्ति संगीत से भक्तिमय हुआ अटल ऑडिटोरियम

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET) के अटल ऑडिटोरियम में गुरुवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से पूरा सभागार भक्तिरस में सराबोर हो गया। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग हैं। भजन और संगीत मन को शांति प्रदान करने के साथ सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें सांस्कृतिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम संयोजक एवं कल्चरल कमेटी की कन्वीनर डॉ. दिव्या शर्मा ने कहा कि भजन संध्या जैसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। सांस्कृतिक गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित होती है। आयोजन के सफल संचालन में डॉ. दीपक शर्मा और डॉ. गौरव त्यागी का विशेष योगदान रहा।

भजन संध्या में प्रताप, अदिति, अवि, सलोनी, कुश, तन्मय, दिव्यांश, अभिख्या, सिद्धांत और अभय ने विभिन्न भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। अदिति ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर निधि भाटिया, कंचन वर्मा, अर्पित छावड़ा सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हुआ।

फॉरेंसिक साइंस के विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते, FSL उत्तर प्रदेश से एमओयू पर चर्चा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग में गुरुवार को आयोजित विशेष व्याख्यान में आपराधिक जांच की आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन और फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL), उत्तर प्रदेश के निदेशक डॉ. (प्रो.) आदर्श कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि बीएससी और एमएससी फॉरेंसिक साइंस के उत्तीर्ण एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए जल्द ही नए अवसर और रिक्तियां आने की संभावना है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और डॉ. आदर्श कुमार के बीच विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग तथा FSL उत्तर प्रदेश के मध्य प्रस्तावित समझौता ज्ञापन (एमओयू) को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं में व्यावहारिक प्रशिक्षण, शोध परियोजनाओं और संयुक्त कार्यशालाओं के अवसर उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार किया गया। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों की जानकारी हासिल करने और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।

FSL लखनऊ के उपनिदेशक डॉ. अजय श्रीवास्तव और FSL गाजियाबाद के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अशोक कुमार यादव ने वास्तविक जांचों के उदाहरणों के माध्यम से क्राइम सीन मैनेजमेंट और बैलिस्टिक साक्ष्यों के महत्व को समझाया। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण और विश्लेषण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आपराधिक मामलों की जांच में फॉरेंसिक विज्ञान की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।

फॉरेंसिक साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि फॉरेंसिक साइंस वर्तमान समय में आपराधिक जांच और न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बन गया है। विभाग का प्रयास है कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और आधुनिक जांच तकनीकों की जानकारी भी मिले। FSL उत्तर प्रदेश के साथ प्रस्तावित एमओयू से विद्यार्थियों को प्रयोगशाला प्रशिक्षण, शोध और विशेषज्ञों के साथ संवाद के नए अवसर मिल सकेंगे। इससे उन्हें अपने कौशल को विकसित करने और फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से तैयार किया गया मॉक क्राइम सीन रहा। डॉ. राजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस मॉक क्राइम सीन के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपराध स्थल की जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों के पोस्टर और विषय आधारित रंगोली ने भी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. बिंदु शर्मा के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को फॉरेंसिक विज्ञान की व्यावहारिक उपयोगिता, आधुनिक जांच पद्धतियों और इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी मिली।

परीक्षितगढ़ में दो शोक – समाजसेवी कपिल कुमार के पिता और पत्रकार रिजवान के पिता का निधन

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। क्षेत्र के युवा समाजसेवी कपिल कुमार अगवानपुर के पिता सुरजन सिंह (70 वर्ष) का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट पर किया गया। शवयात्रा में पूर्व विधायक योगेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय जाटव, प्रधान नुरुल्लाह खान, सपा नेता किशोर वाल्मीकि सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

वहीं पत्रकार रिजवान अहमद ललियाना के पिता रियाजुल हसन का भी बीमारी से इंतकाल हो गया। उन्हें गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पत्रकार जयवीर त्यागी, रवि गौतम, अनुज त्यागी सहित कई पत्रकार परिवार के साथ मौजूद रहे।

ए टू जेड फन क्लब द्वारा भव्य डांडिया नाइट का आयोजन

विश्वास राणा

नित्य संदेश, मेरठ। ए टू जेड कॉलोनी मोदीपुरम के क्लब में बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सुंदर पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं द्वारा दी गई ऊर्जावान डांडिया प्रस्तुतियां रहीं। सभी सदस्यों ने डांडिया की मधुर धुनों पर जमकर नृत्य किया और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। पूरा वातावरण खुशी और उमंग से सराबोर रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में ए टू जेड फन क्लब के  व्यवस्थापकों पूजा मेहता, कविता चौधरी, स्नेहा यादव, रितु स्वामी, आभा अहलावत एवं अंजू नेहरा का विशेष योगदान रहा।