Home Blog Page 171

राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह: ग्रामीण स्वास्थ्य जागरूकता से जल संरक्षण तक, सुभारती कॉलेज ऑफ फार्मेसी की सार्थक पहल

नित्य संदेश ब्यूरो

बिजनौर। स्वस्थ समाज का निर्माण केवल अस्पतालों और दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए जन-जागरूकता, स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित पेयजल और स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार व्यवहार भी उतना ही आवश्यक है। इसी सामाजिक सोच को केंद्र में रखते हुए चंदक स्थित सुभारती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में संचालित डॉ. प्रफुल्ल चंद्र राय सुभारती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, बिजनौर में राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत 16 से 22 अक्टूबर तक सप्ताह व्यापी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा फार्मेसी शिक्षा को समाज सेवा से जोड़ना रहा।

सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जल प्रबंधन, जल की गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और औषधियों के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। संस्थान की पहल के अंतर्गत ग्राम खुराहेरी, कबूलपुर, रायपुर, किशनपुर, दौलतपुर, नसीरपुर और बुडगरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का अभाव कई बार सामान्य बीमारियों को गंभीर रूप दे सकता है। समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और दवाओं का सही तरीके से सेवन अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से आयोजित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर योग्य चिकित्सकीय सलाह लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में यह विचार भी प्रमुखता से सामने आया कि फार्मासिस्ट की भूमिका केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। दवाओं के सुरक्षित उपयोग, उनकी उचित खुराक, संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी और रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति लोगों को जागरूक करना भी फार्मासिस्ट के सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के अवसर पर कॉलेज में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुतीकरण और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस) के बढ़ते खतरे, दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल के दुष्परिणाम और स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रोगाणुरोधी प्रतिरोध आज वैश्विक स्वास्थ्य के सामने एक गंभीर चुनौती है। चिकित्सकीय सलाह के बिना एंटीबायोटिक लेना, निर्धारित अवधि से पहले दवा बंद कर देना अथवा जरूरत के बिना इनका इस्तेमाल करना इस समस्या को बढ़ा सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों के माध्यम से समाज तक सही जानकारी पहुँचाने की पहल भविष्य के जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक सरदार अहमद ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छ जल और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। जल की गुणवत्ता की अनदेखी अनेक बीमारियों का कारण बन सकती है, जबकि जल का विवेकपूर्ण उपयोग और संरक्षण वर्तमान तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने ‘जल ही जीवन है’ का संदेश देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जल की बर्बादी रोकने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने फार्मेसी के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अर्जित ज्ञान को केवल अपनी शैक्षणिक प्रगति तक सीमित न रखें, बल्कि उसे समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए उपयोग में लाएँ।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) गणेश प्रसाद मिश्रा, कुलसचिव के.पी. सिंह तथा प्रो. (डॉ.) साजिद अली अतिरिक्त कुलसचिव, धनीराम राजपूत,भुवनेश्वर कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में फार्मेसी विभाग के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। सप्ताह भर आयोजित गतिविधियों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान किया।
राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह की यह पहल इस विचार को रेखांकित करती है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि उस ज्ञान से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। जब फार्मेसी के विद्यार्थी ग्रामीण समुदायों तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाते हैं, सुरक्षित औषधि उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं, तब उनका योगदान कक्षा-कक्ष से आगे बढ़कर जनकल्याण का माध्यम बनता है।

सुभारती विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की युवा संगीत प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभाओं ने बिखेरे सुरों के रंग

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ की ओर से आयोजित युवा वर्ग की शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता के मेरठ संभाग का आयोजन स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के संगीत एवं मंच कला विभाग में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना तथा भारतीय शास्त्रीय कला परंपरा के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से आए युवा कलाकारों ने गायन, वादन और कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल, कला संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा तथा संगीत एवं मंच कला विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) भावना ग्रोवर सहित विभिन्न स्थानों से आए विषय विशेषज्ञों एवं गणमान्य निरीक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विभाग के विद्यार्थियों ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके निरीक्षक मंडल के सदस्यों को अंगवस्त्र एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में तबला वादन के लिए गणेश प्रसाद गुप्ता, गजल के लिए उस्ताद इलियास खान, कथक नृत्य के लिए डॉ. मंजू मलकानी तथा शास्त्रीय गायन के लिए राहुल अवस्थी शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनकी कला, संगीत की समझ, लय, ताल और प्रस्तुति कौशल का आकलन किया।

शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में भव्य ने राग मधुवंती और अरुण कुमार ने राग भूपाली की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। तबला वादन में रमन कुमार ने तीनताल की प्रस्तुति दी, जबकि रिद्धि ने गिटार पर राग भैरवी एवं भूपाली की धुनें प्रस्तुत कर अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय दिया। ठुमरी-दादरा प्रतियोगिता में जयंत कुमार ने राग भैरवी में ‘आया करे जरा कह दो सांवरिया से’ के बोलों पर दादरा प्रस्तुत किया।

भजन गायन प्रतियोगिता में आद्या, आकाश, वंश, राशिका और ज्योति कृष्ण ने भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, गजल प्रतियोगिता में अरुण, ऋत्विक शर्मा और राशिका आर्य ने अपनी गायकी से सभी को प्रभावित किया। कथक नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक बंदिशों, तालों और भावाभिनय के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता प्रस्तुत की। खुशी सिंह नादरिया ने तीनताल में उठान, गणेश परन, थाट और आमद के साथ अपनी प्रस्तुति आरंभ की तथा ‘डगर बीच कैसे चलूं’ पर भावाभिनय के साथ समापन किया। रिया ने कृष्ण वंदना से प्रस्तुति शुरू करते हुए झपताल में थाट, लड़ी, परन और परमेलू प्रस्तुत किए। उन्होंने ‘सब बन ठन आई’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ अपना नृत्य पूरा किया। गुन गोयल ने विष्णु वंदना के बाद शिखर ताल में पारंपरिक बंदिशें प्रस्तुत कीं और ‘राह तकत मैं हारी’ पर भावाभिनय से समापन किया।

आरुषी नरूला ने ‘शंकर अति प्रचंड’ से अपनी प्रस्तुति आरंभ की तथा चौताल में पारंपरिक बंदिशें प्रस्तुत करने के बाद ठुमरी के साथ नृत्य का समापन किया। खुशी मल्होत्रा ने सरस्वती वंदना से शुरुआत करते हुए बसंत ताल में थाट, टुकड़े और परन प्रस्तुत किए। उन्होंने ‘काहे रोकत डगर प्यारे’ पर भावाभिनय के साथ अपनी प्रस्तुति पूरी की। सभी कथक प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से निर्णायकों के समक्ष कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश की।

प्रतियोगिता के परिणामों में शास्त्रीय गायन में अरुण कुमार ने प्रथम तथा भव्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ठुमरी गायन में जयंत लोधी प्रथम रहे। तंत्र वाद्य श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। भजन गायन में ज्योति कृष्ण और राशिका ने प्रथम, वंश और आद्या ने द्वितीय तथा आकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गजल प्रतियोगिता में राशिका आर्य प्रथम, अरुण द्वितीय तथा ऋत्विक शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। कथक नृत्य प्रतियोगिता में खुशी मल्होत्रा और आरुषी नरूला को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि गुन गोयल ने द्वितीय और रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की ओर से डॉ. पवन सिंह तथा मेरठ संभाग की ओर से प्रो. (डॉ.) भावना ग्रोवर ने प्रतियोगिता का कुशलतापूर्वक संचालन एवं समन्वय किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री प्रियंका ठाकुर ने किया। प्रतियोगिता ने युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रेरक संदेश दिया

‘रोबो एसेंड’ के तीसरे और चौथे दिन रोबोटिक्स व चिप तकनीक पर हुई चर्चा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटूराम इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (SCRIET) में आयोजित ‘रोबो एसेंड’ पीयर-टू-पीयर लर्निंग कार्यशाला के तीसरे और चौथे दिन रोबोटिक्स एवं चिप तकनीक से संबंधित सत्र आयोजित किए गए। तीसरे दिन छात्र वक्ता रविंद्र नाथ मिश्रा ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स में उपयोग होने वाले मूलभूत घटकों की जानकारी दी। वहीं, चौथे दिन ‘स्टोरी ऑफ चिप’ विषय पर आयोजित सत्र में चिप तकनीक और उसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।

संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को तकनीकी विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. शिवम गोयल, इंजी. प्रवीण कुमार एवं श्री पीयूष बत्रा का सहयोग रहा। छात्र आयोजन टीम में अनन्या, ऋतिक कुमार अग्रहरी, शिखर तिवारी, सत्यम कुमार और प्रखर गंगवार ने सक्रिय भूमिका निभाई। दोनों दिनों के सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहे। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल, आपसी सहयोग और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना है।

स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में 14वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी “द लैंग्वेज ऑफ विजुअल आर्ट – 2026” का भव्य शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के नंदलाल बोस सुभारती कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन के ललित कला विभाग द्वारा प्रतिष्ठित 14वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी “द लैंग्वेज ऑफ विजुअल आर्ट – 2026 ” का भव्य आयोजन राजा रवि वर्मा आर्ट गैलरी में किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ . हिमानी अग्रवाल (सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग) द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रो. (डॉ.) शल्या राज तथा डीन एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस कला प्रदर्शनी में विभाग के प्राध्यापकों तथा बी.एफ.ए., एम.एफ.ए. एवं पीएच.डी. के विद्यार्थियों द्वारा सृजित उत्कृष्ट कलाकृतियों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में चित्रकला, मूर्तिकला एवं फोटोग्राफी सहित विभिन्न कला माध्यमों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया। प्रदर्शित कलाकृतियों में कलाकारों की सृजनात्मकता, कल्पनाशीलता, तकनीकी दक्षता तथा समकालीन कला दृष्टिकोण की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रदर्शनी की कैटलॉग का विमोचन रहा, जिसमें प्रदर्शनी में प्रस्तुत कलाकृतियों एवं कलाकारों के रचनात्मक योगदान को संकलित किया गया।

ललित कला विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पूजा गुप्ता ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा प्राध्यापकों और विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, समर्पण एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने, कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने तथा कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. वंदना तोमर, डॉ. कृष्ण कुमार, लकी त्यागी, डॉ. सोनल भारद्वाज, डॉ. अंशु श्रीवास्तव, डॉ. आशीष मिश्रा, डॉ. सनी, डॉ. पवनेंद्र तिवारी, दिवाकर बिष्ट, लक्ष्य कुमार एवं सुश्री प्रियंका सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। 14वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी “द लैंग्वेज ऑफ विजुअल आर्ट – 2026” कला, संस्कृति एवं सृजनात्मकता का एक उत्कृष्ट उत्सव साबित हुई। इस आयोजन ने विश्वविद्यालय में कलात्मक नवाचार, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में ललित कला विभाग की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।

एनपीआरसी स्तरीय खेलकूद में बच्चों ने दिखाया दमखम

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। उच्च प्राथमिक विद्यालय चितमाना शेरपुर में गुरुवार को एनपीआरसी स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाएं हुईं, जिनमें बालक-बालिका वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम प्रधानाध्यापक नीरज कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें ममता अग्रवाल, संजीव कुमार, अंकित कुमार सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा।